नगर परिषद सीएमओ करते हैं अपडाउन, शहर की व्यवस्थाएं भगवान भरोसे

थांदला, अग्निपथ। नगर की तमाम व्यवस्थाएं भगवान भरोसे चल रही है। व्यवस्थाओं को देखने वाले अधिकारी ही जब अपडाउन कर कार्यालयीन समय में नगर में पहुंचते हैं तो व्यवस्थाएं कैसे सुधरेगी। नगर परिषद सीएमओ भारतसिंह टांक प्रतिदिन झाबुआ से अपडाउन करते हैं। प्रात: 11 बजे आना और सांय 6 बजे वापस चले जाना किसी आवश्यक कार्य की वजह से नगर में रूकते हैं अन्यथा प्रतिदिन का यही रूटिन है।

सीएमओ के नगर में निवास नहीं करने से नगर की सारी व्यवस्था गड़बड़ा रही है। व्यवस्थाओं पर किसी का नियंत्रण नहीं है। नगर में गर्मी के मौसम जल व्यवस्था की स्थिति भी ठीक नहीं है। नगर के कई हिस्सों में पानी नहीं पहुंच रहा है। वहीं कई घरों में कनेक्शन होने के बावजूद नलों में पानी नहीं है, जहॉ पानी पहुंच रहा है वहां कम दबाव व समय की कटौती प्रमुख समस्या बनी हुई है।

नगर के लोग निजी टेंकरों व हेण्डपंपों से स्वयं की निजी व्यवस्था कर रहे हैं। नागरिक सीएमओ को मोबाईल पर संपर्क करते हैं तो सीएमओ फोन रिसीव नहीं करते हैं या मीटिंग में होने का बहाना बनाकर टालमटोल कर जाते हैं। जलप्रदाय व्यवस्था प्रभारी उपयंत्री बारिया चोट की वजह से लंबी छुटटी पर थे उनको भी लोगों ने समस्याएं बताई, किन्तु कोई निराकरण नहीं हुआ। निकाय स्वामित्व के नलकूप भी जवाब दे रहे कई नलकुपों में जलस्तर नीचे जाने की वजह से बंद हो गये हैं। नगर की सफाई व्यवस्था को लेकर भी लोगों में काफी आक्रोश व्याप्त है। नालियों की साफ-सफाई को लेकर भी लोगों का गुस्सा स्वच्छता सर्वेक्षण करने आये दल के सामने भी फूटा था लेकिन उसके बाद भी व्यवस्था में कोई परिवर्तन नहीं आया है।

नगर में आवारा मवेशी की समस्या भी जस की तस बनी हुई है। नगर के चौराहों पर मवेशियों के जमघट आम बात हो गई है जिसकी वजह से यातायात व्यवस्था भी बाधित होती है तथा मवेशियों के लड़ने पर लोग दुर्घटना के भी शिकार होते हैं। लाखों की लागत से खरीदा गया। पशुवाहन निकाय परिसर में धुल खा रहा है। नगर के कई वार्डो की सड़के अभी भी टूटी-फूटी है जबकि परिषद ने अनुपयोगी स्थानों पर सड़के बनाकर परिषद अपनी विकास गाथा बता रही है।

Next Post

कैसे करें संवाद: वॉकी टॉकी तो हैं... खराब लेकर घूम रहे कर्मचारी

Sat May 7 , 2022
प्रोटोकॉल, भस्मारती सहित प्रमुख जगहों पर तैनात कर्मचारियों को वाकी टॉकी की दरकार, नगरनिगम को चुकाया जा रहा किराया उज्जैन, अग्निपथ। विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर में हाल ही में एक दर्जन से अधिक प्रोटोकाल कर्मचारियों को लोकायुक्त का पाइंट हेंडल नहीं करने के ऐवज में कारण बताओ सूचना पत्र जारी […]