5 राज्यों में चार चरणों में विधानसभा चुनाव, नतीजे 3 दिसंबर को

मध्यप्रदेश में 17 को मतदान

नई दिल्ली। देश के 5 राज्यों में विधानसभा चुनाव के लिए निर्वाचन आयोग ने सोमवार को चुनावी कार्यक्रम का ऐलान कर दिया है। मध्यप्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और मिजोरम में विधानसभा चुनाव की प्रक्रिया चार चरणों 27 दिन चलेगी। सबसे पहले मिजोरम में 7 नवंबर को मतदान होगा। सबसे आखिरी में मध्यप्रदेश में 17 नवंबर को मतदान होगा। छत्तीसगढ़ में दो चरणों में चुनाव होंगे।

छत्तीसगढ़ में 2 चरणों में 7 नवंबर और 17 नवंबर को वोटिंग होगी। 23 नवंबर को राजस्थान और 30 नवंबर को तेलंगाना में वोट डाले जाएंगे। सभी 5 राज्यों में एक साथ 3 दिसंबर को रिजल्ट आएंगे। मध्यप्रदेश में अभी बीजेपी सत्ता में है, तो राजस्थान और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार है। तेलंगाना में केसीआर की पार्टी बीआरएस की तो वहीं, मिजोरम में मिजो नेशनल फ्रंट सत्ता में है।

इस बार 60.2 लाख फस्र्ट टाइम वोटर्स

मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि इन राज्यों में कुल 16.14 करोड़ वोटर्स हैं। इनमें 8.2 करोड़ पुरुष, 7.8 करोड़ महिला वोटर्स हैं। इस बार 60.2 लाख नए वोटर्स पहली बार वोट डालेंगे। इनकी उम्र 18 से 19 साल के बीच है। 15.39 लाख वोटर ऐसे हैं, जो 18 साल पूरे करने जा रहे हैं और जिनकी एडवांस एप्लिकेशन प्राप्त हो चुकी हैं।

8192 पोलिंग बूथों पर महिलाएं कमान संभालेंगी

5 राज्यों की 679 विधानसभा सीटों के लिए 1.77 लाख पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। 17734 मॉडल बूथ, 621 पोलिंग बूथों को दिव्यांग कर्मचारी मैनेज करेंगे। 8192 पोलिंग बूथों पर महिलाएं कमान संभालेंगी। 1.01 लाख पोलिंग बूथ पर वेबकास्टिंग होगी। आदिवासियों के स्पेशल बूथ होंगे। 2 किलोमीटर के अंदर पोलिंग बूथ होंगे। सी विजिल ऐप से चुनावी गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। लोग ऐप के जरिए शिकायत कर सकेंगे।

राजस्थान में 23 नवंबर को मतदान, 10 दिन बाद रिजल्ट

राजस्थान की सभी 200 विधानसभा सीटों पर एक ही फेज में वोटिंग होगी। 23 नवंबर को मतदान होगा और 10 दिन बाद 3 दिसंबर को चुनाव परिणाम आ जाएंगे, यानी अगले 55 दिन में नई सरकार पर तस्वीर साफ हो जाएगी। चुनावों की घोषणा के साथ ही प्रदेश में आचार संहिता लागू हो गई है।

छत्तीसगढ़ में 7 नवंबर को 20 सीटों और 17 नवंबर को 70 सीटों पर वोटिंग

छत्तीसगढ़ में 2 चरणों में चुनाव होंगे। पहले चरण में 7 नवंबर और दूसरे चरण में 17 नवंबर को मतदान होगा। चुनाव परिणामों की घोषणा 3 दिसंबर को होगी। ऐसे में आज से 55 दिन बाद प्रदेश को नई सरकार मिल जाएगी। पहले चरण में 20 सीटों पर वोटिंग होगी जिसमें बस्तर की 12 और राजनांदगांव की 8 विधानसभा सीटें शामिल हैं। वहीं दूसरे चऱण में बाकी 70 सीटों पर मतदान होगा।

पांचों राज्यों में पिछली बार 11 दिसंबर को आया था रिजल्ट

2018 में राजस्थान में 7 दिसंबर, मध्यप्रदेश में 28 नवंबर, तेलंगाना में 7 दिसंबर, मिजोरम में 18 नवंबर को एक फेज में वोटिंग हुई थी। वहीं छत्तीसगढ़ में दो फेज में 12 और 20 नवंबर को वोटिंग हुई थी। रिजल्ट 11 दिसंबर को एनाउंस किया गया था।

यह भी पढ़ेंः बच गया चुनावी बिगुल, कई पाबंदियां लागू

Next Post

घर के बाहर खड़ी आटो पर पेट्रोल डालकर लगाई आग

Wed Oct 11 , 2023
उज्जैन, अग्निपथ। घर के बाहर खड़ी आटो में मंगलवार-बुधवार रात अज्ञात बदमाशों ने पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आटो में आग लगती देख कुछ लोगों ने शोर मचाया। चालक और आसपास के लोग बाहर आये, आग पर काबू पाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। चिमनगंज […]