भगवान महाकाल की चौथी सवारी : सीएम शिवराज ने सपत्नी पालकी पूजन कर भूतभावन का लिया आशीर्वाद

शिव तांडव निकले नगर भ्रमण पर, शिव-साधना ने की पूजन

उज्जैन, अग्निपथ। सावन के तीसरे सोमवार पर उज्जैन के राजाधिराज भगवान महाकाल प्रजा का हाल जानने शिव तांडव के रूप में निकले। सोमवार को निकली सवारी में चांदी की पालकी में चंद्रमौलेश्वर और हाथी पर मनमहेश महाकाल सवारी के साथ चले। सीएम शिवराज सिंह चौहान भी परिवार के साथ महाकाल की सवारी में शामिल हुए।

उनके साथ मंत्री मोहन यादव, महापौर मुकेश टटवाल, सांसद अनिल फिरोजिया सहित कई भाजपा नेता मौजूद थे। इससे पहले सीएम शिवराज सिंह ने बाबा महाकाल के दर्शन कर अभिषेक किया। इसके बाद बाबा की पालकी की पूजा-अर्चना की।

दोपहर तीन बजे श्री महाकालेश्वर की पूजन-अर्चन सभा मंडप में प्रारंभ हुई। प्रारंभ में मंदिर पुजारी श्री घनश्याम शर्मा ने परंपरागत पूजन व आरती की। इसके बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, उनकी पत्नी साधना सिंह ने भगवान महाकाल का पूजन कर सवारी को रवाना किया। मुख्यमंत्री शिवराज और उनकी पत्नी साधना सिंह महाकाल मंदिर का ध्वज हाथों में लेकर सवारी में पालकी के आगे-आगे पैदल चले। सवारी में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, भजन मंडली, पुलिस बैंड भी साथ थे।

भगवान महाकाल की सवारी शाम करीब साढ़े 5 बजे शिप्रा घाट पहुंची। यहां दत्त अखाड़ा की ओर से बाबा महाकाल का स्वागत कर पूजन-आरती की गई। शिप्रा तट पर भी सीएम शिवराज व उनकी पत्नी साधना सिंह ने श्री महाकालेश्वर की पूजन की। यहां से परंपरागत मार्ग सत्यनारायण मंदिर, ढाबा रोड, छत्री चौक, गोपाल मंदिर, सराफा, पटनी बाजार और महाकाल घाटी होते हुए सवारी वापस महाकाल मंदिर पहुंची।

गर्भगृह में किया सीएम शिवराज ने पूजन

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ उनकी धर्मपत्नी श्रीमती साधना सिंह एवं पुत्र कार्तिकेय एवं कुणाल के साथ श्रावण माह के तृतीय सोमवार 24 जुलाई को उज्जैन आये। श्री महाकालेश्वर मंदिर में भगवान श्री महाकालेश्वर का इन्होंने गर्भगृह से पूजन-अभिषेक किया और सबके कल्याण, बेहतर स्वास्थ्य, सभी सुखमय रहे इस हेतु से संपूर्ण सृष्टि के कल्याण के साथ-साथ जीव चराचर के कल्याण की भी कामना की। पूजन श्री महाकालेश्वर मंदिर के पुजारी अभिषेक शर्मा (बाला गुरु), पुरोहित सुभाष शर्मा ने संपन्न करवाई।

Next Post

भस्मारती के लिए रात 12 बजे से लगी कतार

Mon Jul 24 , 2023
सावन के तीसरे सोमवार पर हजारों ने दर्शन, चलित दर्शन का मिला लाभ उज्जैन, अग्निपथ। सावन महीने के तीसरे सोमवार 24 जुलाई को उज्जैन के श्री महाकालेश्वर मंदिर में दर्शनार्थियों का तांता लगा हुआ है। भस्म आरती के लिए रात 12 बजे से भक्त मंदिर पहुंच चुके थे। तडक़े 2.30 बजे […]