रोहलकलां में दो पक्षों में विवाद, क्रॉस कायमी

नागदा, अग्निपथ। शहर से 7 किमी दूर ग्राम रोहलकलां में शनिवार रात जमकर हंगामा हुआ। यहां दो पक्षों में मारपीट हो गई। विवाद में शामिल सरपंच अमरसिंह ने जमकर हंगामा मचाते हुए तलवार से छह लोगों पर हमला कर दिया।

छीनाझपटी के दौरान सरपंच भी चोटिल हुआ हैं। सरपंच का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा हैं। वहीं बाकी घायल उज्जैन जिला अस्पताल में उपचाररत है। मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों के 12 लोगों पर केस दर्ज किया है।

पुलिस यह विवाद गाड़ी रोकने की बात पर होना बता रही है। जबकि प्रत्यशदर्शी ग्रामीण इस विवाद को चुनावी रंजिश बता रहे हैं। पंचायत चुनाव निरस्त होने के साथ पहली बार हुए विवाद के चलते दो घंटे तक पूरा गांव दहशत में रहा। रात करीब 8.30 बजे मंडी थाने पहुंचकर दोनों पक्षों ने केस दर्ज कराई।

जानकारी के अनुसार सरपंच अमरसिंह ने अपनी कार से धनसिंह की बाइक को टक्कर मारने की कोशिष की थी। इसमें धनसिंह की बाइक खेती में उतर गई थी। यहां अमरसिंह व धनसिंह के बीच विवाद हुआ था। हालांकि समझाइश के बाद मामला शंात हो गया था और दोनों पक्ष चले गए थे।

इसके बाद रात करीब 8 बजे विवाद फिर सुलग गया। शराब के नशे में धुत सरपंच अमरसिंह तलवार, उसके साथ उसका बेटा राहुल, भतीजा सुरेश व भौमसिंह पाइप, सरिया लेकर धनसिंह के घर पहुंचे। धनसिंह के घर नहीं मिलने पर अमरसिंह, राहुल, सुरेश व भौमसिंह ने धनसिंह के परिवार की महिलाओं से गाली-गलौज की और लौट गए।

कुछ देर बार अमरसिंह दोबारा धनसिंह के घर पहुंचा। यहां फिर उसने धनसिंह से विवाद किया। विवाद इतना बढ़ गया कि हाथापाई की नौबत आ गई। सरपंच के हमले से धनसिंह तो घायल हुआ ही बीच बचाव करने आए ग्रामीण जलपालसिंह आंजना, माखन आंजना, विक्रम आंजना, संतोशसिंह, विकास को भी अमरसिंह ने तलवार मारी। इस दौरान छीना-झपटी में सरपंच अमरसिंह को भी चोट आई।

सरपंच को छोड़ सभी घायलों को उज्जैन रैफर किया गया। सरपंच अमरसिंह का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है। जबकि बाकी सभी घायल उज्जैन जिला अस्पताल में भर्ती है।

इन पर दर्ज हुआ केस

पुलिस ने धनसिंह की शिकायत पर सरपंच अमरसिंह अंाजना, इसके बेटे राहुल आंजना, भतीजे भौमसिंह आंजना, सुरेश आंजना, पदमसिंह, गोपाल आंजना पर धारा 452, 323, 294, 506, 34 में केस दर्ज किया है। इसी तरह सरपंच अमरसिंह की शिकायत पर संदीप, धनसिंह, रमेश, दिलीप, जसपाल, माखनसिंह व एक अन्य पर धारा 323, 294, 506, 34 में केस दर्ज किया है।

Next Post

पुलिस-प्रशासन जीता, राजनीति उपविजेता

Sun Jan 23 , 2022
आनंद उत्सव में शानदार क्रिकेट स्पर्धा का आयोजन झाबुआ, अग्निपथ। आनंद उत्सव के अंतर्गत 23 जनवरी रविवार को टेनिस बॉल क्रिकेट स्पर्धा में लोकतंत्र के चारों स्तंभ के बीच में रोमांचक मुकाबला हुआ। जो सुबह 9 से दोपहर 2 बजे तक निरंतर चला। 2 टीम जिसमें मीडिया और न्यायपालिका की […]