इंदौर में स्वास्थ विभाग V/S कलेक्टर:प्रभारी मंत्री, संभागायुक्त की बात डॉक्टरों ने नहीं मानी, कहा- कलेक्टर को हटाने के लिए 3 दिन का समय दिया, काली पट्‌टी बांध कर काम करेंगे

इंदौर। कोरोना महामारी के बीच यहां कलेक्टर V/S स्वास्थ्य विभाग हो गया है। कलेक्टर मनीष सिंह के खिलाफ अब पूरा स्वास्थ्य विभाग ने मोर्चा खोल दिया है। उन्हें हटाने के लिए लामबंद डॉक्टरों को समझाने के लिए रेसीडेंसी में 2 घंटे चली बैठक भी बेनतीजा रही। बैठक में प्रभारी मंत्री तुलसी सिलावट, मंत्री ऊषा ठाकुर, सांसद शंकर लालवानी, संभागायुक्त डॉ. पवन कुमार शर्मा, स्वास्थ्य अधिकारी और डॉक्टर मौजूद रहे। जब बात नहीं बनी तो मंत्री और अफसर चले गए। डॉक्टरों ने कलेक्टर को हटाने के लिए 3 दिन का मौका दिया। इस दौरान वह काली पट्‌टी बांधकर ड्यूटी करते रहेंगे। अगर 3 दिन में कलेक्टर को नहीं हटाया गया तो वे हड़ताल पर जाएंगे।

इसके पहले गुरुवार शाम जहां स्वास्थ्य अधिकारियों ने संभागायुक्त को ज्ञापन देकर शुक्रवार सुबह सामूहिक हड़ताल पर जाने की बात कही थी। शुक्रवार सुबह से ही जनप्रतिनिधियों एवं स्वास्थ्य विभाग के सभी अधिकारियों की बैठक चल रही थी। जनप्रतिनिधि और अफसरों की बात डॉक्टरों ने मानने से इनकार कर दिया।

वहीं इस पूरे घटनाक्रम पर प्रभारी मंत्री तुलसी सिलावट का कहना था कि डॉक्टरों के सम्मान की पूरी जिम्मेदारी है मेरी है। मेरा लगातार उनसे संवाद जारी है और अति शीघ्र हल निकाल लिया जाएगा। ईश्वर के बाद डॉक्टर का सम्मान है और यह वक्त सेवा का है। मंत्री ने इस विवाद को परिवार का विवाद बताते हुए कहा कि परिवार में भी कभी-कभी वाद विवाद हो जाते हैं, लेकिन यह लड़ने का समय नहीं है। इस संकट के समय में डॉक्टरों की आवश्यकता है।

कैलाश विजयवर्गीय बोले- कभी-कभी कम्यूनिकेशन गैप हो जाता है
भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि एक-दो घटनाएं ऐसी हुई हैं। प्रभारी मंत्री ने डॉक्टरों से बात की है। कभी-कभी कम्यूनिकेशन गैप हो जाता है। कई बार प्रशासनिक ईगो टकरा जाता है। ऐसी घटनाओं की चिंता करने वाले हमारे आसपास लोग बैठे हुए हैं। कलेक्टर के व्यवहार पर मैं सीधे कोई टिप्पणी नहीं करूंगा, पर कई बार हमें डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ के स्ट्रैंथ को भी समझना होगा। इसलिए दोनों जवाबदारी से काम करें।

यह है मामला
प्रशासन के अधिकारियों द्वारा अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए बुधवार को स्वास्थ्य विभाग के दो डॉक्टरों ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। इस्तीफा देने वालों में जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर पूर्णिमा गडरिया और मानपुर के मेडिकल ऑफिसर (सीएमओ) डॉ. आरएस तोमर शामिल हैं। डॉ. गडरिया ने कलेक्टर मनीष सिंह और डॉ. तोमर ने एसडीएम अभिलाष मिश्रा द्वारा प्रताड़ित किए जाने की बात को लेकर यह कदम उठाया है।

Next Post

हिमाचल में रेमडेसिविर की फर्जी कंपनी पर रेड:इंदौर का डॉ. विनय त्रिपाठी बनवा रहा था बिना लाइसेंस के इंजेक्शन, नकली डोज के 16 बॉक्स मिले

Fri May 7 , 2021
धर्मशाला ।  हिमाचल के जिला कांगड़ा में सूरजपुर स्थित ट्यूलिप फॉर्मूलेशन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी बिना किसी अनुमति के रेमडेसिविर इंजेक्शन बना रही थी। रेमडेसिविर की कालाबाजारी मामले का खुलासा इंदौर क्राइम ब्रांच ने किया है। इंदौर क्राइम ब्रांच ने इस मामले में डॉ. विनय त्रिपाठी नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया […]