विक्की यादव ने आम आदमी पार्टी छोड़ी, कांग्रेस में फिर से वापसी

जन्मजात कांग्रेसी हूं और पार्टी जो भी काम देगी वह करूंगा : विक्की यादव

उज्जैन, अग्निपथ। कांग्रेस से बगावत करके आम आदमी पार्टी में शामिल विक्की यादव ने फिर से कांग्रेस में वापसी कर ली है। विक्की यादव ने वापसी के संबंध में बयान जारी करके कहा कि वे उत्तर विधानसभा से टिकट नहीं मिलने से नाराज थे। इसलिए लगातार प्रदर्शन कर रहे थे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ, मप्र कांग्रेस प्रभारी रणदीप सुरजेवाला, दिग्विजय सिंह लगातार फोन पर बात कर रहे थे। शहर कांग्रेस अध्यक्ष रवि भदौरिया, जिला प्रभारी शोभा ओझा, कुलदीप इंदौरा ने घर आकर बात की और कमलनाथ के बंगले पर लेकर गए थे। जहां रणदीप सुरजेवाला और कमलनाथ से चर्चा करने के बाद मुझे कांग्रेस के लिए काम करने के निर्देश दिए हैं। विक्की ने प्रेस का जारी बयान में कहा कि कांग्रेस पार्टी जो भी उन्हें काम देगी, उसे करेंगे। यह बयान प्रेस को विक्की यादव के मीडिया प्रभारी राजेश तिवारी ने जारी किया है।

उज्जैन उत्तर की कांग्रेस प्रत्य़ाशी के पास शहर अध्यक्ष के साथ पहुंचे विक्की यादव।

सुरजेवाला का वीडियो जारी किया

विक्की यादव के मीडिया का काम संभाल रहे राजेश तिवारी ने विक्की यादव और रणदीप सुरजेवाला, कमलनाथ, कांग्रेस प्रत्याशी माया राजेश त्रिवेदी, शहर कांग्रेस अध्यक्ष रवि भदौरिया का फोटो जारी किया है। इसमें विक्की यादव भी मौजूद थे। तिवारी का कहना है कि विक्की यादव ने आम आदमी पार्टी ज्वाईन नहीं की थी।

पोरवाल भी चेतन के समर्थन में आए

कांग्रेस नेता भरत पोरवाल भी दक्षिण से कांग्रेस प्रत्याशी चेतन यादव के समर्थन में आ गए हैं। एक दिन पहले वे निर्दलीय चुनाव लडऩे का दावा कर रहे थे। परन्तु एक दिन बाद ही चेतन यादव को जिताने की बात करने लगे हैं। उनका दावा कि चुनाव भू माफिया और गुंडों के खिलाफ है। चेतन यादव को भारी मतों से जिताना है।

विक्की ने धोखा दिया, जनता के सामने लेकर जाएंगे

आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष शहर अभिषेक शर्मा का कहना है कि उन्हें भी विक्की यादव के वापस कांग्रेस में जाने की जानकारी वाट्सएप के माध्यम से मिली है। वे संगठन मंत्री संजय पाठक को फोन लगा रहे थे। परन्तु उन्होंने फोन नहीं उठाया है। वे सीधे संगठन से टिकट लेकर आए थे, परन्तु वापस कांग्रेस में चले गए हैं। यह पार्टी के साथ धोखा माना जाएगा। वैसे भी कांग्रेस नेताओं की पुरानी आदत है। अब आम आदमी पार्टी उनके कृत्य को जनता के सामने लेकर जाएगी। वे खुद ही पार्टी में आए थे और खुद ही चले गए हैं।

भदौरिया बोले-कांग्रेस नेता विक्की यादव कांग्रेस के लिए काम करेंगे

शहर कांग्रेस अध्यक्ष रवि भदौरिया ने कहा कि वे और प्रभारी शोभा ओझा विक्की यादव के घर गए थे। उनके साथ प्रत्याशी माया राजेश त्रिवेदी भी थी। तीनों ने विक्की यादव को उनके ही घर पर भगवान महाकाल का दुपट्टा ओढ़ाकर कांग्रेस के लिए काम करने का आग्रह किया है। भदौरिया का कहना है कि इस बार कांग्रेस की सरकार बनाना है। विक्की यादव जैसे नेता कांग्रेस को मजबूत करेंगे। इसलिए सभी कांग्रेस नेताओं को संगठन के लिए एकजुट किया जा रहा है।

Next Post

घर लौट रहे मजदूर को अज्ञात वाहन ने कुचला

Tue Oct 24 , 2023
उज्जैन, अग्निपथ। बीती रात घर लौट रहे मजदूर को अज्ञात वाहन ने कुचल दिया। उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाया गया। जहां कुछ देर चले उपचार के बाद मौत हो गई। मंगलवार सुबह पुलिस ने मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम कराया। तराना के ग्राम इटावा में रहने वाला राधेश्याम पिता […]