पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट, 11 की मौत

रेस्क्यू के दौरान एक और धमाका, मलबे में दबे लोगों को निकाल रही एनडीआरएफ

हरदा। मध्य प्रदेश के हरदा में पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट हो गया। मीडिया रिपोर्ट्स में हादसे में 11 लोगों की मौत बताई जा रही है। सीएमएचओ (मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी) डॉ. एचपी सिंह ने 9 लोगों के मौत की पुष्टि की है। कई घायलों की स्थिति गंभीर है।

मौके पर मौजूद एनडीआरएफ(नेशनल डिजास्टर रिस्पांस फोर्स ) मलबे में दबे लोगों को निकाल रही हैं। टीम जब जेसीबी से मलबा हटा रही थी इस दौरान एक और धमाका हो गया। जिला अस्पताल प्रबंधन के अनुसार 200 से ज्यादा घायल अस्पताल लाए गए हैं। इनमें 132 पुरुष और 98 महिलाएं के साथ बच्चे भी शामिल हैं। घायलों को भोपाल, इंदौर, नर्मदापुरम भी रेफर किया गया है। पटाखों की यह फैक्ट्री हरदा शहर में ही मगरधा रोड पर बैरागढ़ गांव में है। धमाका मंगलवार सुबह करीब 11 बजे हुआ। धमाके की चपेट में आने से कई राहगीर वाहन समेत दूर उछल गए। धमाका इतना तेज था कि पूरे शहर में इसकी आवाज सुनाई दी। आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर से देखा जा रहा था। करीब एक घंटे तक धमाके होते रहे।

जानकारी मिली है कि फैक्ट्री के आसपास बने घरों में बारूद रखा था। धमाके के बाद 60 घरों में आग लग गई। एहतियातन 100 से ज्यादा घरों को खाली कराया गया है। हरदा के आसपास के 7 जिलों की फायर ब्रिगेड बुलाई गई हैं। आग अभी भी सुलग रही है। आग लगने का कारण फिलहाल अज्ञात है। हरदा एसडीएम केसी परते ने कहा कि फैक्ट्री अनफिट थी।

हरदा जाएंगे सीएम डॉ. मोहन यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुधवार को विधानसभा की कार्यवाही के बाद हरदा जाएंगे। उन्होंने कहा कि घटना के जिम्मेदारों पर सख्त र्कारवाई होगी। किसी भी लापरवाह अफसरों को नहीं छोड़ा जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव मंगलवार शाम को भोपाल के हमीदिया अस्पताल पहुंचे। यहां उन्होंने इमरजेंसी विभाग में और आईसीयू में हरदा हादसे में घायल हुए लोगों से मुलाकात कर उनका हाल-चाल पूछा। सीएम ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने डॉक्टरों को घायलों के अच्छे से इलाज के निर्देश दिए।

मृतकों के परिजनों को 4 लाख रुपए की सहायता राशि देने के निर्देश

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंगलवार को मंत्रालय में अफसरों के साथ बैठक ली। उन्होंने हरदा में पटाखा फैक्ट्री हादसे में घायल लोगों के इलाज के लिए हर संभव व्यवस्था करने के निर्देश दिए। सीएम ने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपए की तत्काल सहायता देने के भी निर्देश दिए।

गृह विभाग ने बनाई तीन सदस्यीय जांच कमेटी

मध्यप्रदेश के गृह विभाग ने हरदा में पटाखा फैक्ट्री हादसे की जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी बनाई हैं। गृह विभाग के प्रमुख सचिव संजय दुबे इसके अध्यक्ष होंगे। यह कमेटी इन बिंदुओं पर जांच करेगी- 1. किन परिस्थितियों में यह घटना हुई। 2. घटना के लिए प्रत्यक्ष एवं परोक्ष रूप से दोषी अधिकारी / कर्मचारी की जिम्मेदारी तय करना। 3. इस प्रकार की घटना की पुनरावृति न होने के संबंध में समिति अपनी अनुशंसा प्रस्तुत करेगी।

हरदा जिला प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए

जिला प्रशासन हरदा ने बैरागढ़ स्थित पटाखा फैक्ट्री में हुए हादसे को लेकर किसी भी प्रकार की सहायता के लिए एसडीएम हरदा केसी परते का मो. नंबर 9425042250, तहसीलदार हरदा लवीना घाघरे का मो. नंबर 7509756213 जारी किया है। इन नंबरों पर सहायता के लिए संपर्क कर सकते हैं। राजस्व निरीक्षक पंकज खत्री से 8770162348, पटवारी झनकलाल पंवार से 9746489702 और पटवारी उदयसिंह उइके से 9977360806 पर भी संपर्क किया जा सकता है।

Next Post

भाजपा के पूर्व मंत्री पारस जैन पर लोकायुक्त में प्रकरण दर्ज

Tue Feb 6 , 2024
7 अन्य को भी बनाया आरोपी, मामला सिलिंग पर बनी बाउंड्रीवॉल का उज्जैन, अग्निपथ। भाजपा से उत्तर विधानसभा के विधायक रहे पूर्व मंत्री पारस जैन पर विधायक निधि की राशि का निजी हित में उपयोग कर शासन को 153.72 लाख रुपए की क्षति पहुंचाने के मामले में मंगलवार को लोकायुक्त […]