सुबह कलेक्टर ने दिलाई शपथ शाम को नगर निगम पहुंचे महापौर

1
महापौर

उज्जैन, अग्निपथ। नगर निगम के नए बोर्ड के महापौर और 37 पार्षदों ने शुक्रवार दोपहर शपथ ग्रहण कर ली है। कालिदास अकादमी परिसर में हुए शपथ विधि समारोह के बाद महापौर मुकेश टटवाल शुक्रवार की शाम को नगर निगम पहुंचे और विधिवत कार्यभार ग्रहण किया।

नगर निगम के 15वें महापौर के रूप में मुकेश टटवाल को कलेक्टर आशीष सिंह ने कालिदास अकादमी परिसर के सभागृह में पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। महापौर के बाद अधिकांश भाजपाई पार्षदों ने भी शपथ ग्रहण की। नवनिर्वाचित महापौर मुकेश टटवाल और पार्षदों का उच्चशिक्षा मंत्री डा. मोहन यादव, विधायक पारस जैन सहित अन्य भाजपा नेताओं द्वारा स्वागत किया गया। शपथ ग्रहण से पहले महापौर मुकेश टटवाल ने रामघाट पर पहुंचकर शिप्रा नदी में स्नान किया। महाकालेश्वर मंदिर, चिंतामण गणेश सहित शहर के अन्य प्रमुख मंदिरों में दर्शन किए।

शेष 17 की शपथ आज सदन में

भाजपा पार्षदों की शपथ विधि के बाद अब 6 अगस्त शनिवार को निगम के परिषद हॉल में अध्यक्ष और अपील समिति सदस्यों के चयन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके लिए सुबह 10 बजे का समय निर्धारित किया गया है। कालिदास अकादमी के कार्यक्रम से कांग्रेस के 17 पार्षदों ने दूरी बना रखी थी लिहाजा शनिवार को सदन में कलेक्टर आशीष सिंह शेष रहे पार्षदों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।

कांग्रेस ने बताया फिजूलखर्ची

कांग्रेस के वरिष्ठ पार्षद रवि राय के मुताबिक नगर निगम की आर्थिक स्थिति पहले से खराब चल रही है, ऐसे में निगम पर राजनैतिक कार्यक्रम के लिए अलग से 5 लाख रूपए का बोझ डाला गया। कलेक्टर द्वारा 6 अगस्त के लिए पहले से शपथ का कार्यक्रम घोषित किया हुआ था, इसमें बदलाव की कोई जरूरत ही नहीं थी।

आज भोपाल से आएगा अध्यक्ष का नाम

नगर निगम अध्यक्ष पद के लिए भाजपा में रायशुमारी पूरी होने के बाद अब केवल घोषणा ही शेष रह गई है। शुक्रवार शाम तक भी अध्यक्ष पद के दावेदार का नाम घोषित नहीं हो सका था। संभावना है कि नामांकन से कुछ वक्त पहले ही अध्यक्ष पद के दावेदार का नाम घोषित होगा। प्रदेश पर्यवेक्षक और एमपी हाउसिंग बोर्ड चेयरमेन आशुतोष तिवारी भोपाल से स्वीकृत हुए नाम की पार्षदों के बीच घोषणा करेंगे।

कांग्रेस से कुवाल लड़ेंगे चुनाव

नगर निगम अध्यक्ष का पद भाजपा के खाते में जाना लगभग तय है। भाजपाई खेमे में 37 पार्षद है लेकिन कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव में वॉक ओवर नहीं करना चाहती। शुक्रवार की शाम शहर कांग्रेस कार्यालय में अध्यक्ष रवि भदौरिया की अगुवाई में पार्षद दल की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में कांग्रेस की ओर से राजेंद्र गब्बर कुवाल को अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ाना तय किया गया है। कांग्रेस पार्षद दल की ओर से कुवाल अध्यक्ष पद का नामांकन दाखिल करेंगे।

Next Post

महाकाल को सबसे पहले बंधेगी राखी

Fri Aug 5 , 2022
सवा लाख लड्डुओं का लगेगा महाभोग, भस्मारती करने वाले पुजारी का रहता है टर्न उज्जैन, अग्निपथ। 11 अगस्त को श्रावण पूर्णिंमा के अवसर पर श्री महाकालेश्वर मंदिर में बाबा महाकाल को सवा लाख लड्डुओं का महाभोग लगेगा। वहीं सुबह होने वाली भस्मारती के दौरान बाबा को सबसे पहले राखी बंधेगी। […]