आज पता चलेगा किसके सर होगा जनपद का ताज

जनपद पंचायत सभागृह पर होगे दो चरण में चुनाव

बडऩगर, अग्निपथ। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए 25 जुन को प्रथम चरण में मतदान हुआ था जिसके बाद उसी दिन मतदान केन्द्रों पर परिणाम तो सामने आ गये थे। किन्तु अन्य स्थानों पर अन्य चरण में मतदान होने के चलते सारणीकरण नहीं हो पाया था व 14 जुलाई तक लम्बे अंतराल का इंतजार करना पड़ा था। सारणीकरण में जनपद सदस्यों की तस्वीर साफ होने के बाद जनपद अध्यक्ष – उपाध्यक्ष के चुनाव की तारीखों का इंतजार किया जा रहा था। दोनो पदो के लिए चुनाव की तारीख सामने आते ही अध्यक्ष उपाध्यक्ष पद पाने की जुगाड़ में सदस्य गण सक्रिय हो गये थे। आखिर आज वो दिन आ ही गया जब जनपद अध्यक्ष – उपाध्यक्ष के चुनाव होना है। ऐसे में आज चुनाव के बाद तस्वीरें साफ होगी और पता चल जायेगा की किसके सर पर जनपद अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का ताज होगा।

अजा के लिए आरक्षित है अध्यक्ष का पद

ज्ञातव्य है कि जनपद अध्यक्ष का पद अजा वर्ग के लिए आरक्षित है। जिसमें अनुसूचित जाति की महिला या पुरूष कोई भी अध्यक्ष बन सकता है। ऐसे में 7 दावेदारों के नाम सामने आऐ थे। जिनमें 5 भाजपा के बताऐ जा रहे थे। जिसके बाद भाजपा दो गुटो में बंटी दिखाई दी। जहां एक गुट अपने सदस्यों को लेकर यात्रा पर रवाना हो गये था। वहीं दुसरे गुट के भी यात्रा पर जाने की खबरे सामने आई थी। ऐसे में दोनो गुटो के बीच अध्यक्ष – उपाध्यक्ष को लेकर घमासान सामने आया था। और अपने – अपने खासमखास को बनाऐ जाने को लेकर रणनीति बनाई गयी थी। वहीं बकोल विधायक मुरली मोरवाल ने भी कांग्रेस का अध्यक्ष – उपाध्यक्ष बनाने के लिऐ ऐलान किया था । हालांकि 25 जनपद सदस्यों में से कांग्रेस अधिकृत 5 जनपद सदस्यों ने जीत हासिल की थी। ऐसे में भाजपा के दोनो गुटो में कोई समझौता हो जाता है या नही होता है तो कांग्रेस की और से अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के रूप में किसके नाम सामने आते है। इस पर भी नजर रहेगी।

भाजपा – कांग्रेस ने की रायशुमारी

अध्यक्ष – उपाध्यक्ष के दावेदारों के बीच चल रहे घमासान के बीच भाजपा – कांग्रेस के विभिन्न बिन्दुओं पर रायशुमारी किये जाने की खबरे है। बताया जा रहा है कि भाजपा की रायशुमारी उज्जैन स्थित भाजपा कार्यालय पर की गई है। जहां एक गुट तो दिन में ही शामिल हो गया था वहीं दुसरे गुट का इंतजार किया जा रहा था। जो शाम होने व समाचार लिखे जाने तक नही पहुंच पाया था।

निर्वाचन में होगा आमना – सामना तो गुप्त मतदान

जानकारी देते हुए निर्वाचन अधिकारी निधि सिंह ने बताया कि पहले चरण में जनपद अध्यक्ष का चुनाव होगा पश्चात जनपद उपाध्यक्ष का। चुनावी मैदान में उम्मीदवार आमने – सामने होंगे तो दोनो पदो के लिए गुप्त मतदान होगा। चुनावी प्रक्रिया प्रात: 10:30 बजे प्रारम्भ होगी जिसमें निर्वाचन का समयबद्ध कार्यक्रम एवं मतदाता सूची का प्रकाशन, जनपद पंचायत के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष निर्वाचन हेतु स्थान के आरक्षण एवं निर्वाचन प्रक्रिया संबंधी जानकारी सदस्यों को दी जावेगी। पश्चात प्रात: 10:45 से 11:45 बजे तक अध्यक्ष पद के लिए नाम निर्देश पत्र भरना। प्रात: 11:45 से 12 बजे तक नाम – निर्देश पत्र की जांच करना। पश्चात दोपहर 12:30 बजे तक नाम वापसी। दोपहर 1 बजे तक अध्यक्ष पद के लिए मतपत्र तैयार करना एवं अध्यक्ष के मतदान की तैयारी। दोपहर 1 से 1:45 बजे तक गुप्त मतदान। और मतदान बाद तुरंत गणना व परिणाम की घोषणा।

उपाध्यक्ष का चुनाव 2 बजे बाद से

इसी प्रकार दोपहर 2:15 से 3:15 बजे तक उपाध्यक्ष पद के लिए नाम निर्देश पत्र प्रस्तुत करना। दोपहर 3:15 से 3:30 बजे तक नाम निर्देश पत्रो की जांच। दोपहर 4 बजे तक नाम वापसी की प्रक्रिया के बाद दोपहर 4:30 बजे तक उपाध्यक्ष पद के लिए मतपत्र तैयार करना एवं मतदान की तैयारी। दोपहर 04:30 से 05:15 बजे तक उपाध्यक्ष के लिए गुप्त मतदान। और मतदान की समाप्ति के तुरन्त पश्चात उपाध्यक्ष पद की मतगणना एवं परिणाम की घोषणा।

जनपद पंचायतों के अध्यक्ष उपाध्यक्ष चुनाव हेतु भाजपा ने सभी जनपदों में प्रभारी नियुक्त किए है। जिसमें जिला अध्यक्ष बहादुर सिंह बोरमुडला ने उज्जैन ग्रामीण जिला हेतु नियुक्त प्रभारी बहादुर सिंह मुकाती की सहमति से बडऩगर जनपद में आज होने वाले चुनाव के लिए ओम जैन को प्रभारी एवं गोपाल यादव को सहप्रभारी नियुक्त किया है।

Next Post

सामान्य वर्ग के नेताओं के अवसर को समाप्त करने की कोशिशों का विरोध

Tue Jul 26 , 2022
जिला पंचायत अध्यक्ष के चयन को लेकर दोनों दलों में आरक्षित वर्ग के नामों की चर्चा धार, अग्निपथ। जिला पंचायत के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष निर्वाचन में महज कुछ घंटे शेष है। ऐसी स्थिति में राजनैतिक दल जहां समतुल्य सदस्य संख्या के साथ बहुमत का आंकड़ा 15 को पाने के लिए हर तरह […]