सब इंस्पेक्टर ने महिला को बनाया बंधक; फ्लैट में रखकर एक महीने से कर रहा था दुष्कर्म

चिमनगंज थाने पहुंची महिला

उज्जैन, अग्निपथ। भैरवगढ़ थाने में पदस्थ एक सब इंस्पेक्टर के खिलाफ इंदौर में रहने वाली एक महिला ने चिमनगंज मंडी थाने पहुंचकर मारपीट, बंधक बनाकर रखने, दुष्कर्म और धोखाधड़ी के आरोप लगाए हैं। यह महिला दोपहर करीब 1 बजे अपने पति के साथ थाने पर पहुंची और शाम तक थाने पर ही डटी रही।

महिला का कहना था कि जब तक पुलिस उसकी एफआईआर दर्ज नहीं करेगी वह थाने से नहीं जाएगी और यहीं अपनी जान दे देगी। एएसपी आकाश भूरिया ने बताया कि महिला का शिकायती आवेदन लेने के बाद उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया है, इसके साथ ही उसके बयान भी दर्ज कर लिए गए हैं। आगे की कार्यवाही जारी है।

इंदौर के पलासिया थाना क्षेत्र के किंग टॉवर में रहने वाली 35 साल की महिला रविवार दोपहर चिमनगंज मंडी थाने पहुंची। पति के साथ थाने पहुंची इस महिला ने पुलिस को सब इंस्पेक्टर विकास देवड़ा के खिलाफ एक शिकायती आवेदन दिया है। महिला ने बताया कि 6 महीने पहले उसे फेसबुक पर एसआई विकास देवड़ा की फ्रेंड रिक्वेस्ट आई थी। फेसबुक पर रिक्वेस्ट स्वीकारने के बाद सोशल एप के जरिए ही विकास देवड़ा के साथ उसकी दोस्ती गहरी होती चली गई।

इस बीच विकास देवड़ा कई बार महिला से मिलने इंदौर उसके फ्लैट पर भी पहुंचा। महिला का आरोप है कि एसआई देवड़ा ने उसे सर्विस रिवाल्वर दिखाकर धमकाया और दुष्कर्म किया। महिला का आरोप है कि करीब 1 महीने पहले विकास देवड़ा मुझे उज्जैन ले आया था। यहां चिमनगंज थाना क्षेत्र के एक अपार्टमेंट के फ्लैट में बंधक बनाकर रखा और दुष्कर्म करता रहा।

शनिवार की रात भी एसआई विकास देवड़ा ने महिला के साथ जमकर मारपीट की। डरकर महिला पूरी रात बाथरूम में बंद रही। सुबह होने पर पड़ौसियों ने हिम्मत बंधाई तो पहले अपने पति और परिवार से संपर्क किया और इसके बाद थाने पर पहुंचकर विकास देवड़ा के खिलाफ शिकायती आवेदन दिया।

निष्पक्ष होगी कार्यवाही

एएसपी आकाश भूरिया ने बताया कि महिला की शिकायत पर जिला अस्पताल में उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया है। महिला के हाथ में चोंट है। भूरिया ने बताया कि महिला ने एसआई विकास देवड़ा पर जो भी आरोप लगाए है, उनकी सत्यता पता की जा रही है।

महिला के बयान भी दर्ज कर लिए गए है। एएसपी श्री भूरिया ने कहा कि मामले में निष्पक्ष जांच होगी और यदि वास्तव में आरोप सही पाए जाते है तो एसआई विकास देवड़ा के खिलाफ केस भी दर्ज होगा।

ड्यूटी छोडक़र थाने पहुंचा एसआई

सब इंस्पेक्टर विकास देवड़ा पूर्व में चिमनगंज थाने में पदस्थ रह चुका है। नानाखेड़ा थाना क्षेत्र में एक चकलाघर चलवाने से जुड़े मामले में आरोप लगने के बाद विकास देवड़ा को कुछ वक्त पहले लाईन अटैच कर दिया गया था।

15 दिन लाईन अटैच रहने के बाद एसआई विकास देवड़ा को भैरवगढ़ थाने में पदस्थ कर दिया गया था। रविवार को विकास देवड़ा की ड्यूटी भरतपुरी में संघ प्रमुख मोहन भागवत की सुरक्षा में लगाई गई थी। वीआईपी ड्यूटी छोडक़र वह पूरे दिन चिमनगंज मंडी थाने में महिला को मनाने और शिकायत नहीं करने के लिए गुहार लगाता रहा। इस बीच एसआई ने महिला को धमकाने का भी प्रयास किया।

अजब प्रेम की गजब कहानी

  • एसआई विकास देवड़ा के खिलाफ आरोप लगाने वाली महिला मूल रूप से झज्जर हरियाणा की रहने वाली है। रतलाम में उसका ससुराल है। पति का कारोबार इंदौर में था लिहाजा यह महिला इंदौर पलासिया क्षेत्र में शिफ्ट हो गई थी।
  • पति अक्सर कामकाज के सिलसिले में बाहर रहता था लिहाजा सोशल साइट के जरिए एसआई विकास देवड़ा से संपर्क हुआ और नजदीकियां बढऩे लगी।
  • एसआई के प्यार में पागल इस महिला ने अपना घर भी छोड़ दिया और उज्जैन आकर चिमनगंज मंडी थाना क्षेत्र के एक फ्लैट में रहने लगी। पहले से शादीशुदा एसआई विकास देवड़ा ने इसी फ्लैट में पंडित को बुलाकर महिला के साथ सात फेरे भी लिए और शादी के फोटोग्राफ्स भी खींचे।
  • पिछले एक महीने से विकास देवड़ा ने महिला को इसी फ्लैट में रखा हुआ था, यहां उसके साथ दुष्कर्म भी करता और मारपीट भी। महिला विरोध जताती तो उसे सर्विस रिवाल्वर दिखाकर धमकाया जाता था।
  • महिला का आरोप है कि विकास देवड़ा ने उसके करीब 250 ग्राम सोने के आभूषण हड़प लिए है और रतलाम स्थित जमीन भी बेचने के लिए दबाव बना रहा था।

Next Post

पेटलावद-थांदला मार्ग पर टक्कर के बाद दो ट्रक जलकर खाक

Sun Feb 20 , 2022
शुजालपुर से थांदला चावल लेकर जा रहा था एक ट्रक, दूसरे में लकड़ियां भरी थीं पेटलावद, अग्निपथ। पेटलावद – थांदला मार्ग पर रविवार शाम को खोरिया हनुमान मंदिर से कुछ दूरी पर दो ट्रकों के बीच भीषण टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई। […]
Petlawad truck hadsa aag 20 02 22