मानसून आ गया:केरल को किया तरबतर, मौसम विभाग का अनुमान- इस बार 101% बारिश होगी

मध्य प्रदेश में 106 परसेंट बारिश की संभावना, तीन-चार दिन प्री मॉनसून का ऑरेंज अलर्ट

नई दिल्ली। मानसून ने गुरुवार को केरल में दस्तक दे दी है। इसके सभी मानक पूरे होने के बाद मौसम विभाग ने मानसून के केरल पहुंचने की घोषणा की है। दक्षिण पश्चिम मानसून के केरल में पहुंचने की स्थितियां कुछ दिन पहले ही बनना शुरू हो गई थीं। हालांकि, इस बार मानसून समय से 2 दिन देरी से है। लेकिन मौसम विभाग (IMD) का अनुमान है कि इस बार बारिश सामान्य से बेहतर 101% होगी। इसके 4% कम या ज्यादा होने की गुंजाइश भी रहेगी।

मानसून ने अंडमान में 21 मई को दस्तक दी थी। 27 मई को आधे श्रीलंका और मालदीव को पार करने के बाद मजबूत हवाओं की कमी के चलते 7 दिन तक मानसून की उत्तरी सीमा कोमोरिन सागर में ही ठहर गई थी।

केरल में पिछले 4 दिन से प्री-मानसून बारिश जारी है। बुधवार को यहां सैटेलाइट इमेज में तटवर्ती इलाकों और उससे सटे दक्षिण पूर्व अरब सागर में बादल छाए नजर आए। मौसम विज्ञान विभाग (IMD) का कहना है कि केरल में बारिश वितरण में बढ़ोतरी हुई है। दक्षिण सागर के निचले स्तरों में पछुआ हवाएं चल रही हैं।

प्रमुख राज्यों में कब-कब पहुंचेगा मानसून
महाराष्ट्र: 10 जून
छत्तीसगढ़: 15 जून
मध्य प्रदेश : 20 जून
गुजरात: 20 जून
राजस्थान: 30 जून


मानसून की घोषणा के ये 3 मानक हैं

1. केरल, लक्षद्वीप और कर्नाटक के 14 मौसम केंद्रों में से 60% केंद्रों पर 10 मई के बाद लगातार दो दिनों तक 2.5 मिमी से अधिक बारिश होनी चाहिए।

2. जमीनी सतह से 4.5 किमी ऊंचाई तक पश्चिमी हवाएं चलने लगने लगे, सतह के करीब इसकी गति 30 से 35 किमी/घंटा तक हो।

3. बादलों की मोटाई इतनी अधिक हो कि जमीन से आसमान की ओर लौटने वाला रेडिएशन 200 वॉट/वर्गमीटर से कम हो जाए।

IMD ने मंगलवार को पहली बार देश के मूल मानसून क्षेत्र (बारिश आधारित कोर रीजन) में मानसून के दौरान होने वाली बारिश का अनुमान भी जारी किया था। इस बार इस क्षेत्र में 106% बारिश होगी। मौसम विभाग के महानिदेशक डॉ. मृत्युंजय महापात्र ने बताया कि स्टैस्टिकल एन्सेंबल्ड फॉरकास्टिंग सिस्टम में मानसून के चार महीनों के दौरान औसत के 96 से 104% बारिश यानी सामान्य मानसून होने की 40% संभावना पाई गई। सामान्य से अधिक की 22% और सामान्य से कम होने की 18% संभावना है।

इसी मॉडल के आधार पर उत्तर पश्चिम भारत (कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश) में मानसून के सामान्य (92-108 फीसदी), मध्य भारत (मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ महाराष्ट्र, गोवा, ओडिशा, गुजरात) में सामान्य से अधिक (106%), दक्षिणी पठार (केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, आंध्रप्रदेश, तेलंगाना, पुड्‌डूचेरी) में सामान्य (93 से 107%) बारिश होगी।

MP, छत्तीसगढ़, राजस्थान, गुजरात में 106% बारिश का अनुमान
IMD के मुताबिक पूर्वोत्तर (पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारंखड, प. बंगाल, असम, मेघालय, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, त्रिपुरा, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम) और मानसून कोर जोन (मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, गुजरात, ओडिशा, राजस्थान, तेलंगाना, उत्तरी कर्नाटक, झारखंड) में 106% बारिश होने की संभावना बन रही है।


मध्य प्रदेश में 3-4 दिन प्री-मानसून बारिश का ऑरेंज अलर्ट
MP में इस बार भी मानसून के समय पर पहुंचने के आसार हैं। मौसम विशेषज्ञ एके शुक्ला कहते हैं कि अगर मामसून की प्रोग्रेस बरकरार रही तो यह तय समय पर पहुंचेगा। मौसम केंद्र की तरफ से जारी पूर्वानुमान के मुताबिक अगले तीन-चार दिन भोपाल समेत मध्य प्रदेश में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। इसके लिए ऑरेंज अलर्ट भी जारी गया है।

Next Post

राशन 6 बजे बंद, शराब दुकानें 8 बजे तक खुलेंगी, आपदा प्रबंधन समिति की सहमति के जारी हुआ आदेश

Thu Jun 3 , 2021
उज्जैन, अग्निपथ। जिले में शराब की दुकानें अब रात 8 बजे तक खुली रह सकेंगी। गुरुवार दोपहर जिला प्रशासन द्वारा शराब दुकानों के समय में परिवर्तन संबंधी आदेश जारी किया गया है। इस आदेश के बाद एसपी सत्येंद्र कुमार शुक्ला ने वायरलेस सेट पर पुलिसकर्मियों को इसकी जानकारी दी। खास […]