उज्जैन में ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ नारे का वीडियो फेक-दिग्विजय

भोपाल/ उज्जैन। उज्जैन में मोहर्रम के लिए जुटी भीड़ द्वारा देश विरोधी नारे लगाने के वीडियो पर प्रदेश में राजनीति गरमा गई है। पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने ट्वीट कर नारे के वीडियो को फेक बताया तो सोमवार को मंत्री विश्वास सारंग ने उन पर निशाना साधा। सारंग ने दिग्विजय सिंह को पाकिस्तान का स्लीपर सेल बताया और कहा कि इससे ज्यादा दुर्भाग्यपूर्ण और क्या होगा कि दिग्विजय सिंह हर समय पाकिस्तान परस्ती की बात करते हैं।

इधर उज्जैन एसपी सत्येंद्र कुमार शुक्ल ने कहा कि हमारे पास पुख्ता प्रमाण हैं। वहां भारत विरोधी नारेबाजी हुई है। जिसके वीडियो फुटेज हमारे पास हैं। इसी आधार पर हमने केस दर्ज किया है।

बता दें कि मोहर्रम के अगले दिन सोशल मीडिया पर उज्जैन का वीडियो सामने आया था। इसमें पाकिस्तान जिंदाबाद के भी नारे लगाए गए। इस मामले में पुलिस ने 6 लोगों पर कार्रवाई की है। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने इस वीडियो को फेक बताया और कहा कि वहां पर काजी साहब जिंदाबाद के नारे लगाए गए थे न कि पाकिस्तान जिंदाबाद। सिंह ने कहा कि मप्र पुलिस को कार्रवाई करने के पूर्व वास्तविकता का पता लगा लेना चाहिए था। यदि गिरफ्तारी हुई है तो प्रकरण वापस लेना चाहिए।

इमामबाड़ा में लगे भारत विरोधी नारे: एसपी उज्जैन

इस मामले में उज्जैन एसपी सत्येंद्र कुमार शुक्ल ने कहा कि हमारे पास पुख्ता प्रमाण हैं। वहां भारत विरोधी नारेबाजी हुई है। जिसके वीडियो फुटेज हमारे पास हैं। इसी आधार पर हमने केस दर्ज किया है। आगे और भी वीडियो व कुछ लोगों के सोशल मीडिया अकाउंट की जांच की जा रही है। जो भी प्रमाण मिलेंगे उसी आधार पर कार्रवाई करेंगे। वहीं इस मामले में शहर काजी खलीकुर्रहमान ने बताया कि पूरे मामले की सत्यता पुलिस से पता करना चाहिए। भारत विरोधी या मेरे पक्ष में नारेबाजी की गई इसका जवाब भी पुलिस ही बता सकेगी।

राष्ट्रविरोधी नारे लगाने वाले 4 और गिरफ्तार, एक की बढ़ाई रिमांड अवधि

राष्ट्रविरोधी नारेबाजी के मामले में सोमवार को 4 ओर की गिरफ्तारी की गई है। जिन्हे न्यायालय में पेश किया गया है। रिमांड पर चल रहे तीन आरोपियों में से एक की रिमांड अवधि बढ़ाई गई है। जीवाजीगंज टीआई गगन बादल ने बताया कि गीता कालोनी में हुई देश विरोधी नारेबाजी में 4 ओर गिरफ्तारी की गई है। उन्हे रिमांड पर चल रहे जफर, शानू और सलमान के साथ सोमवार को न्यायालय में पेश किया गया था। जहां से शानू की रिमांड अवधि बढ़ाई गई है। 6 को जेल भेजा गया है।

मामले में अलग-अलग टीम नारेबाजी करने वालों की तलाश में लगी है। पूर्व में 7 को जेल भेजा जा चुका था। सोशल मिडिया पर पोस्ट- नागझिरी थाना पुलिस ने आर्दशनगर के युवक को हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि युवक ने सोशल मीडिया पर देशविरोधी पोस्ट अपलोड की थी। जिसके खिलाफ मामला दर्ज कर पूछताछ की जा रही है। मंगलवार को उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।

Next Post

हे परवरदिगार! तू ही बता क्या अफगानिस्तान से भी बुरा है जहन्नुम

Mon Aug 23 , 2021
  बीते दस दिनों से समाचार पत्र और टी.वी. अफगानिस्तान के समाचारों से ही सराबोर हैं। वहाँ की दिल दहला देने वाली घटनाओं के चित्रण और दिखाने के लिये संचार माध्यमों में होड़ सी मची हुई है। कहीं कोई अफगानी महिला अपनी दिल के टुकड़े दूध पीते बच्चे को उछालकर […]
Afgaan rfuge