अनंत चतुर्दशी पर निकल रही झांकियों पर पथराव, गाडिय़ों में तोडफ़ोड़

12 लोग घायल, दुकानों में आग भी लगाई

धार, अग्निपथ। जिले के ग्राम कुक्षी में अनंत चतुर्दशी की रात में दो पक्षों में विवाद के दौरान चलसमारोह में निकल रही झांकियों के साथ चल रहे लोगों पर मुस्लिम समुदाय के लोगों ने पथराव कर दिया। जिसके बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। जुलूस के साथ मौजूद पुलिसकर्मियों ने विवाद को रोकने की कोशिश की व पत्थर फेंकने वालों को भी खदेड़ा।

सूचना के बाद थाने का अतिरिक्त पुलिस बल भी मौके पर पहुंचा, किंतु तब तक पथराव में पुलिसकर्मी सहित कुल एक दर्जन लोग घायल हो गए। विवाद के दौरान दुकानों में आग भी लगा दी गई थी। हालांकि समय रहते पुलिस प्रशासन ने विवाद को शांत कर दिया, अन्यथा जिले में कल रात के समय बडा सांप्रदायिक तनाव हो सकता था।

पुलिस के अनुसार अनंत चतुर्दशी पर गणेश प्रतिमा विसर्जन के बाद रात में झाकियां सहित जुलूस कुक्षी में निकाला जा रहा था। रात करीब 12 बजे बाडपुरा मोहल्ले में जुलूस पहुंचा। तभी मुस्लिम समुदाय के लोगों ने पथराव शुरू कर दिया था। जुलूस के साथ मौजूद लोग कुछ समझ पाते इसके पहले ही पथराव के कारण अफरा-तफरी मच गई।

पथराव की सूचना पूरे कुक्षी नगर में आग की तरह फैल गई, लोग सडकों पर आ गए व मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र की ओर जाने की कोशिश करने लगे। हालांकि पुलिसकर्मियों ने भीड़ को मौके से हटाकर पत्थर फेंकने वाले लोगों को भी रोका। इधर अचानक हुए घटनाक्रम के बाद झाकियां सहित जुलूस भी अपने नियत पूरे मार्ग पर भ्रमण नहीं कर पाया व जुलूस को बंद कर दिया गया।

लोगों को आई चोट

जुलूस के कारण सडक़ पर भीड़ अधिक थी, अचानक हुए पथराव के कारण लोगों को चोट आई है। जिसमें पुलिस जवान भी शामिल है। कुक्षी अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार चिराग, राहुल, भारत, लक्की, लोकेश, बिसनसिंह, राहुल, मनोज सहित अन्य लोग पथराव में घायल हुए है।

अचानक हुए विवाद के बाद आसपास के थानों का भी अतिरिक्त बल कुक्षी भेजा गया, जिसके बाद पुलिस ने पूरे मामले को रात में ही शांत कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही प्रदेश मंत्री व भाजपा प्रत्याशी जयदीप पटेल, पूर्व विधायक रंजना बघेल घायलों से चर्चा करने के लिए अस्पताल पहुंचे। यहां पर भाजपा नेताओं ने पथराव करने वाले दोषियों के खिलाफ कडी कार्यवाही की मांग रखी है।

गाने पर नाचने को लेकर हुआ था विवाद

जुलूस के साथ मौजूद लोगों ने बताया कि बाडपुरा क्षेत्र से झांकियां सहित डीजे वाहन निकल रहा था। इस दौरान युवा नाच रहे थे। जहां पर नाचने के दौरान धक्का लगने पर सबसे पहले कहासुनी दोनों पक्षों के युवकों में हुई थी। मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र के रोड से ही जुलूस निकल रहा था। हालांकि यहां पर दोनों पक्ष शांत हो गए थे, किंतु महज कुछ देर में ही कुछ लोग एकत्रित हुए व अचानक पत्थर फेंकना शुरु कर दिया।

पथराव में प्रमोद डागा सहित बिसन नाम के दो प्रधान आरक्षक घायल हुए है। दो दुकान में आग, बाइकों में तोडफ़ोडड़ बाडपुरा मोहल्ले से शुरु हुआ विवाद पूरे नगर में फैल गया। जुलूस देखने के लिए आए लोग भी पथराव की घटना के बाद आक्रोशित हो गए।

करीब डेढ घंटे चले विवाद के दौरान एक कपड़े की दुकान व मोबाइल की दुकान में अज्ञात लोगों ने आग लगा दी थी, हालांकि कुक्षी नगर परिषद का फायर वाहन मौके पर पहुंचा व आग पर काबू पा लिया गया था। इन दुकानों में रखा पूरा सामान जलकर खाक हो चुका है। वहीं नगर में अलग-अलग स्थानों पर 8 से अधिक बाइकों को क्षतिग्रस्त किया गया, रात में ही कुछ लोगों ने दुकानों के ताले तोडक़र भी दुकानों में तोडफ़ोड़ की है।

अधिकारियों ने किया दौरा

कल रात में हुए घटनाक्रम के बाद थानों का पुलिसबल मौके पर पहुंच गया था। शुक्रवार सुबह कलेक्टर प्रियंक मिश्रा, एसपी मनोज कुमार सिंह भी कुक्षी पहुंचे, अधिकारियों ने सबसे पहले बाडपुरा क्षेत्र का निरीक्षण किया। यहां पर स्थानीय अधिकारियों से विवाद की वजह को समझा। कलेक्टर व एसपी ने स्थानीय प्रशासन को पथराव करने वाले व तोडफोड करने वालों को चिन्हित कर प्रकरण दर्ज करने के निर्देश दिए है। शुक्रवार सुबह से ही पूरे नगर में पुलिस बल पर्याप्त संख्या में तैनात किया गया है। साथ ही सुरक्षा की दृष्टि से आसपास के इलाकों में भी अधिकारी लगातार भ्रमण कर रहे है।

गुरुवार रात में हुई घटना को लेकर वीडियो खंगाले जा रहे हैं, इसमें शामिल कुछ लोगों को चिन्हित किया जा रहा है। शुक्रवार सुबह से ही पूरे क्षेत्र में शांति हैं, हर चौराहे पर पुलिस व प्रशासन की टीम मौजूद है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी। घटना में हुए नुकसान को लेकर सर्वे करवाया जा रहा है।

-अश्विनी कुमार रावत एडीएम

कुक्षी में अनंत चतुर्थी के चल समारोह के दौरान दो समुदाय के बीच हुए विवाद में अज्ञात लोगों पर प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। अब शहर में शांति का माहौल है। वहीं शहर में पुलिस तैनात है।

मनोजकुमार सिंह, एसपी, धार

Next Post

तराना थाना क्षेत्र में अंधे कत्ल के अलावा एक हत्या और हुई

Fri Sep 29 , 2023
पुलिस ने दोनों वारदात के आरोपी को दबोचा तराना, अग्निपथ। थाना क्षेत्र के क्रमश ग्राम करंज व ग्राम आबादखेड़ी में हुई हत्या के मामले में पुलिस ने सक्रियता के साथ आरोपियों को दबोचने में सफलता प्राप्त की। खास बात यह रही कि आबादखेड़ी में कुएं में युवक की लाश मिलने […]