12 किमी की रफ्तार से चली आंधी, 28 तक एक और सिस्टम हो रहा सक्रिय

उज्जैन, अग्निपथ। प्री मानसून एक्टिविटी होने के चलते रविवार को एक बार फिर शाम के समय आंधी के साथ बारिश होने का योग था। लेकिन बारिश तो हुई नहीं तेज आंधी के कारण फ्रीगंज में दो जंगहों पर पेड़ गिर गये। जिसके चलते दो वाहन क्षतिग्रस्त भी हो गये। अब मौसम वैज्ञानिक 22 से 28 मई तक एक नया सिस्टम सक्रिय होने की बात कह रहे हैं। जिसके चलते हल्की बारिश और बादल छाए रह सकते हैं। नौतपा में भी बारिश होने की संभावना व्यक्त की गई है। जिससे मानसून लेट हो सकता है।

25 मई से नौतपा लग रहा है। लेकिन मौसम का मिजाज है कि नित नई करवट बदल रहा है। विगत दो दिन से बारिश के कारण तेज आंधी चल रही है। रविवार की शाम को एक बार फिर उज्जैन शहर का मौसम बदला और आसमान पर छाये बादल बदसने को आतुर हो गये। हालांकि बरसे तो नहीं लेकिन 12 किमी प्रतिघंटे से चली तेज हवाओं के कारण मौसम में छाई गर्मी समाप्त हो गई।

फ्रीगंज में मामा पान वाले की दुकान के पास लगा पेड़ उखडक़र वाहनों पर गिर गया जिसके चलते दो वाहन क्षतिग्रस्त हो गये। वहीं देवास रोड पर भी एक पेड़ उखडक़र रोड पर गिर गया जिसके चलते कई घंटे तक यातायात अवरुद्ध रहा। मौसम विज्ञान केन्द्र भोपाल के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक के अनुसार 22-23 मई से एक और सिस्टम एक्टिव हो रहा है, जो 27-28 मई तक एक्टिव रह सकता है। इस कारण हल्की बारिश और बादल छाए रहेंगे। अनुमान है कि नौतपा में भी बारिश होगी।

मानसून में देरी करा सकता है सिस्टम

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर मानसून की आमद पर भी हो सकता है। पहले जारी किए गए पूर्वानुमान के मुताबिक मानसून के केरल में 4 दिन की देरी से पहुंचने की संभावना है। इस सिस्टम के कारण इसकी आमद में और देरी हो सकती है।

दिन का पारा 2.7 डिग्री गिरा

रविवार की शाम को बादल छाये रहने और तेज आंधी चलने के कारण दिन का अधिकतम तापमान विगत दिवस की अपेक्षा 40.2 डिग्री से गिरकर 37.5 पर पहुंच गया। तापमान में 2.7 डिग्री की बड़ी गिरावट दर्ज हुई है। वहीं शनिवार रविवार दरमियानी रात का तापमान भी 27.5 से गिरकर 26.5 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। आगे भी तापमान में उतार चढ़ाव का खेल चलता रहेगा। नौतपा में भी हल्की बारिश और आंधी चलने से तापमान पर असर पडऩे की संभावना दिखाई दे रही है।

फ्रीगंज में पेड़ गिरा, दो घायल, कार चकनाचूर

रविवार शाम को फ्रीगंज के एक भीड़ भरे बाजार में एक पेड़ गिर गया। यह घटना फ्रीगंज में टॉवर के पास फूल वाली गली में हुई है। शाम को यहां पर काफी भीड़ भरा माहौल था। कई लोग उपहार में देने के लिए गुलदस्ता खरीद रहे थे। शादियों के लिए खरीदारी चल रही थी। इसी बीच अचानक पेड़ गिर गया। इस कारण दो व्यक्ति घायल हो गये। उन्हें तुरंत ही नजदीक के निजी अस्पताल ले जाया गया है। जहां उनकी हालत खतरे से बाहर है। पेड़ गिरने के कारण वहां दुल्हा-दुल्हन के लिए सजाई जा रही कार भी चकनाचूर हो गई।

Next Post

पीएससी की परीक्षा में 5 हजार से अधिक विद्यार्थी शामिल

Sun May 21 , 2023
13 केंद्रों पर सख्ती से चैकिंग, परीक्षार्थियों से रक्षा सूत्र भी निकलाये उज्जैन, अग्निपथ। मप्र लोक सेवा आयोग द्वारा रविवार को राज्य सेवा परीक्षा (पीएससी) की प्रारंभिक परीक्षा आयोजित की है। इसमें शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को घड़ी, बेल्ट, टोपी, जूते-मोजे, धूप के चश्मे, पर्स भी परीक्षा केंद्र के बाहर […]