नौ साल की बच्ची से दुष्कर्म

आरोपी पहले भी 4 साल की बच्ची के साथ कर चुका ज्यादती

इंदौर, अग्निपथ। राजेंद्र नगर की एक टाउनशिप में 9 साल की मासूम से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। बच्ची भाई-बहन के साथ घर में सो रही थी, तभी बदमाश उसे मुंह दबाकर उठा ले गया और 30 मीटर दूर खाली प्लॉट पर ले जाकर दुष्कर्म किया। किसी को भी घटना बताने पर जान से मारने की धमकी देकर भाग गया। आरोपी इसके पूर्व 4 साल की बच्ची से भी दुष्कर्म कर चुका है। भंवरकुआं पुलिस ने इसे 10 साल की सजा करवाकर जेल भेजा था। डेढ़ माह पहले ही ये जेल से आया और फिर दरिंदगी की। छह घंटे में पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार भी कर लिया है।

डीसीपी अमित तोलानी ने बताया कि घटना राजेंद्र नगर इलाके की एक टाउनशिप में स्थित मल्टी की है। यहां एक परिवार मल्टी की चौकीदारी करता है। घर में कुल 6 लोग हैं। बच्ची अपने भाई-बहन व मां के साथ सो रही थी। शुक्रवार रात करीब 12.30 बजे आरोपी चमन उर्फ चंदन (32) पिता लक्ष्मण मानकर निवासी द्वारकापुरी बच्ची को परिजन के बीच से मुंह दबाकर ले गया। उसे घर से 30 मीटर दूर खाली प्लॉट पर ले जाकर उससे दुष्कृत्य किया। बच्ची को डरा-धमकाया तो वह घबराहट में घर आकर सो गई, सुबह मां ने हालत देखकर पूछा तो दरिंदगी के बारे में बताया।

छह घंटे में गिरफ्तार कर लिया आरोपी को

घटना के बाद आरोपी ने बच्ची को प्लॉट पर ही छोड़ दिया था। वह भागकर घर पहुंची और फिर सो गई। आरोपी ने उसे किसी को भी घटना बताने पर मार डालने की धमकी दे दी थी। इससे वह बुरी तरह घबरा गई थी। सुबह तक उसकी घबराहट कम नहीं हुई तो मां ने उससे पूछा। तब उसने घटना बताई। पिता ने 10.30 बजे थाने जाकर पुलिस को रिपोर्ट की।

दोपहर 3 बजे मामला वरिष्ठ अधिकारियां के पास पहुंचा। बच्ची का मेडिकल करने के बाद पुलिस ने दुष्कर्म का केस दर्ज किया। एडिशनल डीसीपी जयवीर सिंह भदौरिया ने बताया कि आरोपी की तलाश में 4 टीमें बनाकर पूरे इलाके में सर्चिंग के लिए लगाई गई। घटनास्थल व कॉलोनी के सीसीटीवी फुटेज से आरोपी के रूट को ट्रैक कर करीब 6 घंटे में लोगों से मिली जानकारी के आधार पर उसे दबोच लिया गया।

10 साल की सजा भी नहीं सुधार पाई दरिंदे को

आरोपी ने वर्ष 2012 में अपनी भाभी की बहन की 4 साल की बच्ची के साथ भी दुष्कर्म किया था। इस केस में उसे 10 साल की सजा हुई। करीब डेढ़ माह पहले वह जेल से छूटा और राजेंद्र नगर में मजदूरी करने के लिए आया था। 10 साल की सजा भुगतने के बाद भी उसमें कोई सुधार नहीं आया। यहीं उसने बच्ची को फिर टारगेट कर लिया। आरोपी के परिवार में एक बड़ा भाई है दोनों ही अविवाहित हैं। पिता दृष्टिहीन हैं और मां कबाड़ बीनती है।

Next Post

एमबीए की पढ़ाई के बाद नकली इंटरपोल अधिकारी बन करने लगा ठगी

Sun Nov 13 , 2022
इंदौर, अग्निपथ। इंदौर क्राइम ब्रांच ने एबी रोड स्थित श्रीमाया होटल से नकली इंटरपोल अफसर को पकड़ा है। आरोपी शहर के एक व्यापारी को उसकी फंसी हुई रकम वापस दिलाने का झांसा देकर यहां आया था और उससे साढ़े तीन लाख रुपए भी ठग चुका था। पूछताछ के बाद क्राइम […]