उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज आयेंगे उज्जैन

महाकाल दर्शन के बाद भर्तृहरि गुफा में करेंगे गुरू गोरखनाथ की पूजन

उज्जैन, अग्निपथ। श्री महाकालेश्वर मंदिर में बाबा महाकाल के दर्शन करने के लिए बुधवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहुंचेगें। भगवान महाकाल के दर्शन पूजन के बाद वे नाथ सम्प्रदाय के प्रमुख स्थान श्री भर्तृहरि गुफा भी जाएंगे। यहां पर गुरू गोरखनाथ के दर्शन पूजन करने का कार्यक्रम है। उनके आने के पहले ही सुरक्षा एजेंसी के सदस्यों ने श्री महाकालेश्वर मंदिर और भर्तृहरि गुफा पहुंचकर तैयारी शुरू कर दी है।

उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री बनने के बाद योगी आदित्यनाथ पहली बार उज्जैन आकर बाबा महाकाल के दर्शन करेंगे। योगी आदित्यनाथ अखिल भारतीय भेष बारह पंथ नाथ संप्रदाय के अध्यक्ष भी है। भर्तृहरि गुफा के पीर महंत रामनाथ महाराज ने बताया कि योगी आदित्यनाथ हेलिकाप्टर से करीब 11 बजे उज्जैन पहुंचकर सबसे पहले श्री महाकालेश्वर मंदिर जाकर भगवान महाकाल का पूजन करेंगे।

इसके बाद भर्तृहरि गुफा आएंगे। यहां पर परंपरा अनुसार 101 बटुकों के मंत्रोच्चार के बीच रुद्राक्ष एवं मोतियों की मालाएं से स्वागत किया जाएगा तथा पीतल का त्रिशूल भेंट किया जाएगा। वे यहां गुरू गोरक्षनाथ, राजा भर्तृहरि और गोपीचंद महाराज की तपस्या स्थली के दर्शन करेंगे। साथ गोशाला जाकर गाय माता की सेवा करेगें।

रामनाथ महाराज ने बताया कि योगी आदित्यनाथ के उज्जैन आगमन की सूचना नाथ संप्रदाय के मुख्यालय गोरखपुर से स्थानीय मठ भर्तृहरि गुफा में प्राप्त हो चुकी है। मुख्यमंत्री योगी को जेड प्लस सुरक्षा होने से मुख्यमंत्री के आगमन से पूर्व सुरक्षा एजेंसियां भी यहां पहुंच गई है।

गाय के दूध, घी से करेंगे अभिषेक

सीएम योगी आदित्यनाथ गर्भगृह में जाकर भगवान महाकालेश्वर का पंचामृत पूजन करेंगे। इसके लिए भर्तृहरि गुफा की गौशाला से गिर नस्ल की गाय का दूध, घी महाकाल मंदिर पहुंचाया जाएगा। इससे भगवान के लिए पंचामृत तैयार किया जाएगा। वहीं विभिन्न प्रकार के फलों के रस से भी अभिषेक करेंगे। भर्तृहरि गुफा में गिर नस्ल की गाय बड़ी संख्या में है।

सिंहस्थ 2016 में आए थे योगी

महंत रामनाथ महाराज ने बताया कि योगी आदित्यनाथ 2016 के सिहंस्थ के दौरान उज्जैन आए थे। यहां आकर वे भर्तृहरि गुफा में रूके थे। उत्तरप्रदेश की यात्रा के दौरान महंत रामनाथ महाराज ने उन्हें उज्जैन आने का न्योता दिया था। इसके अंतर्गत ही वे उज्जैन आ रहे हैं। जब वे सिंहस्थ 2016 में भर्तृहरि गुफा आए थे तब वे उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री नही थे।

हवाई मार्ग से पहुंचेगे उज्जैन

योगी आदित्यनाथ दोपहर 12.30 बजे हवाई मार्ग से इंदौर के देवी अहिल्याबाई होल्कर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। पश्चात 12.35 बजे यहां से हवाई मार्ग से होते हुए 12.55 बजे उज्जैन के पुलिस लाइन हेलीपेड पर उतरेंगे। यहां से दोपहर 1 बजे अपने तय कार्यक्रम में भाग लेने के लिये रवाना होंगे। उनके आगमन को लेकर जहां पुलिस विभाग अलर्ट मोड में है, वहीं स्वास्थ्य विभाग ने भी खाने की टेस्टिंग से लेकर उनके कारकेड, हेलीपेड, महाकाल मंदिर तक के लिये स्वास्थ्य विभाग का पूरा अमला झोंक दिया है। इसमें विशेषज्ञ डॉक्टर्स से लेकर फार्मासिस्ट, लेब टेक्नीशियन, नर्सिंग आफिसर, वार्ड बॉय, वाहन चालक, सहयोगी स्टाफ आदि को अलर्ट मोड पर रहने को कहा गया है।

Next Post

लोकल वाहन से भी वसूल रहे टोल, परेशान ग्रामीण ने जनसुनवाई में की शिकायत

Tue Sep 12 , 2023
उज्जैन, अग्निपथ। तराना के ग्राम सुमराखेड़ा निवासी कैलाश पंवार ने आवेदन दिया कि उन्होंने एक छोटी लोडिंग गाड़ी फायनेंस से खरीदी है तथा अपने परिवार का भरण-पोषण इसी से करते हैं। सुमराखेड़ा और कायथा के बीच में चार किलो मीटर दूर टोल टैक्स है। उन्होंने कई बार टोल टैक्स वाले […]