आईसीयू में बसपन का प्यार वाला सहदेव

एक्सीडेंट के बाद सिर में 8 टांके, खून का थक्का जमा, रैपर बादशाह की टीम रायपुर पहुंची

जगदलपुर। बसपन का प्यार मेरा भूल नहीं जाना रे.. गाने से मशहूर हुए सहदेव दिरदो की हालत में बुधवार को सुधार नहीं हुआ। इसके चलते उसे जगदलपुर से रायपुर रेफर कर दिया गया। मशहूर रैपर बादशाह की एक टीम भी रायपुर पहुंची है।

सहदेव का मंगलवार रात एक्सीडेंट हो गया था। उसका जगदलपुर के मेडिकल कॉलेज (मेकाज) में इलाज चल रहा था। बताया जा रहा है कि उसे सिर में गंभीर चोटें आई हैं। सिर में 8 टांके भी लगे हैं। खून का थक्का जमा हुआ है। हालांकि वह अभी होश में है और परिजनों से थोड़ी बहुत बातें भी कर रहा है। मशहूर रैपर बादशाह भी लगातार फोन पर सहदेव का हेल्थ अपडेट ले रहे हैं।

बादशाह ने ही सहदेव को इंडस्ट्री में पहचान दिलाई है। सहदेव के करीबी पिंटू मानिकपुरी ने बताया कि एक्सीडेंट की खबर सुन कर मंगलवार की रात से लेकर बुधवार तक बादशाह ने 6 से 7 बार कॉल कर सहदेव का हालचाल जाना है। बादशाह ने कहा है कि अगर कोई भी परेशानी या जरूरत हो तो सीधे परिजन उनसे बात कर सकते हैं। देश के किसी भी अच्छे से अच्छे अस्पताल में इलाज की जरूरत हो तो वहां करवाएं, उनकी टीम पूरी मदद करेगी। बादशाह की एक टीम भी सहदेव से मुलाकात करने के लिए पहुंच गई है।

रायपुर में मिलेगा बेहतर इलाज

परिजनों ने बताया कि जगदलपुर डिमरामपाल अस्पताल में अच्छा इलाज हो रहा है। डॉक्टर्स और अस्पताल के स्टाफ लगातार आ कर सहदेव को देख रहे हैं, लेकिन खून का थक्का जमने के बाद रिस्क नहीं लेना चाहते हैं। इसी वजह से बुधवार शाम को सहदेव को रायपुर बालाजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया।

ऐसे हुआ था हादसा

मंगलवार की शाम सहदेव अपने परिजनों के साथ बाइक से निकला था। बाइक पर 3 लोग सवार थे। सहदेव सबसे पीछे बैठा था। इस बीच शबरी नगर के पास अचानक बाइक का एक्सीडेंट हो गया। पीछे बैठने की वजह से हादसे में सहदेव को गंभीर चोटें आईं। आसपास मौजूद लोग उसे लेकर फौरन सुकमा जिला अस्पताल गए। सुकमा कलेक्टर और एसपी भी फौरन अस्पताल पहुंचे और बेहतर इलाज के लिए जगदलपुर रेफर करवाया।

Next Post

महाकाल मंदिर प्रांगण में अब फ्री में लगेगा तिलक

Wed Dec 29 , 2021
प्रसाद वितरण व मौली के लिए काउंटर शुरू उज्जैन, अग्निपथ। महाकालेश्वर मंदिर में नि:शुल्क तिलक, प्रसाद वितरण व मौली काउंटर फिर से शुरू कर दिया गया है। यह काउंटर कई वर्षों से संचालित हो रहा था। इसे निर्गम रैम्प पर शुरू किया गया है। मंदिर प्रबंध समिति प्रशासक गणेश धाकड़ […]