टक्कर के बाद बेकाबू ट्रक ने 5 को रौंदा, 4 की मौत

शुक्रवार शाम को अकोदिया-शुजालपुर मार्ग पर हुआ भीषण सडक़ हादसा

शाजापुर, अग्निपथ। जिला मुख्यालय से करीब 65 किमी दूर शुजालपुर-अकोदिया मार्ग पर भीषण सडक़ हादसा हो गया। जब एक ट्रक और ट्रेक्टर की भिड़ंत के बाद ट्रक बेकाबू हो गया। जिसने सडक़ किनारे खड़े 5 लोगों को रौंद दिया। इनमें से 4 लोगों की मौत हो गई। साथ ही एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सभी मृतक एक ही परिवार के बताए जा रहे है। मरने वालों में एक गर्भवती महिला भी शामिल है।

जानकारी के अनुसार हादसे में प्रभावित लोग खेत से सोयाबीन काटने के बाद घर जाने के लिए खडे थे। तभी यह हादसा हुआ। बताया जाता है कि घटना शुक्रवार शाम करीब 7.30 बजे ट्रक (यूपी 77 टी 9571) शुजालपुर से अकोदिया जा रहा था। तभी राणोगंज के समीप यह ट्रक भूसे से भरी हुई ट्रैक्टर-ट्राली से टकराने के बाद अनियंत्रित हुआ और सडक़ के साइड में खड़े ग्रामीणों को कुचलता हुआ सडक़ से नीचे उतर गया।

इस हादसे में अमन पिता गणपत, वर्षा पति अमन, लीला देवी पति गणपत एवं नीति पिता अनोखीलाल की घटना स्थल पर मृत्यु हो गई। जबकि राहुल पिता गणपत गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जाता है कि ये सभी खेत से सोयाबीन की कटाई करने के बाद घर जाने के लिए सडक़ के किनारे खडे थे। सभी मृतक ग्राम खेडीनगर के निवासी बताए जा रहे है।

आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्कजाम

घटना की जानकारी लगते ही शुजालपुर मंडी सिटी व आसपास के थानों से पुलिस बल एवं अधिकारी मौके पर पहुंचे। मृतकों व घायल हो एम्बुलेंस में शुजालपुर अस्पताल लाया गया। इधर इस घटना से गुस्साएं ग्रामीणों ने कुछ समय के लिए मार्ग को जाम कर दिया। बताया जाता है कि मृतकों में एक महिला गर्भवती भी थी। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद सिविल अस्पताल से निजी अस्पताल ले जाया गया।

Next Post

इंदौर रेलवे स्टेशन पर दिखेगी महाकाल संस्कृति की झलक

Fri Oct 6 , 2023
रेलमंत्री वैष्णव का ऐलान, 60 फीट चौड़ा रूफ प्लाजा बनेगा उज्जैन, अग्निपथ। इंदौर-1 क्षेत्र में शुक्रवार को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव आए। उन्होंने लक्ष्मीबाई रेलवे स्टेशन का दौरा किया और इसके विस्तार की प्लानिंग का ब्योरा दिया। उन्होंने कहा कि इंदौर में छह दिशा में रेलवे लाइन जुडऩे जा रही […]
महाकालेश्वर मंदिर shikhar