पूर्व मंत्री व कांग्रेस विधायक उमंग सिंघार पर पांचवीं पत्नी ने लगाया दुष्कर्म का आरोप, मामला दर्ज

गिरफ्तारी के लिए बंगले पहुंचे सीएसपी-टीआई, सरकारी आवास पर नहीं मिले विधायक

धार, अग्निपथ। जिले की गंधवानी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक और प्रदेश के पूर्व वन मंत्री उमंग सिंघार पर एक महिला से दुष्कर्म और अप्राकृतिक कृत्य करने व मानसिक प्रताडऩा देने के मामले में एफआईआर हुई है। फरियादी महिला ने खुद को सिंघार की पांचवी पत्नी बताते हुए जबलपुर में यह शिकायत दर्ज करवाई थी। जिसे धार भेजा गया और फिर धार जिले के नौगांव थाने में सिंगार के खिलाफ़ शिकायत दर्ज की गई है। मामले में सिंघार की गिरफ्तारी के लिए उनके सरकारी बंगले पहुंचे पुलिस बल को खाली हाथ लौटना पड़ा।

धार एसपी आदित्य प्रताप सिंह ने बताया कि गंधवानी विधायक पर महिला द्वारा शिकायत पर एफआईआर की है। महिला ने उमंग सिंघार पर एक कार्यक्रम में दोस्ती के बाद करीबी बढ़ाने का आरोप लगाते हुए बताया कि नवंबर 2021 में शादी का झांसा देकर सिंघार उसके साथ संबंध बनाए हुए थे। वह भोपाल और धार में उनके घर पर भी रही। बाद में इसकी शिकायत करने और शादी का दबाव बनाने पर सिंघार ने 16 अप्रैल 2022 को महिला से शादी कर ली। इसके बाद से ही महिला को लगातार प्रताडि़त किया जाने लगा। विधायक द्वारा उसके साथ अक्सर अप्राकृतिक संबंध बनाए गए।

इस दौरान जब भी महिला ने विरोध किया तो उसके साथ जमकर मारपीट भी हुई। महिला के मुताबिक सिंगार के परिवार वाले भी उसे प्रताडि़त कर रहे थे। महिला के मुताबिक वह अपने परिवार की प्रतिष्ठा के कारण अब तक चुप रही लेकिन इसके बाद उससे सहा नहीं जा रहा था इसलिए उसने पुलिस के पास आना बेहतर समझा।

सीएसपी-टीआई गए गिरफ्तारी के लिए

सिंघार की गिरफ्तारी के लिए गए पुलिस बल को लौटना पड़ा खाली हाथ।
सिंघार की गिरफ्तारी के लिए गए पुलिस बल को लौटना पड़ा खाली हाथ।

गौरतलब है कि विधायक उमंग सिंघार की पत्नी की रिपोर्ट पर जबलपुर में शून्य पर कार्रवाई हुई है। साथ ही इस मामले में नौगांव थाने पर असल प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। इस मामले में विधायक की गिरफ्तारी के लिए नौगांव पुलिस की टीम सोमवार को सीएसपी देवेंद्र सिंह धुर्वे व टीआई चंद्रभान सिंह चढ़ार के साथ विधायक बंगले पहुंची। लेकिन यहां पर कोई नहीं था। सीएसपी ने बताया प्रकरण में गिरफ्तारी के लिए पहुंचे थे। मामले में जांच जारी है।

विवादों में सिंघार

उमंग सिंघार पहले भी विवादों में रहे हैं। मई 2021 में एक महिला ने विधायक सिंघार के भोपाल स्थित फ्लैट पर फांसी लगा ली थी। इस मामले में भी सिंघार पर कई आरोप लगाए गए लेकिन बाद में यह मामला ठंडा हो गया। इसके अलावा उन पर अपनी पत्नी को पीटने का मामला भी दर्ज हो चुका है। इस मामले में 38 वर्षीय महिला सोनिया भारद्वाज ने सिंघार के घर पर फांसी लगा ली थी। मृतक महिला अंबाला के बलदेव नगर की रहने वाली थी और विधायक की बेहद करीबी दोस्त थी। उनके द्वारा एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ था। जिसमें उन्होंने मानसिक रूप से प्रताडि़त करने के आरोप लगाए थे घटना से पहले महिला करीब एक महीने से मंत्री के घर पर ही रह रही थी हालांकि जिस समय यह घटना हुई थी तब सिंघार घर पर नहीं थे। पुलिस ने इस मामले में बताया था कि महिला के सुसाइड नोट में पूर्व मंत्री सिंघार का नाम है। कुछ समय पहले ही सिंघार की पत्नी पर भी उनके ही घर पर खाना बनाने वाली एक महिला ने मारपीट का आरोप लगाया था। जिसके बाद पुलिस ने उन पर भी मामला दर्ज कर लिया था।

वीडियो जारी कर दी सफाई

गंधवानी विधायक उमंग सिंघार ने वीडियो जारी कर मामले में अपनी सफाई दी है। उन्होंने इस घटना को राजनीतिक षड्यंत्र करार दिया है। उन्होंने कहा कि जो भी ऐसा कर रहे हैं इतनी गंदी राजनीति न करें। महिला ने जो आरोप लगाए हैं वह हमारा पारिवारिक मामले हैं। इनकी क्या मंशा है ये तो यहीं बता सकती है। कोई व्यक्ति अपने परिवार के व्यक्ति पर इस प्रकार के आरोप लगाते है तो बड़ा दुख होता है। न्यायालय में बात जाएगी तो अपना पक्ष रखूंगा।

बीजेपी ने किया हमला

इस घटना पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कांग्रेस पर तीखा हमला किया है। उन्होंने कहा कि उमंग सिंघार पर आरोपों की श्रृंखला है। कांग्रेस का क्या यही चरित्र है, कमलनाथ जी जवाब दीजिए। मध्य प्रदेश के अंदर यही आपके नेता हैं। उमंग सिंघार जैसे लोगों के बारे में कमलनाथ और कांग्रेस के नेता क्या कर रहे है।

प्रतिमा के खिलाफ मैंने थाने में शिकायत की थी इसलिए मुझ पर झूठे आरोप लगा रही है झूठी रिपोर्ट दर्ज करवा रही है ।

– उमंग सिंघार विधायक , गंधवानी

संवैधानिक पद पर होते हुए बार बार पत्नियां बदलना आदिवासी संस्कृति के खिलाफ हे साथ ही महिलाओं के साथ अत्याचार और महिलाओं का शोषण है।

– रंजना बघेल, मनावर, पूर्व कैबिनेट मंत्री

यह घटना कांग्रेस का चाल चरित्र और चेहरा उजागर करती है। पूर्व में भी उमंग सिंघार इनके खिलाफ भोपाल में महिला के आत्महत्या के मामले ने प्रकरण दर्ज हुआ था।

– राजीव यादव भाजपा जिला अध्यक्ष, धार

सोशल मीडिया के मध्यम से मुझे जानकारी मिली है इस बारे में पूरी जानकारी प्राप्त कर में आप को बताऊंगा बाद में।

– बालमुकुंद सिंह गौतम, जिला अध्यक्ष कांग्रेस , धार

Next Post

नाबालिग से बलात्कार करने वाले को 20 साल सश्रम कारावास

Mon Nov 21 , 2022
धार, अग्निपथ। नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में कोर्ट ने एक युवक को दोषी करार देते हुए उसे 20 साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। पीडि़ता के युवक के पक्ष में बयान देने के बाद भी कोर्ट ने चिकित्सकीय साक्ष्यों व साक्षियों के बयान के आधार पर यह […]