भारत जोड़ो यात्रा: राहुल गांधी का मंगलवार सुबह नगर आगमन

शाम 5 बजे तक बंद रहेगा इंदौर रोड़ पर यातायात, शाम 4 बजे सामाजिक न्याय परिसर में आमसभा

उज्जैन, अग्निपथ। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा मंगलवार सुबह उज्जैन में प्रवेश करेगी। राहुल गांधी इंदौर रोड़ के रास्ते शहर में आएंगे। यात्रा के साथ हजारों लोगों की भीड़ रहेगी लिहाजा शाम 5 बजे तक के लिए इंदौर-उज्जैन के बीच मार्ग पर सभी तरह के वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। राहुल गांधी दोपहर 2.50 बजे महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन करने जाएंगे। शाम 4 बजे वे सामाजिक न्याय परिसर में आमसभा को संबोधित करेंगे।

राहुल गांधी की यात्रा सुबह 7.30 सांवेर स्थित भुट्टा चौपाल से आरंभ होगी। सुबह 10 बजे वे पैदल निनोरा तक आएंगे। यहां राहुल गांधी और उनके साथ यात्रा में शामिल सभी लोगों का भोजन और विश्राम होगा। दोपहर 1 बजे निनोरा से राहुल गांधी और सभी यात्री तपोभूमि तक जाएंगे। तपोभूमि पर दर्शन और आचार्य प्रज्ञासागर जी से आर्शिवाद प्राप्त करने के बाद वे चौपहिया वाहन से सीधे महाकालेश्वर मंदिर पहुंचेंगे। महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन पूजन के उपरांत राहुल गांधी की यात्रा में शिप्रा पूजन और वाल्मिकी धाम पहुंचने का कार्यक्रम भी जुड सकता है।

हालांकि देर रात तक इन दोनों स्थानों पर उनके पहुंचने की पुष्टि नहीं हो सकी है। शाम 4 बजे राहुल गांधी सामाजिक न्याय परिसर पहुंचेंगे। यहां शाम 6 बजे तक आमसभा चलेगी। शाम 6 बजे वे पैदल आगर रोड़ पर सहयात्रियों के साथ निकलेंगे और शाम 7 बजे सुरासा स्थित महर्षि सांदीपनि कॉलेज पहुंचेंगे। इसी कॉलेज परिसर में राहुल गांधी का रात्रि विश्राम होगा।राहुल गांधी के उज्जैन आगमन से पहले ही मध्यप्रदेश के कई बड़े कांग्रेस नेता उज्जैन पहुंच गए थे। सोमवार शाम सुरेश पचौरी, सज्जन वर्मा, प्रियव्रत सिंह, शोभा ओझा, कुलदीप इंदौरा आदि उज्जैन आ गए थे। इनमें एक सुरेश पचौरी को छोडक़र शेष सभी के पास उज्जैन जिले में यात्रा से संबंधित किसी न किसी व्यवस्था का प्रभार है।

30 का दिन रिजर्व, गुजरात जाना तय

भारत जोड़ो यात्रा का 30 नवंबर का दिन रिजर्व रखा गया है। इस दिन राहुल गांधी के साथ यात्रा में शामिल सभी लोग महर्षि सांदीपनि कॉलेज में ही ठहरेंगे जबकि राहुल गांधी का गुजरात चुनाव प्रचार के लिए जाना तय हो गया है। 30 नवंबर को वे गुजरात जाएंगे और इसी दिन शाम को वापस उज्जैन लौट आएंगे।

आज पूरे दिन बंद रहेगा इंदौर रोड

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा सुबह 7.30 बजे से सुबह 10 बजे के बीच सांवेर और निनोरा के बीच रहेगी। दोपहर 1 से 4 बजे के बीच यात्रा निनोरा से उज्जैन शहर के बीच जारी रहेगी। यात्रा में हजारों लोगों की भीड़ है लिहाजा पुलिस ने मंगलवार को शाम 5 बजे तक इंदौर रोड़ को सभी तरह के वाहनों के आवागमन के लिए बंद रखने का फैसला किया है। उज्जैन से इंदौर के बीच चलने वाली बसें व अन्य सभी वाहनों को वाया देवास होकर चलाया जाएगा।

सभा के लिए यहां पार्क करना होंगे वाहन

  • देवास-मक्सी की तरफ से आने वाले वाहन हीरामिल की चाल में पार्क होंगे।
  • नगर निगम परिसर में सभी प्रकार के दोपहिया वाहन पार्क किए जा सकेंगे।
  • आगर, नागदा व बडऩगर रोड से आने वाले वाहन बापू नगर ग्राउंड में पार्क किए जा सकेंगे।
  • शहर के वाहन स्मार्ट सिटी फोरलेन पर पार्क होंगे।
  • इसके अलावा नरेश जीनिंग फैक्ट्री की जमीन को भी पार्किंग स्थल बनाया गया है।

सुरक्षा में 3 हजार पुलिसकर्मी तैनात

सुरक्षा में 3 हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। जिसमें एएसपी, सीएसपी, डीएसपी स्तर के अधिकारी भी शामिल है। सोमवार दोपहर बाद से निनौरा में जवानों की तैनाती कर दी गई थी। राहुल और उनकी टीम के आसपास पुलिस की रस्सा पार्टी रहेगी। करीब सौ मीटर तक पुलिस जवान घेरा बनाकर चलेगें।
सुरक्षा में सीआरपीएफ के जवान भी शामिल रहेगें। जो प्रदेश में यात्रा के प्रवेश करने के बाद से ही साथ चल रहे है।

भस्मारती में शामिल होंगे, 30 और 1 अलसुबह की ऑनलाइन बुकिंग निरस्त

राहुल गांधी भगवान महाकाल का आशीर्वाद प्राप्त करने के लिये महाकालेश्वर मंदिर पहुंचेंगे। उनके भस्मारती में शामिल होने की भी संभावना है। इसी को देखते हुए महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति ने 30 नवम्बर और 1 दिसम्बर की अलसुबह होने वाली भस्मारती के ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन निरस्त कर दिये हैं। जानकारी के अनुसार राहुल गांधी सभा के बाद उज्जैन में ही विश्राम करेंगे। इस दौरान वह 30 नवम्बर की अलसुबह होने वाली भस्मारती अथवा 1 दिसम्बर अलसुबह की भस्मारती में शामिल हो सकते हैं। मंदिर प्रबंध समिति ने दोनों ही दिनों की अलसुबह की भस्मारती की ऑनलाइन बुकिंग निरस्त कर दी है। भस्मारती में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं ने पहले ही 30 नवम्बर और 1 दिसम्बर की बुकिंग करवा ली है। साथ ही उन्होंने उज्जैन आने के लिये रेलवे टिकट भी बुक करवा लिये हैं। एकाएक बीच में राहुल गांधी के भस्मारती में शामिल होने के चलते ऑनलाइन बुकिंग करवाने वाले श्रद्धालु परेशान हो रहे हैं। उनको फिर से भस्मारती में शामिल होने के लिये अलग से बुकिंग करवाना होगी।

वीवीआईपी कंटेनर में पहनेंगे सोला धोती

तपोभूमि से निकलने के बाद राहुल गांधी 2 से 3 बजे के बीच लगभग 2.50 बजे महाकालेश्वर मंदिर पहुंचेंगे। इसी को देखते हुए मंदिर प्रबंध समिति ने अपनी तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। सोमवार को एसपीजी सीआरपीएफ की टीम ने महाकालेश्वर मंदिर में उनके प्रवेश से लेकर सोला बदलने तक की व्यवस्था का निरीक्षण किया।
टीम के साथ एडीएम और कांग्रेस नेता भी शामिल रहे। जानकारी में आया है कि निर्गम गेट पर रखे वीवीआईपी कंटेनर में राहुल गांधी सोला धोती पहनेंगे। इसके बाद भगवान महाकाल के गर्भगृह से दर्शन और पूजा अभिषेक करेंगे।

Next Post

राजस्व निरीक्षक और कालोनाईजर से परेशान शंंकरलाल ने की परिवार सहित इच्छा मृत्यु की मांग

Mon Nov 28 , 2022
शाजापुर, अग्निपथ। कथित रिश्वत नहीं देने पर राजस्व निरीक्षक द्वारा कालोनाईजर पूजा अग्रवाल को नजूल की भूमि पर कब्जा दिलाए जाने के मामले में अब पीडि़त ने कलेक्टर को आवेदन सौंपकर परिवार सहित इच्छा मृत्यु की मांग की है। शहर के मारवाड़सेरी निवासी शंकरलाल पिता खेमराज ने सोमवार को शाजापुर […]