कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की कमलनाथ ने कर दी दुर्गति- सीएम

उज्जैन में मुख्यमंत्री की जन आशीर्वाद यात्रा, शहीद पार्क पर आमसभा

उज्जैन, अग्निपथ। कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की दुर्गती तो खुद उनके ही नेता करने लगे है। उज्जैन जैसे बड़े शहर में कांग्रेस को कोई उम्मीदवार ही नहीं मिला तो महापौर का प्रत्याशी तराना से उठा लाए। कांग्रेस वालों तुम्हारी कोई इज्जत ही नहीं बची। सभी दूर विधायक चुनाव लड़ रहे है। बाकी तुम्हारे कार्यकर्ता कहां जाएंगे? जिसने तराना का बंटाढार कर दिया, वह अब उज्जैन की तरफ मुंह तांक रहा है।

ये, उज्जैन से मध्यप्रदेश के नगर निकाय चुनाव का आगाज करने वाले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के बोल है। बुधवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वी.डी. शर्मा ने महाकालेश्वर के दर्शन के साथ मध्यप्रदेश निकाय चुनाव का प्रचार अभियान शुरू किया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वी.डी. शर्मा बुधवार दोपहर करीब 3 बजे हेलिकॉप्टर से उज्जैन पहुंचे।

उज्जैन में भाजपा के महापौर प्रत्याशी के लिए वोट मांगने जनआशीर्वाद यात्रा में निकले शिवराज।
उज्जैन में भाजपा के महापौर प्रत्याशी के लिए वोट मांगने जनआशीर्वाद यात्रा में निकले शिवराज।

पुलिस लाइन हेलिपेड पर उच्चशिक्षा मंत्री डा. मोहन यादव, सांसद अनिल फिरोजिया, विधायक पारस जैन, भाजपा शहर अध्यक्ष विवेक जोशी ने मुख्यमंत्री और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया। मुख्यमंत्री की अगवानी करने के लिए इंदौर नगर निगम से महापौर पद के प्रत्याशी और पूर्व अतिरिक्त महाधिवक्ता पुष्यमित्र भार्गव भी उज्जैन पहुंचे थे। हेलिपेड से मुख्यमंत्री सहित सभी भाजपा नेता सीधे महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे। यहां ज्योर्तिलिंग भगवान महाकालेश्वर का पूजन-अर्चन किया। महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन के उपरांत मंदिर के बाहर से ही जनआर्शिवाद यात्रा की शुरूआत हुई। यह यात्रा गुदरी चौराहा, पटनी बाजार, गोपाल मंदिर, कंठाल चौराहा, नईसडक़, मालीपुरा, देवासगेट, चामुंडा माता चौराहा, टॉवर चौक होते हुए शाम 6 बजे शहीद पार्क पर पहुंची। जनआर्शिवाद यात्रा के दौरान चौपहिया वाहन पर सवार मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जनता का अभिवादन किया।

आमसभा में सीएम के बोल

  • कांग्रेस के राज में उज्जैन कस्बे जैसा लगता था। हमने यहां विकास कार्यो की सौगात दी। सारे सागरों का सत्यानाश हो चुका था। हमने इन्हें संवारने का काम शुरू किया है।
  • उज्जैन में प्रस्तावित मेडिकल डिवाईस पार्क में 40 हजार करोड़ रूपयों का निवेश होगा, एक लाख लोगों को रोजगार मिलेगा। कांग्रेस के राज में तो यहां की मिले तक बंद हो गई थी। मिल मजदूरों को हमने अपने पास से 100 करोड़ रूपए का भुगतान किया। उज्जैन में प्रस्तावित गारमेंट उद्योग में 12 हजार से ज्यादा महिलाओं को रोजगार मिलेगा।
  • हमने तय किया है कि एक व्यक्ति एक पद की नीति पर चलेंगे। इससे नए कार्यकर्ताओं को आगे आने का मौका मिलेगा। हमने केवल पुल-सडक़ के काम नहीं किए। रोजगार उपलब्ध कराने पर भी तेजी से काम कर रहे है।
  • फिर से उज्जैन के लिए 394 करोड़ रूपए स्वीकृत कर रहा हूं, इसके बारे में अगली बार जब आउंगा तब जरूर बताउंगा।
  • उज्जैन के लोग ही बताएंगे यहां हमने जितना काम किया, उतना काम क्या पहले की किसी सरकार ने किया है?
  • गरीबों के आवास के लिए अब हम मल्टियां कम बनाएंगे, जो जहां रह रहा है वहीं उसे पक्का मकान बनाकर देंगे।
  • कमलनाथ की सरकार में तो संबल योजना तक बंद कर दी गई थी। कन्याओं के विवाह का पैसा तक खा गए।
  • हमने तय किया है कि सभी लाड़ली लक्ष्मियों की उच्चशिक्षा का खर्च भी राज्य की सरकार उठाएगी।

ब्लॉक कार्यवाहक अध्यक्ष ने छोड़ी कांग्रेस

कांग्रेस के माधवनगर ब्लॉक के कार्यवाहक अध्यक्ष सुनील गोठवाल और उनके चार साथी बुधवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हो गए है। सुनील गोठवाल विष्णुपुरा क्षेत्र से कांग्रेस से टिकट मांग रहे थे लेकिन उन्हें लगातार 4 चुनाव से कांग्रेस ने अवसर ही नहीं दिया। दो दिन पहले उन्होंने प्रेस कांफ्रेस में अपनी पीड़ा जाहिर की थी। बुधवार को मुख्यमंत्री की मौजूदगी में वार्ड 28 मालीपुरा क्षेत्र में रहने वाले कांग्रेस सेवादल सदस्य राकेश चौहान, आम आदमी पार्टी के दीपक मनवानी भी भाजपा में शामिल हुए।

Next Post

अवैध खनिज परिवहन पर अलग-अलग कार्रवाई में 3 डंपर और 2 ट्रैक्टर जब्त

Wed Jun 22 , 2022
झाबुआ, अग्निपथ। कलेक्टर सोमेश मिश्रा के आदेश एवं खनि अधिकारी धर्मेंद्र चौहान के मार्गदर्शन में जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन एवं परिवहन की रोकथाम हेतु खनिज विभाग के दल द्वारा विगत दिनों की गई। आकस्मिक जांच में खनिज रेत का बगैर वैध रॉयल्टी के अवैध परिवहन करते पाए जाने […]