महाकाल मंदिर में भाजयुमों की अराजकता

पुजारियों को धक्के दिए, नंदी हॉल का बेरिकेट तोड़ा, गार्ड के कपड़े फटे

उज्जैन,अग्निपथ। ज्योर्तिलिंग महाकालेश्वर मंदिर में बुधवार की सुबह भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने खासा अराजकता का माहौल बना दिया। युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या महाकालेश्वर के दर्शन करने पहुंचे थे, उनके साथ नंदी हॉल तक पहुंचने की जद्दोजहद में भाजयुमों कार्यकर्ताओं को साथ झूमाझटकी में एक गार्ड के कपड़े फट गए, नंदी हॉल का बेरिकेट तोड़ दिया गया और धक्के में एक पुजारी भी नीचे गिर पड़े।

भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या बुधवार सुबह आए थे। सूर्या के साथ उज्जैन के कई युवा नेता भी महाकाल मंदिर में दर्शन करने पहुंचे थे। स्थानीय भाजयुमों नेताओं को श्रावण मास में मंदिर की व्यवस्थाओं की जानकारी थी, बावजूद इसके भाजयुमों नेताओं ने निर्गम द्वार से प्रवेश करने का प्रयास किया।

मंदिर के एक सुरक्षा कर्मचारी ने इन्हें रोकने का प्रयास किया तो भाजयुमों नेताओं-कार्यकर्ताओं ने इनके साथ हाथापाई शुरू कर दी। इसी आपाधापी में एक गार्ड के कपड़े फट गए। मंदिर के सुरक्षा कर्मचारियों की किसी ने नहीं सुनी। ये लोग बेरिकेट कूदकर नंदीहाल में जा पहुंचे, धक्का-मुक्की में पुजारी प्रदीप गुरू भी नीचे गिर पड़े। दर्शन के लिए कतार में लगे कई दर्शनार्थी तो भाजयुमों कार्यकर्ताओं की वजह से भगवान के दर्शन से ही वंचित रह गए।

महाकालेश्वर मंदिर में भाजयुमों कार्यकर्ताओं द्वारा मचाई गई अराजकता का एक वीडियों भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ है। यह घटना बुधवर सुबह करीब 10:30 की बताई जा रही है। मंदिर के नंदी हॉल में हुई पूरी घटना मंदिर प्रबंध समिति द्वारा परिसर में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हुई है।

परिसर में छोड़े गुब्बारे

सांसद और भाजयुमों के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या तिरंगा अभियान के तहत आयोजित एक कार्यक्रम में भाग लेने उज्जैन आए थे। उनके साथ भाजयुमों प्रदेश अध्यक्ष वैभव पंवार, राष्ट्रीय महामंत्री रोहित चहल भी उज्जैन आए थे। महाकालेश्वर मंदिर परिसर में ही तेजस्वी सूर्या ने तिरंगे रंग के गुब्बारे भी छोड़े।

महाकाल थाने में दर्ज हुई एफआईआर

महाकालेश्वर मंदिर के नंदी हॉल में भाजयुमों कार्यकर्ताओं की अराजकता और बेरिकेट तोडऩे की हरकत के बाद मंदिर प्रबंध समिति की ओर से महाकाल थाने में शिकायती आवेदन दिया गया था। पुलिस ने इस मामले में बुधवार शाम को राघवेंद्र सिंह, विजेंद्र सिंह ठाकुर व अन्य के खिलाफ धारा 353, 323, 34 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।

सांसद की माताजी घायल

महाकाल मंदिर में भगदड़ के दौरान सांसद अनिल फिरोजिया की माताजी भी भीड़ में गिरकर घायल हो गई। उन्हें घायल अवस्था में अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने बताया कि उन्हें फ्रेक्चर है। काफी देर तक भाजपा कार्यकर्ताओं ने उत्पात मचाया। उनके साथ करीब 30 से 40 वाहन थे।

Next Post

खिंचतान: बार अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास लाए, उपाध्यक्ष को सौंपी कमान

Wed Aug 10 , 2022
त्रिवेदी बोले निर्वाचित हूं,कोई नहीं हटा सकता उज्जैन,अग्निपथ। मंडल अभिभाषक संघ में काफी समय से चल रही खिंचतान बुधवार को सार्वजनिक हो गई। सचिव प्रकाश चौबे ने अध्यक्ष रविंद्र त्रिवेदी को कार्यकारणी द्वारा हटाने का दावा किया। वहीं त्रिवेदी ने इसे अवैध बताते हुए अभिभाषकों की गरीमा के विरुद्ध कार्य […]