गला घोंटकर पत्नी की हत्या के बाद नस काटकर दी खुद की जान

गृह कलह में पति व पत्नी की जान गई, दो बच्चों से उठा माता-पिता का साया

बडऩगर, अग्निपथ। पारिवारिक कलह के चलते मंगलवार को शहर में एक परिवार उजड़ गया। विवाद के चलते पति ने पहले पत्नी को गला घोंटकर मौत के घाट उतार दिया और बाद में खुद अपनी कलाई की नस काटकर आत्महत्या कर ली।

मंगलवार नयापुरा शहीद पार्क के पास प्रदीप उद्यान के सामने आचार्य परिवार के 31 वर्षीय अमित आचार्य (31) ने सुबह करीब 7:30 बजे वारदात को अंजाम दिया। उसने मकान की पहली मंजिल पर 27 वर्षीय पत्नी शिखा की हत्या की फिर खुद भी अपनी जान दे दी। घटना का पता तब चला जब 8 वर्षीय बेटा ऊपरी मंजिल पर आया और उसे मां-बाप को मृत देखा।

बडऩगर थाना प्रभारी अशोक पाटीदार ने बताया कि परिवारिक विवाद में प्रारंभिक तौर पर अमित ने पहले पत्नी शिखा को गला घोंटकर मौत के घाट उतारा। बाद में स्वयं ने हाथ की नस काटकर अपनी जान दे दी। थाना प्रभारी पाटीदार ने बताया कि अमित ने एक सुसाइड नोट भी लिखा जिसमें उसने होशो हवास में घटना करना बताया है।

लिखा कि मैं पत्नी से बहुत परेशान था। अमित ने यह सुसाइड नोट अपने मित्र को लगभग सुबह 7:35 बजे वाट्सएप भी किया। इस प्रकार घटना की शुरुआत 7-7:30 बजे की हो सकती है। जिसमें पहले पत्नी शिखा का गला घोटा गया होगा। इस बारे में स्पष्ट जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पता चल सकेगी।

घटना की जानकारी लगते ही पुलिस टीम ने घटना स्थल से घटना को लेकर साक्ष्य जुटाए व मामला दर्ज किया है। साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल, फिंगर प्रिंट टीम व डॉग स्क्वाड भी पहुंची। हालांकि घटना के साक्ष्य को देखते हुए डॉग स्क्वाड का कोई सहारा नहीं लिया गया। इस घटना से क्षेत्र में सनसनी मच गई। पोस्टमार्टम के बाद मृतक दंपति का अंतिम संस्कार कर दिया गया है।

9 साल पहले किया था प्रेम विवाह

अमित व शिखा ने लगभग 9 वर्ष पहले परिजनों की इच्छा के विरुद्ध प्रेम विवाह किया था। विवाह के बाद शुरूआती दिनों में ही इनके बीच विवादों की शुरुआत हो चुकी थी। जो आए दिन होते रहते थे। इनके विवाद थाने भी पहुंचते थे। जहां पुलिस द्वारा परिजन की उपस्थिति में समझाईश भी दी जाती थी। दोनों का 8 वर्षीय बेटा लवीत व 2 वर्षीय बेटी मैत्री है।

ऐसे पता लगा घटना का

बालक लवित से ही घटना का पता लगा। मृतक अमित की माता मंजू आचार्य ने बताया कि अमित ने सुबह नीचे आकर मंदिर खोला था। जिसके बाद वापस ऊपर अपने कमरे में गया। कुछ समय बाद जब आवाज लगाई तो दोनों पति-पत्नी की कोई आवाज नहीं आई व न ही अमित ने मोबाइल उठाया। जिसके चलते लवित को ऊपर भेजा तो उसने माजरा देखा व बाथरूम में खून देखकर सहम गया। वही नीचे आकर नाली में देखा तो वहां भी खून बह रहा था। तब मंजू ऊपर गई तो बहू-बेटे मृत पड़े थे।

Next Post

नवतपा के बाद गिरने लगा तापमान, हवाओं में भी घुली ठंडक

Tue Jun 4 , 2024
44 से 40 तक पहुंचा तापमान, 15 के बाद होगी मानसून की एंट्री शाजापुर, अग्निपथ। नवतपा की भीषण गर्मी झेलने के बाद शहरवासियों को अब तपन से राहत मिलने लगी है। ठंडी हवाएं राहत देने लगी है। नवतपा में 44 से 45 डिग्री चल रहा तापमान भी 40 डिग्री तक […]