भारतीय क्रिकेटर सूर्या-कुलदीप और सुंदर महाकाल शरण में

इंदौर वनडे से एक दिन पूर्व पहुंचे, महाकाल से प्रार्थना- ऋषभ पंत रिकवर हो जाएं

उज्जैन, अग्निपथ। सोमवार को इंडियन क्रिकेटर्स ने भगवान महाकाल के दर्शन किए। सूर्य कुमार यादव, कुलदीप यादव और वॉशिंगटन सुंदर भस्म आरती में शामिल हुए। महाकाल का पंचामृत पूजन किया। तीनों ने अपने साथी क्रिकेटर ऋषभ पंत के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की। उनके साथ सांसद अनिल फिरोजिया भी शामिल रहे।

भारत और न्यूजीलैंड के बीच 24 जनवरी को इंदौर के होलकर स्टेडियम में वनडे मैच खेला जाना है। मैच के लिए दोनों टीमें इंदौर पहुंच चुकी हैं। तीनों प्लेयर्स इंदौर से ही तडक़े उज्जैन आए। उन्होंने गर्भगृह से भगवान महाकाल का पंचामृत अभिषेक किया। उन्होंने कहा कि हम मेहनत करते रहेंगे बाकी महाकाल के हाथ में है। कुलदीप यादव और वाशिंगटन सुंदर भी आम भक्तों के बीच बैठे।

नंदी हॉल में बैठे, सांसद भी रहे शामिल

क्रिकेटर्स ने गर्भगृह में जाकर धोती-सोला पहनकर महाकाल का पंचामृत अभिषेक किया। उज्जैन सांसद अनिल फिरोजिया भी साथ थे। महाकाल मंदिर में तीनों क्रिकेटर्स आम भक्तों की तरह भस्म आरती में शामिल हुए। नंदी हॉल में भक्तों के बीच बैठे। आसपास बैठे कई भक्त उन्हें पहचान नहीं पाए। इसके बाद तीनों ने साधारण भक्तों की तरह गर्भगृह में दर्शन किए।

मन शांत हो गया

महाकाल के दर्शन के बाद सूर्य कुमार ने मीडिया से बात की। उन्होंने कहा, महाकाल दर्शन कर बहुत अच्छा लगा। शुरू से अंत तक आरती देखी। मन शांत हो गया। सबसे जरूरी ऋषभ पंत के स्वस्थ होने की कामना की। वे रिकवर हो जाएं, बस यही जरूरी है हम सबके लिए। ज्ञात रहे कि इंडियन टीम के स्टार क्रिकेटर ऋषभ पंत 30 दिसंबर को कार एक्सीडेंट में घायल हुए थे। रुडक़ी के पास उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हुई। पंत को इस हादसे में गंभीर चोटें आईं। वे दिल्ली से कार से रुडक़ी जा रहे थे और खुद ड्राइव कर रहे थे। पंत का मुंबई के एक प्राइवेट हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है।

Next Post

कार का कांच तोड़ चुराए 7 मोबाइल और पर्स

Mon Jan 23 , 2023
इंदौर के श्रद्धालु परिवार के साथ वारदात उज्जैन, अग्निपथ। महाकाल मंदिर के आसपास बदमाशों-असमाजिक तत्वों की गतिविधियां लगातार सामने आ रही है। सोमवार को श्रद्धालुओं की कार का कांच तोडक़र 7 मोबाइल और लेडिस पर्स चोरी कर लिया गया। महाकाल थाना पुलिस ने बताया कि कार क्रमांक एमपी 42 सी […]