चोइथराम मंडी विवाद: पर्ची मांगने पर मंडी कर्मचारियों को पीटा

पांच कर्मचारी हुए घायल, थाने में दर्ज हुआ प्रकरण

इंदौर, अग्निपथ। चोइथराम सब्जी व फल मंडी में लोडिंग वाहन से सब्जियां लेकर निकले तीन लोगों से कर्मचारियों ने मंडी शुल्क की पची मांगी। इस पर लोडिंग में सवार लोगों ने विवाद शुरू कर दिया। विवाद बढऩे पर अन्य लोगों को फोन लगाकर बाहर से बुलाया गया। बाहर से आए लोगों ने आते ही मंडी कर्मचारियों और चौकीदारों के साथ मारपीट शुरू कर दी। मंडी कर्मचारी कुछ समझ पाते इससे पहले पचास के करीब लोग जमा हो गए। हमले में मंडी के पांच कर्मचारी घायल हुए हैं। मंडी प्रबंधन की शिकायत पर मारपीट और शासकीय कार्य में बाधा का केस दर्ज किया गया।

मंडी सचिव नरेश परमार ने बताया कि लोडिंग सवार लोगों ने पर्ची मांगने पर कहा कि हम नाना पटवारी के आदमी हैं। बिना पर्ची के वाहन बाहर जाएगा। इसके बाद उन्होंने फोन कर कुछ लोगों को बुला लिया, जो लाठियां लेकर पहुंचे और आते ही मारपीट शुरू कर दी। इसमें अंतरसिंह सिसोदिया का दांत तोड़ दिया गया, अजय चौधरी, सुरक्षाकर्मी कमल सिंह, रामलाल मिश्रा सहित पांच लोग घायल हुए हैं। चोइथराम मंडी नाके पर हुए किसान और गार्ड के विवाद के बाद राजेंद्र नगर पुलिस ने गार्ड के बयान और सीसीटीवी के आधार पर तीन आरोपियों के खिलाफ शासकीय कार्य मे बाधा ओर अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

सडक़ पर उतरे कांग्रेसियों ने की जोरदार नारेबाजी

शुक्रवार सुबह कांग्रेसी सडक़ों पर उतर गए। हाथों में कांग्रेस के झंडे लेकर कांग्रेसी सडक़ों पर नारेबाजी करते नजर आए। अवैध वसूली और भ्रष्टाचार के विरोध में कांग्रेसी नारेबाजी करते हुए आगे बढ़े और अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन भी दिया। ये प्रदर्शन इंदौर जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में चोइथराम मंडी के मेन गेट पर हुआ। इंदौर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सदाशिव यादव ने बताया चोइथराम मंडी के मेन गेट के नाकों पर हो रही अवैध वसूली के खिलाफ एवं किसानों की अन्य समस्याओं को लेकर ये प्रदर्शन किया और ज्ञापन दिया।

किसानों की समस्या और सफाई का मुद्दा

उन्होंने कहा मंडी गेट के नाकों पर भ्रष्टाचार का बोलबाला है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को सब्जी, उपज और फल बेचने के लिए रिश्वत चुकाना पड़ रही है। बाहर से आने वाले किसानों को वहां रुकने, ठहरने की कोई व्यवस्था नहीं है और न ही पानी की व्यवस्था है। मंडी में गंदगी एवं मच्छरों का प्रकोप है, किसी तरह की साफ-सफाई नहीं है। उन्होंने कहा कि किसानों के लिए बनाए गए टीन शेड पर भी भारी भ्रष्टाचार हुआ है। आए दिन मंडी में जाम लग जाता है, जिसके कारण किसान परेशान होते है।

ऑनलाइन टैक्स की मांग

टोल नाकों पर मंडी टैक्स जो लिया जाता है उसे ऑनलाइन किया जाए ताकि उस पर भ्रष्टाचार न हो सके और मंड़ी को टैक्स ऑनलाइन मिले। मंडी में करोड़ों रुपए की सब्जियां, फल और आलू-प्याज आता है। मंडी में बाहर के व्यापारी भी माल खरीदने आते हैं। हजारों की संख्या में खेरची व्यापारी भी माल खरीदते है। यादव ने आरोप लगाया कि इन लोगों से नाकों पर अवैध वसूली की जाती है। मंडी टैक्स सरकार के खाते में न जाते हुए कर्मचारियों द्वारा 5, 10 और 20 रुपए की रसीद काटी जाती है। बाकी टैक्स का पैसा अपनी जेब में डालकर भ्रष्टाचार कर इस भ्रष्टाचार का पैसा ऊपर तक बढ़ता है। रोजाना 4 से 5 लाख रुपए की टैक्स चोरी किया जा रहा है। यहीं वजह है कि कई कर्मचारी कई सालों से मंडी में जमे हुए है उनका तबादला यदि होता है तो वे तबादला मोटी रकम देकर कैंसिल करा लाते है।

कांग्रेसियों ने की नारेबाजी

इन मुद्दों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों और कांग्रेसियों ने मंडी गेट पर पहुंचकर मंडी प्रशासन के खिलाफ अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसी हाथों में कांग्रेसी झंडे लिए नजर आए। कांग्रेसियों ने अवैध वसूली बंद करो…किसान एकता जिंदाबाद… किसानों पर अत्याचार बंद करो…जैसे नारे लगाए। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि अगर जो मांग की गई है वह नहीं मानी गई तो जिला कांग्रेस किसानों को साथ लेकर उग्र आंदोलन करेगी।

आलू, प्याज के वाहनों के लिए एक घंटे का बढ़ाया समय

देवी अहिल्याबाई होलकर फल व सब्जी मंडी में पहले आलू, प्याज और लहसुन के किसानों को रात्रि 11 बजे प्रवेश दिया जाता था लेकिन किसान संगठन लंबे समय से प्रवेश का समय और “भी पहले करने यानी बढ़ाने की मांग कर रहे थे। इसको देखते हुए मंडी प्रशासन ने बैठक बुलाकर सर्वसम्मति से समय में बदलाव करते हुए समय एक घंटा बढ़ा दिया है।

Next Post

1500 टिकट विंडो पर कम्प्यूटर आपरेटर ले रहा रुपये, गिनती में हो रही गड़बड़ी

Fri Dec 2 , 2022
टिकट सर्वर काबार-बार डाउन होना भी बन रहा कारण उज्जैन, अग्निपथ। श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग में भगवान महाकाल के गर्भगृह से दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं का तांता लग रहा है। भीड़ को जल्दी निपटाने के चक्कर में विंंडो पर तैनात कर्मचारियों से कोई भी श्रद्धालुओं से रुपये ले लेता है। लिहाजा […]