मैं गर्व से कहता हूं कि मैं हिंदू हूं मगर बेवकूफ नहीं – कमलनाथ

5 सूत्री संकल्प के साथ कमलनाथ ने की गर्जना, सच्चाई की होगी जीत आपका आशीर्वाद चाहिए

महिदपुर, अग्निपथ। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथजी सोमवार को हेलिकाप्टर से महिदपुर पहुंचे। हेलीपेड से सीधे आंजना धर्मशाला में मंडलम, सेक्टर व प्रकोष्ठ की बैठक को संबोधित किया तथा पत्रकार वार्ता को भी संबोधित किया। आमसभा स्थल पर आते ही मंच के नीचे जनता के बीच जाकर उनका अभिवादन स्वीकार किया।

मंच पर पहुंचते ही पूर्व विधायक स्वर्गीय डॉक्टर कल्पना परुलेकर के चित्र पर माल्यार्पण किया। पश्चात पुष्प मालाओं से विधानसभा कांग्रेस परिवार की ओर से कांग्रेस नेता रणछोड़ त्रिवेदी, प्रतापसिंह गुर, दिनेश जैन, जितेंद्र मंडोरा सहित ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष द्वय गजराजसिंह पंवार, भारत शर्मा व विक्रमसिंह सिसोदिया ने श्री नाथ का बड़ी पुष्पमाला से स्वागत किया। सभा को पूर्व में जिला प्रभारी शोभा ओझा, विधायक गण महेश परमार, दिलीप गुर्जर, रामलाल मालवीय व मुरली मोरवाल ने संबोधित किया। स्वागत भाषण जिला कांग्रेस अध्यक्ष कमल पटेल ने दिया। सभा का संचालन जिला कांग्रेस प्रवक्ता अरुण बुरड़ ने किया।

आम सभा को संबोधित करते हुए कमलनाथ ने कहा कि यह मध्यप्रदेश नहीं, चौपट प्रदेश है। यहां की सरकार चौपट है। यहां की शिक्षा व्यवस्था चौपट है। यहा रोजगार चौपट है। यहां की कानून और स्वास्थ्य व्यवस्था भी चौपट है। मध्यप्रदेश में 18 वर्षों से शिवराज सिंह चौहान की सरकार है, जिसके पास बताने के लिए कोई विकास कार्य नहीं है। इनके कार्यकाल में भ्रष्टाचार जरूर बढ़ा है। कुछ महीने और फिर मध्यप्रदेश मे कांग्रेस की सरकार आ रही है।

कमलनाथजी ने कहा कि महिदपुर वह क्षेत्र है, जहां मध्यप्रदेश में उज्जैन जिले में सबसे ज्यादा भ्रष्टाचार होता है। भ्रष्टाचार ऊपर से शुरू होकर नीचे तक पहुंचता है। इस सरकार से प्रदेश का हर वर्ग परेशान है। मजदूर परेशान है। युवा बेरोजगारी से परेशान है। किसान खाद-बीज न मिलने से परेशान है। व्यापारी वर्ग भी नई-नई नीतियों के कारण परेशान हो रहे हैं।

हमारी चिंता यही है कि मध्यप्रदेश को आखिर कैसे सुरक्षित रखा जा सके? धर्म के नाम पर जो राजनीति करते हैं, उन्होंने धर्म को भी भ्रष्टाचार का माध्यम बना लिया है। महाकाल लोक का घोटाला एक ऐसा घोटाला है, जिससे पूरे विश्व में मध्य प्रदेश सरकार कलंकित हुई है। मध्य प्रदेश की इस खोखली सरकार को विदा करने का समय आ गया है और हम मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को विदा करने के लिए बिल्कुल तैयार है।

मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के निशाने पर पहले अफसर थे, अब पुलिस आ गई है। उन्होंने उज्जैन के महिदपुर में पुलिस को चेतावनी दे दी। उन्होंने कहा कि पुलिस लोगों को परेशान कर रही है। पुलिस वालों को वर्दी की इज्जत करना सीख लेना चाहिए। वरना कमलनाथ की चक्की देर से चलती है मगर बहुत बारीक से पीसती है।

कमलनाथ ने 5 सूत्रीय संकल्प को जनता के सामने प्रस्तुत किया जिसमें 500 में गैस टंकी, किसानों का कर्जा माफ, 100यूनिट के बिजली बिल माफ 200 यूनिट माफ़, 1500रुपए महिला सम्मान राशि का वचन जनता को दिया।

नाथ ने कहा कि शिवराज सिंह को 18 वर्षों के बाद बहनों की याद आई ,कर्मचारियों की याद आई मे तो कहता हूं कि संविदा कर्मचारियों व कॉन्ट्रैक्ट को परमानेंट कर देते तो बहुत होता मगर आपने कर्मचारियों को झूठा आश्वासन ही दिया । मैं शिवराज से गाना गाने में ,झूठ बोलने में ,नाचने में नहीं हरा सकता क्योंकि मैं झूठ नहीं बोलता मैं विकास व बेरोजगारी को दूर करने में विश्वास रखता हूं । हमारी संस्कृति व सभ्यता जोडऩे की है ना कि तोडऩे की।

वही उन्होंने कहा कि हाँ में गर्व से कहता हूं कि मैं हिंदू हूं मगर मे बेवकूफ नहीं हूं। हम सब बाबा साहब अंबेडकर के बनाए संविधान से चलते हैं और महिदपुर के बारे में आपने कहा मुझे सब मालूम है कि यहां भ्रष्टाचार वह गुंडागर्दी चरम सीमा पर हे साथ ही यहां पर डटे पुलिस व अधिकारियों जोकि काफी समय से टीके हुए हैं उन पर भी चुटकी लेते हुए कहा कि अब मुझे देखना पड़ेगा । प्रदेश का विकास व बढ़ती बेरोजगारी बढ़ती महंगाई से आपको निजात दिलाने का संकल्प के साथ आप सभी का आशीर्वाद लेने आया हूं, पूर्व में आप सभी ने हमें अपना अमूल्य मत देकर कांग्रेस की सरकार बनाई थी मगर शिवराज ने फ्रॉड तरीके से हमारी सरकार पर कब्जा किया। सभा में बड़ी संख्या विधानसभा क्षेत्र के साथ पूरे जिले कांग्रेस कार्यकर्ता व ग्रामीण जन उपस्थित थे। अंत में आभार ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष गजराजसिंह पंवार ने माना।

Next Post

धार्मिक यात्रा पर आया भोपाल का युवक क्षिप्रा नदी में डूबा

Mon Jun 19 , 2023
12 घंटे में 2 की गई जान, लगातार बढ़ रहे हादसे उज्जैन, अग्निपथ। क्षिप्रा नदी में सोमवार सुबह 5 बजे भोपाल का युवक डूब गया। दोस्तों ने शोर मचाया लेकिन काफी देर तक कोई बचाने नहीं पहुंचा। एक घंटे बाद तैराको ने सूचना मिलने पर युवक का बाहर निकाला, उसकी […]
डूबा