गोलीकांड का 16 दिन से फरार आरोपी साथी सहित गिरफ्तार

धार, अग्निपथ। शहर से लगे आमखेड़ा में हुए गोलीकांड में शामिल मुख्य आरोपी व सहयोगी को पुलिस ने धरदबोचा। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दोनों आरोपियों को धरदबोचा। इनके पास से पुलिस ने गोलीकांड में इस्तेमाल की गई पिस्टल बरामद की है।

शहर से लगे आमखेड़ा में 4 नवंबर को सुबह के वक्त गांव के ही विनोद पिता कैलाश निवासी आमखेड़ा ने पुराने झगड़े को लेकर विष्णु पिता वीरसिंह को गोली मार दी थी। इस गोलीकांड में फरियादी विष्णु को किडनी के पास गोली गली थी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हुआ था। इसके बाद इलाज के लिए विष्णु को इंदौर रेफर किया गया था। इस वारदात के बाद से ही आरोपी विनोद फरार चल रहा था। इसे पकडऩे के लिए नौगांव टीआई सविता चौधरी द्वारा टीम का गठन किया गया था। टीम गठन के बाद से आरोपी विनोद की तलाश की जा रही थी।

गांव में आने की सूचना पर पहुंची पुलिस

आरोपी विनोद वारदात के बाद से ही फरार चल रहा था। टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी विनोद और उसका सहयोगी गांव से कुछ सामान लेने आया है। इसकी सूचना पर पुलिस ने गांव में घेराबंदी करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस टीम ने आरोपी विनोद के पास से गोलीकांड में इस्तेमाल की गई पिस्टल भी जब्त की गई है।

थाना प्रभारी सविता चौधरी ने बताया युवक विष्णु दूध निकालने मवेशियों के बाड़े में गया था। इसी दौरान आरोपी विनोद ने फायर कर दिया। पुलिस ने इस मामले में आरोपी विनोद के गांव आने पर उसे गिरफ्तार किया है। आरोपी विनोद की मदद प्रकाश पिता प्रीतम ने की थी। उसे भी नौगांव पुलिस टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपी विनोद ने शुरुआती पूछताछ में पिस्टल झाबुआ जिले के रायपुरिया से खरीदना बताया है। नौगांव पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुराने विवाद में मारी थी गोली

गौरतलब है कि शहर से लगे ग्राम आमखेड़ा में 4 नवंबर को गोलीकांड हुआ था। इससे गांव से शहर तक सनसनी फैल गई थी। अलसुबह हुए इस हादसे में घर के आंगन में खड़े विष्णु पिता वीर सिंह को पीछे से गोली मारी थी। घायल विष्णु का नवरात्र के वक्त आरोपी विनोद से मामूली बात पर कहासुनी के बाद झगड़ा हो गया था। इसी झगड़े को आरोपी विनोद ने रंजिश का रूप देकर 4 नवंबर को विष्णु को पीछे से आकर गोली मार दी थी। घटना के बाद परिजन विष्णु को जिला अस्पताल लेकर गए, जहां से उसे प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर कर दिया गया था। इंदौर में ऑपरेशन के बाद विष्णु के शरीर में किडनी के पास फंसी गोली निकाली गई थी। अब विष्णु की हालत स्वस्थ्य है।

Next Post

तौल से लेकर मंडी में प्रवेश तक में फंस रहे वाहन....हो रहा विवाद

Tue Nov 21 , 2023
मंडी में गार्डों के भरोसेे व्यवस्था, जिम्मेदार मंडी निरीक्षक नीलामी में व्यस्त धार, अग्निपथ। कृषि उपज मंडी धार में सीजन की आवक बढ़ती जा रही है। सीमित परिसर में रोजाना 400 से 450 वाहन आने के कारण हालात काफी खराब हो जाते है। इसका असर मंडी के भीतर से लेकर […]