सोनल भाबोर अध्यक्ष, अकमाल सिंह जिला पंचायत उपाध्यक्ष बने

एक तरफा जीत के बाद कांग्रेस ने निकाला भव्य विजयी जुलूस

झाबुआ, अग्निपथ। जिला पंचायत अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद आखिरकार कांग्रेस के खाते में दर्ज हुआ। कांग्रेस से छटवीं बार जिला पंचायत अध्यक्ष पर श्रीमती सोनल जसवंतसिंह भाबोर विजयी हुई है। उन्होंनेे अपने प्रतिद्वदी भाजपा उम्मीद्वार श्रीमती गीता चौहान को 1 मत की बढ़त हासिल कर परास्त किया। वहीं जिला पंचायत उपाध्यक्ष पद पर कांग्रेस की टिकीट लेकर ही अकमालसिंह डामोर मालू ने भी एक तरफा जीत हासिल कर ली। जीत के बाद कांग्रेस ने भव्य विजयी जुलूस निकाला।

शुक्रवार को जिला पंचायत अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के लिए कलेक्टोरेट में निर्वाचन की प्रक्रिया संपन्न हुई। दोपहर 12 बजे से आरंभ हुई प्रक्रिया में सर्वप्रथम अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लडऩे वाले अभ्यर्थियों से नाम-निर्देशन पत्र लिए गए। जिसमेंं कांग्रेस से सोनल जसवंतसिंह भाबोर ने नामांकन फार्म जमा किया तो वहीं भाजपा से गीता चौहान ने फार्म भरा।

जिला पंचायत में कुल 14 वार्ड होकर चुनाव पूर्व कांग्रेस समर्थित 6 उम्मीद्वार एवं भाजपा समर्थित 6 उम्मीद्वार जिला पचंायत सदस्य पर काबिज हुए थे। इसके अलावा एक वार्ड में जयस प्रत्याशी रेखा निनामा तथा एक वार्ड में निर्दलीय प्रत्याशी अकमालसिंह डामोर मालू विजयी घोषित हुए थे, इसलिए दोनो ही पार्टियों के लिए अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष का चुनाव कमशकश भरा होने के साथ वर्चस्व का था।

दोनो ही पार्टियों ने अध्यक्ष-उपाध्यक्ष पद पर अपना उम्मीद्वार काबिज करने के लिए एड़ी-चोटी का बल लगाया। कांग्रेस से पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं झाबुआ विधायक कांतिलाल भूरिया के मार्गदर्शन में मप्र युवक कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. विक्रांत भूरिया के साथ समस्त वरिष्ठ कांग्रेसजनों ने कांग्रेस समर्थिेत जिला पंचायत सदस्यों के साथ जयस एवं निर्दलीय प्रत्याशी से भी सत्त संपर्क बनाए रखा। वहीं भाजपा से प्रदेश मंत्री संगीता सोनी, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य ओमप्रकाश शर्मा, पूर्व प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं पूर्व जिलाध्यक्ष दौलत भावसार, जिलाध्यक्ष लक्ष्मणसिंह नायक, विजय नायर ने चुनाव पर अपनी निगाहे गढाएं रखी।

दोनो ही पार्टियों में दोनो ही सीटो पर कब्जा जमाने के लिए शह और मात का खेल चलता रहा। दोपहर 12 बजे तक पूरी हुई नामांकन फार्म जमा करने की प्रक्रिया के पश्चात्ं कांग्रेस से एक ही उम्मीद्वार श्रीमती सोनल जसवंतसिंह भाबोर एवं भाजपा से श्रीमती गीता चौहान ने नामांकन निर्देशन-पत्र जमा किया। इसके बाद प्रशासनिक स्तर पर समीक्षा एवं नाम वापसी की प्रक्रिया पूर्ण की गई। तत्पश्चात् अध्यक्ष पद के लिए मतदान की प्रक्रिया आरंभ हुई।

कांग्रेस और भाजपाई हुए आमने-सामने

मतदान की प्रक्रिया के बीच में ही जब भाजपा प्रत्याशी श्रीमती गीता चौहान के पुत्र सोनू रामपाल मय पीठासीन अधिकारी के हस्ताक्षरयुक्त पत्र पीठासीन अधिकारी तहसीलदार आशीष राठौर को मोबाईल पर दिखाकर कलेक्टोरेट के अंदर प्रवेश करने लगे, तो इस पर कांग्रेसियों ने जमकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

मप्र युवक कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. विक्रांत भूरिया ने आरोप लगाया कि भाजपा के दबाव में आकर प्रशासन और पुलिस ने मतदान स्थल पर केवल प्रत्याशी एवं मतदाताओं के प्रवेश के अलावा अन्य किसी के भी प्रवेश वर्जित होने के बाद भी कैसे भाजपा प्रत्याशी के पुत्र को प्रशासन और पुलिस ने मतदान स्थल तक जाने दिया। जिस पर मप्र युवक कांग्रेस अध्यक्ष के साथ दोनो विधायक वीरसिंह भूरिया एवं वालसिंह मेडा तथा भाजपा से जिलाध्यक्ष लक्ष्मणसिंह नायक आमने-सामने हो गए, तो इसी दौरान कांग्रेस प्रत्याशी सोनल भाबर के पति जसवंतसिंह भाबर भी बेरीकेट्स लांघकर अंदर जाने लगे, तो उन्हें पुलिस ने अंदर जाने से रोक दिया।

दोनो ही पार्टी की ओर से हुई जमकर नारेबाजी

इसी दौरान दोनो ही पार्टियों की ओर से नारेबाजी शुरू हो गई। भाजपा से भारतीय जनता युवा मोर्चा ने मोर्चा संभालते हुए जिलाध्यक्ष कुलदपसिंह चौहान के नेतृत्व में कलेक्टोरेट परिसर में हनुमान चालीसा का पाठ आरंभ करने के साथ जय श्री राम और भारत मात के जयकारे लगाए लगे, तो कांग्रेस की ओर से एनएयूआई जिलाध्यक्ष विनय भाबोर और युथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी शुरू कर दी। कुछ देर के लिए दोनो ही पार्टियों के बीच गहमागहमी भरा का माहौल निर्मित हो गया। मामला बिगड़ते देख दोनो ही पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं को समझाईश देने तहसीलदार झाबुआ आशीष राठौर के साथ एएसपी श्री कुरवे, डीएसपी अजाक, एसडीओपी झाबुआ बबीता बामनिया, एसडीओपी पेटलावद सोनू डावर, थाना प्रभारी झाबुआ संजय रावत आदि ने समझाईश दी।

उम्मीद्वारों और जिपं सदस्यों की खरीद फरोख्त का लगाया आरोप

इस बीच मप्र युवक कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. विक्रांत भूरिया ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह एन वक्त पर जब मतदान का समय आया, तो भाजपा प्रत्याशी के पुत्र को भेजकर उन्हें नोट की गड्ढ़ी देकर कांग्रेस प्रत्याशी एवं कांग्रेस समर्थित जिला पंचायत सदस्यों को बरगलाकर खरीद फरोख्त करने की कोशिश की गई, जो निर्वाचन आयोग के नियमों का खुला उल्लंघन है। भाजपा सत्तारूढ़ होकर प्रशासन और पुलिस का भी दुरपयोग कर रहंी है तो वहीं इस बीच भाजपा के पूर्व प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य दौलत भावसार ने कहा कि हमे हमारी पार्टी की जीत पर पूरा भरोसा है। कांग्रेस पिछले 70 सालों से केवल बेबुनियाद आरोप ही लगाती आई है।

शांति डामोर एवं रेखा निनामा ने कांग्रेस का हाथ थामा

मतदान की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद आए परिणामों में अध्यक्ष पद के लिए कांग्र्रेस उम्मीद्वार श्रीमती सोनल जसवंतसिंह भाबर को 8 मत एवं भाजपा प्रत्याशी श्रीमती गीता चौहान को 6 मत प्राप्त हुए। इस तरह 1 मत की बढ़त से इस सीट पर छटवी बार कांग्रेस का कब्जा कायम हो गया। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शांति राजेश डामोर, जो कांग्रेस से टिकीट नहीं मिलने से काफी नाराज चल रहीं थी, ऐसे में उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लडऩे का मन बन लिया था, लेकिन मप्र युवक कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. विक्रांत भूरिया की समझाईश और स्व. कलावती भूरिया की जिला पंचायत पर साख कायम रखने के लिए वह नामांकन फार्म भरने के अंतिम आधे घंटे पूर्व कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने के लिए तैयार हो गई।

वह अपने पति राजेश डामोर और मप्र युवक कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. विक्रांत भूरिया के साथ अपने निवास से कलेक्टोरेट पहुंची और मतदान प्रक्रिया में भाग लिया। इसी प्रकार कांग्रेस ने जयस प्रत्याशी रेखा निनामा एवं एक अन्य निर्दलीय प्रत्याशी अकमालसिंह डामोर मालू को भी अपने समर्थन में कर दिया। निर्दलीय प्रत्याशी अकमालसिंह डामोर को कांग्रेस से जिला पंचायत उपाध्यक्ष का उम्मीद्वारा बनाया गया। जिसके चलते दोनो ही सीटों पर कांग्रेस ने अपना परचम लहराया।

उधर जयस जिलाध्यक्ष विजय डामोर ने बताया कि संगठन की विचारधारा के अनुसार हमारी जिला पंचायत सदस्य ने कांग्रेस को समर्थन दिया है। कलेक्ट्रोरेट के बाहर जयस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने भी ‘‘जय जौहार’’ के नारे के साथ जीत की खुशियां मनाई।

डॉ. विक्रांत भूरिया ने अकमालसिंह डामोर को उठाया कंधे पर

उपाध्यक्ष बने डामोर को कंधे पर उठाकर कांग्रेसियों ने किया खुशी का इजहार।
उपाध्यक्ष बने डामोर को कंधे पर उठाकर कांग्रेसियों ने किया खुशी का इजहार।

जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में कांग्रेस द्वारा फतह हासिल करने के बाद जिला पंचायत उपाध्यक्ष चुनाव की प्रक्रिया में जब जिला पंचायत उपाध्यक्ष के लिए निर्दलीय चुनाव लडक़र जिपं सदस्य बने अकमालसिंह डामोर ने भी कांग्रेस का हाथ थामा, तो यह सीट भी सीधे-सीधे पार्टी के खाते में चली गई। इसी सीट पर भाजपा से अजजा मोर्चा के जिलाध्यक्ष अजमेरसिंह भूरिया की पत्नि अन्नू भूरिया ने नामांकन दाखिल किया।

जैसे ही नामांकन दाखिल करने के बाद वोटिंग की प्रक्रिया पूर्ण हुई, तो मालू अकमाल सिंह कलेक्टोरेट से बाहर निकलकर आ गए और उन्हें स्वयं मप्र युवक कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. विक्रांत भूरिया ने अपने कंधे पर उठा लिया। उनका पार्टी की ओर से जोरदार स्वागत किया गया। वहीं जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सोनल भाबर का भी पुष्पामाला पहनाकर एवं मिठाई खिलाकर जीत की शुभकामनाएं दी गई।

कांग्रेस ने निकाला भव्य विजयी जुलूस

जीत के बाद कांग्रेस खेमें में जमकर हर्ष छा गया। कांग्रेसजनों ने एक-दूसरे पर गुलाल की वर्षा करने के साथ ढोल-मांदल पर कांग्रेस के झंडे लेकर जमकर नृत्य किया। इसके बाद शहर में विजयी जुलूस भी निकाला। जिसमें खुली दो जिप्सी में एक में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सोनल जसवंतसिंह भाबोर एवं एक जिप्सी में अकमालसिंह डामेार मालू के साथ वरिष्ठ कांग्रेसजनों द्वारा सवार होकर जनता का अभिवादन किया गया। जुलूस में सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता झंडों और ढोल के साथ शामिल हुए।

जुलूस शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए गोपाल कॉलोनी स्थित विधायक कार्यालय पहुंचने पर यहां सभी का स्वागत समारोह रखा गया। संभागीय कांग्रेस प्रवक्ता साबिर फिटवेल ने सभी कांग्रेस समर्थित जिला पंचायत सदस्यों एवं चुनाव जीताने में अहम भूमिका का निर्वहन करने वाले वरिष्ठ कांग्रेस नेतृत्व तथा सभी पार्टी पदाधिकारी-कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया है।

Next Post

दुकानों पर बिक रहे नकली खाद-बीज

Fri Jul 29 , 2022
बिना लायसेंस के व्यवसाय करने वाले के खिलाफ राष्ट्रीय किसान संगठन ने खोला मोर्चा झाबुआ, अग्निपथ। राष्ट्रीय किसान संगठन के प्रदेश प्रवक्ता परमजीत सिंह के नेतृत्व में संगठन की जिला इकाई द्वारा जिले मेंं वर्षाकाल में खरीफ सीजन आरंभ होते ही दुकानों पर धड़ल्ले से बिक रहे नकली खाद-बीज, दुकानदारों […]