होशियार, खबरदार… दुष्ट कोरोना लौट रहा है…

दुनिया भर में कोहराम मचाने वाले दुष्ट कोरोना की पुन: वापसी से भारत सहित पूरी दुनिया फिर सिहर उठी है। बीते कुछ माहों से कोरोना संक्रमितों की घटती संख्या से ऐसा लगने लगा था कि कोरोना दुनिया से विदा होने की तैयारी में लगा है परंतु दगाबाज दुनिया को भ्रम में डालकर पुन: लौट आया है। दुनिया में इस समय 11 करोड़ से अधिक लोग संक्रमित हो चुके हैं और लगभग 25 लाख लोगों को यह वैश्विक महामारी मौत की नींद सुला चुकी है।

हालांकि 8 करोड़ 57 लाख 77 हजार 756 लोग ठीक भी हुए हैं। सिर्फ अमेरिका में ही लगभग 3 करोड़ अमेरिकी संक्रमित हो चुके हैं, 5 लाख 5 हजार तीन सौ नौ अमेरिकियों की कोरोना से मौत हो चुकी है। वर्तमान में ही अमेरिका में 2 करोड़, 26 लाख 5375 नागरिक संक्रमित हैं। यूरोप में अधिकांश जगह लॉकडाउन लगा दिया गया है 40 से अधिक देशों ने ब्रिटेन से आने वाली उड़ानों पर प्रतिबंध लगा दिया है।

डेनमार्क, जर्मनी, इटली, नीदरलैंड, स्वीडन, आस्ट्रेलिया, जापान ने ब्रिटेन के नागरिकों की आवाजाही रोक दी है। सऊदी अरब, ओमान, कुवैत ने 7 दिनों के लिये अपनी सीमाएँ सील कर दी हैं। बताया जा रहा है कि ब्रिटेन से आ रहा नया वायरस पहले से भी अधिक खतरनाक और मारक है। यह नवजवानों को भी अपनी गिरफ्त में ले रहा है।

भारत में भी कोरोना वायरस की वापसी होती दिख रही है। शनिवार की सुबह 8 बजे बीते 24 घंटों में 13 हजार 993 नये मामले सामने आये जबकि शुक्रवार को 13 हजार 193 मामले आये थे। शनिवार को लगातार चौथे दिन देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 10 हजार से ऊपर रही है और प्रतिदिन संक्रमितों की संख्या में बढ़ोत्तरी हो रही है। भारत में अभी तक 1 करोड़ 9 लाख 16 हजार 589 लोग संक्रमित हो चुके हैं। देश में वर्तमान में कोरोना से 1 लाख 43 हजार 127 संक्रमित मरीज हैं।

अभी तक कोरोना से 1 लाख 56 हजार 212 भारतीयों की मौत हो चुकी है। पिछले 24 घंटों में ही 101 भारतीय दम तोड़ चुके हैं। उज्जैन के पड़ोसी नगर इंदौर में भी दिन प्रतिदिन हालात खराब हो रहे हैं। पिछले तीन दिनों से कोरोना संक्रमितों की संख्या 100 के ऊपर ही है।

शनिवार की प्रात: 8 बजे बीते 24 घंटों में 139 मरीज मिले हैं जो इंदौर के 79 इलाकों से आये हैं। महाराष्ट्र, केरल में कोरोना मरीजों की बढ़ती संख्या पूरे देश के लिये चिंता का विषय है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यू.एच.ओ.) ने अपने एक बयान में यह कहकर दुनिया को राहत दी है कि अभी हालात बेकाबू नहीं है। दूसरी ओर दुनिया के प्रसिद्ध चिकित्सा वैज्ञानिक डॉ. रोनाल्ड ने अपने 100 पन्नों के शोध पत्र में दावा किया है कि दुनिया में कोहराम मचाने वाला कोरोना वायरस चीन के वुहान शहर की प्रयोगशाला से ही निकला है।

उम्मीद की जाना चाहिये कि भारत में 1 करोड़ 07 लाख 15 हजार 204 भारतीयों को वैक्सीन लगने के बाद हालात नियंत्रण में रहेंगे। फिर भी हमें चाहिये कि हम मास्क पहनें, भौतिक दूरी का ध्यान रखें साथ ही हाथों को बार-बार धोना ना भूलें, तभी हम इससे बच पायेंगे नहीं तो अधिक आत्मविश्वास हमारे लिये घातक साबित हो सकता है। सुरक्षा ही सर्वोत्तम उपाय है।

जय हिंद

Next Post

विक्रम विश्वविद्यालय में दीक्षांत समारोह : हमारे पास विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार में एक समृद्ध विरासत - राज्यपाल

Sat Feb 20 , 2021
उज्जैन, अग्निपथ। भारत के पास विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार में एक समृद्ध विरासत है। देश एक बार फिर जगतगुरू बनने की दिशा में अग्रसर है। विक्रम विश्वविद्यालय में भारतीय ज्ञान-विज्ञान, शिक्षा एवं अनुसंधान केन्द्र की स्थापना एवं आगामी सत्र से विभिन्न अध्ययन शालाओं, इलेक्ट्रॉनिक्स, फॉरेंसिक, फूड टेक्नालॉजी, हार्टिकल्चर और मत्य्य […]