होटल की चौथी मंजिल से किशोरी ने छलांग लगाकर दी जान

1

नाबालिग प्रेमी और होटल संचालक पर केस दर्ज

उज्जैन, अग्निपथ। चार दिनों से होटल में रह रहे नाबालिग प्रेमी युगल के बीच रविवार-सोमवार रात विवाद हो गया। प्रेमिका ने होटल की चौथी मंजिल से छलांग लगाकर जान दे दी। पुलिस ने प्रेमी और होटल संचालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

महाकाल मंदिर मार्ग कोट मोहल्ला में होटल हाईलाइट के कमरा नंबर 402 में चार दिनों से नाबालिग प्रेमी युगल ठहरा हुआ था। रविवार रात 12 बजे प्रेमिका कमरे से निकलकर दौड़ती हुई छत की गैलरी पर चढ़ी और कूद गई। प्रेमी उसे बचाने के लिये दौड़ा। चौथी मंजिल से नीचे गिरते ही किशोरी की मौत हो गई। प्रेमी उसे अस्पताल लेकर पहुंचा।

घटना की खबर मिलते ही महाकाल टीआई मुनेन्द्र गौतम टीम के साथ मौके पर पहुंच गये थे। कमरे की तलाशी ली गई। कुछ आपत्तिजनक सामग्री मिली। घटना के समय प्रेमी के दोस्त मौके पर मौजूद थे। पूछताछ कर किशोरी के परिजनों को सूचना दी गई। होटल में किशोरी जिस कमरे में ठहरी थी उसके पास कमरे में दिल्ली से धार्मिक यात्रा पर आया परिवार भी रुका था। जो छत पर खाना खाने के बाद टहल रहा था। उन्होने पूरा घटनाक्रम देखा और पुलिस को बताया।

सोमवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया है। एएसपी अमरेन्द्रसिंह ने मामले में प्रेस कांफ्रेंस कर बताया कि नाबालिग प्रेमी युगल के बीच रात में विवाद हुआ था। किशोरी अपने दोस्त से मोबाइल पर चैटिंग कर रही थी। प्रेमी को शंका हुई तो उसने थप्पड़ मार दिया था। जिसके बाद किशोरी ने आत्मघाती कदम उठा लिया।

प्रेमी पर दर्ज है दुष्कर्म का केस

एएसपी ने बताया कि नाबालिग प्रेमी युगल 4 माह पूर्व भी घर से भाग निकला था। किशोरी के परिजनों ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उस वक्त किशोरी को बरामद कर पुलिस ने प्रेमी पर अपहरण, दुष्कर्म और पास्को एक्ट का केस दर्ज किया गया था। प्रेमी नाबालिग था। जिसे बाल संप्रेक्षणगृह भेजा गया था। कुछ दिनों बाद दोनों परिवार में समझौता होने पर कोर्ट में राजीनामा कर लिया गया था। जिसके आधार पर प्रेमी को जमानत पर रिहा किया गया था।

शादी करने वाले थे दोनों

पुलिस के अनुसार प्रेमी मंछामन कालोनी और किशोरी बुधवारिया स्टेट बैंक के पास की निवासी थी। दोनों के परिवार उनकी शादी के लिये तैयार थे। दोनों पूर्व में एकसाथ कई बार होटल में ठहर चुके थे। 4 दिनों से उनके होटल में होने की जानकारी परिजनों को थी। दोनों की परिजनों से बात भी हो रही थी। उनकी कुछ समय बाद शादी होना थी।

दुष्प्रेरित करने का केस

पुलिस हिरासत में होटल संचालक।

एएसपी ने बताया कि किशोरी के आत्महत्या करने पर प्रेमी के खिलाफ मामले में दुष्प्रेरित करने का केस दर्ज किया गया है। वही होटल संचालक अनीस पिता रज्जाक के खिलाफ बिना आईडी स्थानीय होने पर दोनों को कमरा देने पर सह आरोपी बनाया गया है। दोनों आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।

Next Post

ईओडब्ल्यू ने रंगेहाथ पकड़ा रिश्वतखोर ब्लॉक अकाउंट मैनेजर

Mon Sep 13 , 2021
डॉक्टर से प्रोत्साहन राशि निकालने के नाम पर मांगे थे 16 हजार उज्जैन, अग्निपथ। आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) ने सोमवार को तराना स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ ब्लॉक अकाउंट मैनेजर को 16 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ा है। मैनेजर ने महिला डॉक्टर से प्रोत्साहन राशि निकालने के नाम पर […]