दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे के काम का जायजा लेने कल जावरा आएंगे गडकरी

जावरा, अग्निपथ। केन्द्रीय राष्ट्रीय राजमार्ग व परिवहन मंत्री नितिन गडकरी 16 सितंबर को जावरा आकर दिल्ली-मुम्बई एक्सप्रेस-वे निर्माण कार्य का जायजा लेंगे। इसके बाद वे इंदौर में 11 हजार करोड़ रुपए की विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे।

केन्द्रीय मंत्री गडकरी 16 सितंबर दोपहर 3 बजे रतलाम जिले के जावरा पहुंचेंगे। यहां पर दिल्ली-मुम्बई एक्सप्रेस-वे निर्माण कार्य का जायजा लेने के बाद हेलीकॉप्टर से शाम 5 बजे इंदौर पहुँचेंगे। वहां शाम 6 बजे ब्रिलिएंट कन्वेंशन सेटर में लगभग 11 हजार करोड़ रूपये लागत की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का भूमि-पूजन और लोकार्पण करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान करेंगे। इस मौके पर प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री गोपाल भार्गव और लोक निर्माण राज्य मंत्री श्री सुरेश धाकड़ भी मौजूद रहेंगे। गडकरी रात्रि विश्राम इंदौर में ही करेंगे। केन्द्रीय मंत्री 17 सितंबर को प्रात: 10 बजे विशेष विमान द्वारा बड़ोदरा (गुजरात) के लिए रवाना होंगे।

देश की सर्वाधिक महत्वाकांक्षी परियोजना है दिल्ली-मुम्बई एक्सप्रेस-वे
दिल्ली-मुम्बई एक्सप्रेस-वे भारत माला परियोजना के अन्तर्गत देश की राजधानी दिल्ली से देश की वाणिज्यिक राजधानी मुम्बई को जोडऩे वाली सर्वाधिक महत्वाकांक्षी परियोजना है। लगभग 1350 किलोमीटर लंबाई वाले इस मार्ग के निर्माण पर भारत सरकार द्वारा 90 हजार करोड़ रूपये की राशि व्यय की जा रही है। इस परियोजना को जनवरी 2023 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। यह राष्ट्रीय राजमार्ग देश के 5 राज्यों दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र से होकर गुजरेगा।

मध्यप्रदेश में एक्सप्रेस-वे का 245 किलोमीटर मार्ग गुजरेगा

देश की इस महत्वाकांक्षी परियोजना का 245 किलोमीटर एरिया मध्यप्रदेश में राजस्थान के रामगंज मंडी से प्रवेश करता हुआ मंदसौर, रतलाम, झाबुआ जिले से गुजरता अनास नदी के पास गुजरात राज्य में प्रवेश करेगा। प्रदेश में 245 किलोमीटर एक्सप्रेस-वे निर्माण पर 11 हजार 183 करोड़ रूपये का व्यय होगा। प्रदेश में एक्सप्रेस-वे का निर्माण कार्य तेजी से किया जा रहा है। यह एक्सप्रेस-वे मध्यप्रदेश के विकास में वरदान सिद्ध होगा। प्रदेश के सीमावर्ती जिले झाबुआ, रतलाम, मंदसौर के साथ उज्जैन, इंदौर भी दिल्ली और मुम्बई से सीधे जुड़ सकेंगे। एक्सप्रेस-वे आसपास के क्षेत्र में आर्थिक विकास गतिविधियों का तेजी से विकास संभव होगा।

Next Post

ग्रामीणों को डेंगू से बचाव के लिए किया जागरूक

Tue Sep 14 , 2021
बड़ौद, अग्निपथ। डेंगू के बढ़ते मामलों को देखते हुए अधिकारियों द्वारा बीमारी की रोकथाम के लिए जनजागरण किया जा रहा है। सेक्टर अधिकारी जनपद पंचायत बड़ौद एवं मंडी सचिव प्रमोद राजगुरु ने सोमवार को अपने सेक्टर क्षेत्र की ग्राम पंचायत खजूरी बड़ोद, आसंध्या एवं ग्राम बनोठी खुर्द का भ्रमण किया। […]