महिला कर्मचारी के साथ छेड़छाड़ के आरोप में लीड कॉलेज के प्राचार्य पर मुकदमा दर्ज

आरोपी गिरफ्तार, गुस्साए छात्रों ने किया प्राचार्य के घर पर पथराव

शाजापुर, अग्निपथ। पंडित बालकृष्ण शर्मा नवीन स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य के द्वारा अपने ही कॉलेज की महिला कर्मचारी के साथ अश्लील हरकत और जबरदस्ती करने की कोशिश किए जाने का मामला सामने आया है। पीडि़ता ने लालघाटी थाने पर शिकायत दर्ज कराई है।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, मामले से गुस्साए कतिपय छात्रों और छात्र नेताओं ने घटना को लेकर विरोध प्रदर्शन किया और आरोपी प्राचार्य के घर पर पथराव भी किया।

पीडि़ता के अनुसार वह शाजापुर बीकेएसएन कॉलेज में कार्यरत है। शनिवार को सुबह कॉलेज में काम कर रही थी तभी वहां के एक कर्मचारी ने उसे प्राचार्य वीके शर्मा के घर जाने को कहा। इस पर जब वह कालेज प्राचार्य के घर पहुंची तो रंगीन मिजाज प्राचार्य शर्मा ने अपने घर का दरवाजा बंद कर महिला के साथ जोर जबरदस्ती की।

इस घटना की जानकारी मिलने पर एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने कालेज परिसर में जमकर हंगामा किया और साथ ही प्राचार्य शर्मा के घर पर पथराव भी किया। इसके बाद छात्रों ने लालघाटी थाने पर नारेबाजी की, जिसके बाद पीडि़ता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तार किया गया।

प्राचार्य के कृत्य पर भडक़े छात्र नेता

जिले के लीड बीकेएसएन कालेज प्राचार्य द्वारा अपने ही कालेज की महिला कर्मचारी के साथ घर पर छेड़छाड़ की घटना किए जाने पर एबीवीपी के छात्र नेता आक्रोशित हो उठे। बड़ी संख्या में छात्र नेताओं ने प्राचार्य के घर पहुंचकर पथराव किया। इसके बाद कालेज और लालघाटी थाने पर नारेबाजी कर प्राचार्य के खिलाफ प्रकरण दर्ज करने की मांग की। काफी हंगामे के बाद लालघाटी थाने में प्राचार्य व्हीके शर्मा पर छेड़छाड़ की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया। एसडीओपी दीपा डोडवा ने बताया कि प्राचार्य को गिरफ्तार कर लिया गया है।

Next Post

जीवन की दशा और दिशा बदल देती है भागवत कथा: कमलेश भाईजी

Sat Dec 26 , 2020
अंबर कॉलोनी में कथा में भगवान की लीला सुनकर झूमें भक्तगण उज्जैन। अंबर कालोनी चौराहे पर आयोजित भागवत कथा में कथावाचक कमलेश भाईजी ने बताया कि भागवत कथा मनुष्य के जीवन की दशा और दिशा बदल देती है। भागवत कथा के छठे दिन कमलेश भाई जी ने भगवान कृष्ण की […]