इंदौर से देवास आ रही तेज रफ्तार बस पलटी, तीन की मौत

18 घायल, क्षिप्रा ब्रिज के पास हुआ हादसा

देवास, अग्निपथ। इंदौर से देवास आ रही तेज रफ्तार बस ने तीन लोगों की जिंदगिया छिन ली। शिप्रा नदी के पुल के पास बस पलटने से 3 यात्रियों की मौत हो गई। जबकि 18 यात्री घायल हो गए। घायलों को देवास के अस्पताल ले जाया गया। गंभीर रूप से घायल 3 लोगों को इंदौर रेफर किया गया है।

पुलिस के अनुसार चौहान ट्रेवल्स की बस करीब 40 सवारियों को लेकर इंदौर से देवास जा रही थी। यह शिप्रा ब्रिज के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। जिसके बाद आसपास के लोगों ने रेस्क्यू शुरू किया। लोगों ने पलटी बस को खड़ा किया। बस के नीचे दो लोग दबे मिले। वहीं बस के अंदर फंसे लोगों को शीशे तोडकऱ बाहर निकाला गया। मृतकों में सेजल (23) पिता अरविंद चौधरी निवासी जेतपुरा, रश्मि (40) पति धर्मेंद्र परिहार निवासी गजरा गियर्स और अरूणा (40) पिता भागवत सिंह कुशवाह निवासी नूतन नगर, बीएनपी रोड देवास शामिल है।

यात्रियों का कहना है कि बस करीब 6 बजे इंदौर से रवाना हुई थी। करीब पौने 7 बजे बस शिप्रा ब्रिज से आगे करीब 500 मीटर दूर स्थित फ्लाईओवर पर पहुंची ही थी, कि अचानक से एक वाहन आ गया। उसे बचाने के चक्कर में ड्राइवर ने अचानक ब्रेक लगा दिए। जिससे तेज रफ्तार बस लहराकर पलटी खा गई।

बहुत तेज थी बस की रफ्तार

बस में सवार यात्री ब्रिजेंद्र सिंह सोलंकी ने बताया कि हम गाड़ी से इंदौर से देवास जा रहे थे। बस की गति काफी तेज थी। जैसे ही बस शिप्रा ब्रिज पर पहुंची, अचानक से वह लहराई और पलटी खा गई। इस दौरान कुछ लोग एकत्रित हो गए और बस को उठाने की कोशिश करने लगे। काफी मशक्कत के बाद बस को सीधा किया गया। बस पूरी भरी थी। करीब 40 लोग सवार थे। घायल भारत सिंह राठौर ने बताया कि मैं चौहान बस में इंदौर के मधुमिलन चौराहे से बैठा था। पूरी गाड़ी पैक थी। कुछ लोग खड़े हुए थे। ड्राइवर इंदौर से ही बस को काफी तेजी से दौड़ा रहा था। कई बार वह वाहनों को कट मारते हुए पूरी गाड़ी को लहरा रहा था। ब्रिज के पास अचानक बस पलटी खा गई।

एडिशनल एसपी देवास मनजीत सिंह चावला का कहना है कि शिप्रा ब्रिज पर हादसा हुआ है। बस एमपी 41 पी 1562 इंदौर से देवास की ओर जा रही थी। घायलों को देवास जिला अस्पताल भिजवाया गया है। हादसे से यातायात बाधित हो रहा था, जिसे तत्काल क्लियर करवाया गया। चश्मदीदों से बात कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

एमबीए छात्रा की गई जान

बस हादसे में मृत सेजल चौधरी (23) कॉलेज के लिए इंदौर गई थी। वह जेतपुरा की रहने वाली है। शाम को वापस आते वक्त शिप्रा में बस पलटने से उसकी मौत हो गई। सेजल की मम्मी घर पर इंतजार कर रहीं थीं। परिजन ने बताया कि काफी समय बीत गया था। मां ने कॉल किया तो किसी और ने फोन उठाया और बताया कि बस पलट गई है। हम भागकर जिला अस्पताल गए। वहां पता चला कि हमारी बेटी इस दुनिया में नहीं रही। सेजल के कजिन भाई ने बताया- 20 दिन पहले इंदौर के प्रेस्टीज इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड रिसर्च कॉलेज में सेजल का एडमिशन हुआ था।

सेजल वहां से एचआर में एमबीए कर रही थी। वह इंदौर से देवास रोजाना अप डाउन करती थी। शनिवार को भी वह सुबह कॉलेज गई थी। शाम को काफी टाइम हो गया था। वह घर नहीं आई। हमें चिंता हुई तो सेजल की मां ने उसे कॉल किया। फोन किसी और ने उठाया और कहा कि शिप्रा ब्रिज के पास बस का एक्सीडेंट हो गया है। जिला अस्पताल में आ जाइए। इतना सुनते ही सेजल के पापा, मां और भाई के साथ अस्पताल गए। जहां पता चला कि सेजल अब इस दुनिया में नहीं रही। बता दें, सेजल के पिता खेती करते हैं। वहीं मां गृहणी हैं। सेजल का एक भाई भी है।

शॉपिंग कर लौट रही थी, घऱ से पहले आ गई मौत

इसके अलावा बस हादसे में जान गंवा चुकी रश्मि (40) शनिवार को शॉपिंग के लिए इंदौर गई थी। वापस लौटते वक्त बस हादसे में उसकी मौत हो गई। जिला अस्पताल में उसके पति ने बताया कि वह घर का सामान लेने के लिए इंदौर गई थी। इसके अलावा तीसरी मृतका अरुणा कुशवाहा (40) इंदौर डीसीपी ऑफिस में पदस्थ हैं। शाम को वह भी इंदौर से देवास आ रही थी।

शनिवार शाम को हुए बस हादसे के बाद आज सुबह सेजल, रश्मि और अरुणा का जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम किया गया। इसके बाद शव शव परिजनों को सौंप दिए गए। रविवार सुबह तीनों का अंतिम संस्कार किया गया। बस में बैठे एक यात्री ने बताया कि शाम को चौहान ट्रेवल्स की बस दूसरी बस के साथ रेस लगा रही थी। तेज रफ्तार के कारण उनका बैलेंस बिगड़ गया। जिसमें 3 लोगों की जान चली गई।

देवास-शाजापुर सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी ने कहा कि सरकार के सभी लोगों को हादसे की जानकारी दे दी है। जिस परिवार में भी क्षति हुई है। उनकी सहायता राशि के रुप में सरकार पूरी मदद करेगी। घायलों का इलाज करवाया जाएगा। सीएमएचओ और डॉक्टरों से मैंने बात की है। घटना में 3 लोगों की मौत हुई, उन्हें मैं श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। बस हादसे के बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी दुख जताते हुए दिवंगतों की आत्मशांति व घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।

Next Post

खबर का असर: झारडा उप मंडी में व्यापारी-किसान को तिलक लगाकर नीलामी कार्य प्रारंभ

Sun Nov 20 , 2022
झारडा उप मंडी में अधीनस्थों के साथ पहुंचे मंडी सचिव झारडा, (स्वस्तिक चौधरी) अग्निपथ। लंबे अरसे से बंद पड़ी झारडा कृषि उपमंडी में आखिरकार खरीफ फसल की नीलामी शुरू हो गई है। इससे क्षेत्र के किसानों का फसल बेचने महिदपुर मंडी जाने में लगने वाला अतिरिक्त समय और धन भी […]