महिदपुर में कानून राज की जगह विधायक का जंगल राज

भाजपा कार्यकर्ता और जिला पंचायत सदस्य श्याम सिंह चौहान ने लगाया आरोप

उज्जैन, अग्निपथ। महिदपुर विधानसभा क्षेत्र में इन दिनों कानून व्यवस्था के राज की जगह भाजपा के बाहुबली विधायक बहादुर सिंह चौहान का गुंडाराज व जंगलराज चल रहा है। अपने राजनैतिक व सामाजिक विरोधियों को नेस्तनाबूद करने की रणनीति को अंजाम तक पहुँचाने में शासन-प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी भी विधायक के जरखरीद गुलामों की तरह कार्य कर रहे हैं।

विधायक पर यह आरोप भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता और जिला पंचायत के सदस्य श्याम सिंह चौहान ने स्थानीय सुराना पैलेस में आयोजित भीड़ भरी पत्रकार वार्ता में लगाये। महिदपुर विधानसभा क्षेत्र की झारड़ा तहसील के ग्राम तालोट में निवास करने वाले जाति से सौंधिया श्याम सिंह चौहान ने पत्रकारों के समक्ष महिदपुर विधानसभा की अराजक स्थिति का विवरण दिया।

सन् 2015 में भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चे के महामंत्री के साथ ही पार्टी के अन्य महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके श्याम सिंह ने बताया कि पार्टी के वर्तमान विधायक बिहार-उत्तरप्रदेश की तर्ज पर कार्य कर रहे हैं। सत्ता के नशे में चूर विधायक बहादुर सिंह चौहान अपने विरोधियों को श्मशान की चिता तक पहुँचाने की धमकी देते हैं। ऐसा नहीं है कि वह विरोधी दल काँग्रेस के नेताओं कार्यकर्ताओं पर ही निशाना लगाते हैं वह अपनी ही भारतीय जनता पार्टी के लोगों पर भी जो उनकी कार्यप्रणाली के विरोधी है उनके खिलाफ भी षडय़ंत्र कर पुलिस-प्रशासन की मदद से झूठे प्रकरण दर्ज करवाकर उन्हें समर्पण करने पर मजबूर कर रहे हैं।

जिला पंचायत सदस्य श्यामसिंह चौहान ने बताया कि उनके ही साथ प्रताप सिंह आर्य जो कि भाजपा से ही है और जिला पंचायत सदस्य है उन पर भी विधायक बहादुर सिंह ने प्रशासन की मदद से 307 जैसी गंभीर धाराओं में झूठा प्रकरण दर्ज करवा दिया है।

उन्होंने बताया कि विधायक के दुष्कर्मों की शिकायत सत्ता से लेकर संगठन तक की गयी परंतु उन्हें निराशा ही हाथ लगी। भाजपा ग्रामीण अध्यक्ष से लेकर शीर्ष नेतृत्व तक धृतराष्ट्र बना हुआ है।

निर्दलीय चुनाव लडऩे की घोषणा

सौंधिया समाज से ही ताल्लुक रखने वाले श्याम सिंह चौहान का कहना है कि अपने दुष्कर्मों से भाजपा की छवि धूमिल करने वाले वर्तमान विधायक बहादुर सिंह को पार्टी ने यदि फिर से अपना उम्मीद बनाया तो वह स्वयं या प्रतापसिंह आर्य समाज का प्रतिनिधित्व करते हुए निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव में उतरेंगे और क्षेत्र की जनता को विधायक के आतंक से मुक्त करेंगे।

Next Post

कार में मिली गुजरात के चालक की लाश, शराब की बोतल-गिलास मिला

Mon Feb 27 , 2023
उज्जैन, अग्निपथ। गुजरात से आए चालक की सोमवार दोपहर कार से लाश बरामद होना सामने आया है। मृतक के पास शराब की बोतल और गिलास मिला है। पुलिस ने मर्ग कायम कर परिजनों को सूचना दी है। महाकाल थाना पुलिस ने बताया कि दोपहर में नृसिंहघाट के पास खड़ी कार […]