देवास शहर विकास कार्यों में देश के छोटे शहरों में सबसे अग्रणी : मुख्यमंत्री चौहान

सीएम ने नवनिर्मित ब्रिज का वर्चुअली किया लोकार्पण

देवास, अग्निपथ। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने देवास में इन्दौर-देवास रोड पर लगभग 102 करोड़ लागत से बने 2 किलोमीटर लम्बे नवनिर्मित ब्रिज एवं लगभग 62 करोड़ की लागत से केन्द्रीय सडक़ निधि योजना में मक्सी बायपास चौराहे से भोपाल चौराहा तक 6 लेन मार्ग निर्माण एवं भोपाल चौराहा से एपेक्स हॉस्पिटल तक मार्ग का उन्नयन एवं सौंदर्यीकरण कार्य का वर्चुअली लोकार्पण किया।

मुख्यमंत्री ने इसके साथ लगभग 4 करोड़ रूपये की लागत से चाणक्यपुरी रेल्वे क्रासिंग से विकास नगर बावड़ीया एबी रोड तक सिंगल लेन मार्ग निमार्ण, 02 करोड 47 लाख रूपये की लागत से ग्राम भानोली से ग्राम नकलन रोड तक सिंगल लेन मार्ग निर्माण कार्य का वर्चुअली लोकार्पण तथा नगर निगम देवास द्वारा लगभग 177 करोड़ के 37 कार्यो का लोकार्पण एवं भूमि पूजन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देवास एक अद्भूत शहर है। देवास शहर विकास के कार्यों में देश के छोटे शहरों में सबसे अग्रणी शहर है। देवास ने 1857 की क्रांति में भी अपना योगदान दिया है। देवास में नर्मदा, क्षिप्रा, कालीसिंध का पानी मिल रहा है। एक समय था, जब देवास में पीने के पानी रेल से लाना पड़ता था। आज नर्मदा मैया का पानी मिल रहा है। देवास में पानी, बिजली, सडक़ हर क्षेत्र में विकास कार्य हो रहे है। मुख्यमंत्री ने कहा कि देवास में फ्लाईओवर बनाया गया है। यह फ्लाईओवर समय-सीमा से 2 माह पहले पूरा हो गया है। फ्लाईओवर से देवास अलग पहचान बनाएगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि देवास में अभी और कार्य बाकी है। देवास के जनप्रतिनिधि भविष्य के देवास का खाका बनाये।

प्रदेश के पीडब्ल्यूडी मंत्री गोपाल भार्गव ने कहा कि देवास शहर के लिए आज खुशी का दिन है। आज देवास की जनता को दो किलोमीटर लम्बे ब्रिज की सौगात मिल रही है। मुख्यमंत्री चौहान के नेतृत्व में प्रदेश निरंतर प्रगति कर रहा है। मौजूदा सरकार के कार्यकाल में प्रदेश बीमारू राज्य की श्रेणी से निकल कर स्वर्णिम मध्यप्रदेश के रूप में उभरा है।

देवास विधायक गायत्री राजे पवार ने मुख्यमंत्री चौहान का हार्दिक स्वागत कर आभार प्रकट करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार की योजनाएँ आमजन को राहत एवं खुशियाँ दे रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री को देवास के विकास के लिये दी गई सौंगातों के लिये धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा देवास का सर्वांगीण विकास हो रहा है। देवास में जिला अस्पताल का कायाकल्प किया गया, साइंस कॉलेज, लॉ कालेज बनाये गये। मिनी सुपर कॉरीडोर बनाया जा रहा है। नया बस स्टेण्ड बनाया जा रहा है। कलेक्टर कार्यालय का निर्माण कार्य चल रहा है। लोकार्पण कार्यक्रम में पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों और निर्माण ऐजेंसी के अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

लोकार्पण कार्यक्रम में संस्कृति मंत्री ऊषा ठाकुर, सांसद महेन्द्र सिंह सोलंकी, नगर निगम महापौर गीता अग्रवाल, देवास विकास प्राधिकरण अध्यक्ष राजेश यादव, नगर निगम सभापति रवि जैन, बीजेपी जिलाध्यक्ष राजीव खंडेलवाल, दुर्गेश अग्रवाल, सुभाष शर्मा, बहादुर सिंह मुकाती, भरत चौधरी, मनीष सेन, मनीष सोलंकी सहित अन्य जनप्रतिनिध एवं कलेक्टर ऋषव गुप्ता, पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय, सीईओ जिला पंचायत प्रकाश सिंह चौहान, सहायक कलेक्टर टी प्रतीक राव, नगर निगम आयुक्त विशाल सिंह चौहान सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

यह खास है फ्लाईओवर ब्रिज में

देवास में शहरी विकास और परिवहन को रफ्तार देने के लिए प्रदेश के सबसे लंबे फ्लाईओवर का निर्माण किया गया है। एबी रोड पर सनसिटी से अपेक्स हॉस्पिटल तक बने फ्लाईओवर को 12 मीटर चौड़ा बनाया गया है एवं फ्लाईओवर के दोनों ओर 7-7 मीटर चौडी सर्विस रोड का भी निर्माण किया गया है। फ्लाईओवर के नीचे 4.50 मीटर में पार्किंग बनाई गई है। स्मार्ट सिक्योरिटी सिस्टम के तहत सीसीटीवी कैमरा, स्पीड मॉनिटर कैमरा लगाए गए हैं, जो वाहन नंबर रिकॉर्ड कर कंट्रोल रूम तक भेजेंगे। फ्लाईओवर के निर्माण से विकासनगर और कैलादेवी चौराहों पर वाहनों का दबाव कम हुआ है। इस मार्ग से भोपाल चौराहा पहुंचने में 5 किलोमीटर की दूरी कम हुई है।

Next Post

पुरानी सेंट्रल पैथालॉजी शिफ्ट : चरक अस्पताल में बनेगी इंटीग्रेटेड पैथालॉजी लैब

Sat Apr 29 , 2023
एक ही जगह लिये जायेंगे सेंपल, यहीं से मिलेगी रिपोर्ट भी उज्जैन, अग्निपथ। शनिवार को चरक अस्पताल में स्थित सेंट्रल पैथालॉजी लैब को शिफ्ट कर यहां पर इंट्रीग्रेटेड पैथालॉजी लैब बनाने का काम शुरु कर दिया गया है। इस नई लैब के बन जाने से एक ही जगह पर सेंपल […]