नर्स बन कर एम वाय अस्पताल से बच्चा किया चोरी

धड़कन जांचकर बोली पर्ची बनवा लाओ, वापस लौटी नानी तो बच्चा गायब था

इंदौर। मध्य प्रदेश के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल महाराज यशवंत राव होलकर अस्पताल (MYH) में रविवार शाम को एक दिन का बच्चा चोरी होने का मामला सामने आया है। बच्चा चोरी का आरोप एक महिला पर लगा है जो नर्स बनकर आई और बच्चे की नानी के साथ वार्ड से बच्चे को लेकर बाहर ले आई। उसने नवजात की नानी को पर्ची बनवाने को कहकर भेज दिया। नानी के जाते ही बच्चे को लेकर अस्पताल से भाग गई। बच्चा चोरी होने की जानकारी मिलते ही परिजनों ने जमकर हंगामा किया। संयोगितागंज पुलिस ने अज्ञात महिला चोर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए संदिग्ध महिला को तलाश रही है।

बच्चे की नानी के साथ नजर आई संदिग्ध महिला।

बच्चे की नानी के साथ नजर आई संदिग्ध महिला।

एक दिन के मासूम की नानी राजू बाई ने बताया कि शनिवार रात 2 बजे बेटी रानी को डिलेवरी के लिए एमवाय अस्पताल लेकर आए थे। बेटी को पहली मंजिल पर वार्ड नंबर- 3 के बेड नंबर- 8 पर एडमिट किया गया था। रविवार सुबह पांच बजे बेटी ने एक बच्चे को जन्म दिया। शाम करीब 5 बजे मैं बेटी और अपने नाती के पास बैठी हुई थी। इस दौरान मुंह में मास्क लगाकर एक अज्ञात महिला आई। वह करीब 30 साल की रही होगी और उसने सलवार सूट पहन रखा था। उसने मुंह को मास्क और सिर को भी नर्स की तरह ढंक रखा था। वार्ड में सभी बच्चों को चेक करने के पास वह हमारे पास आई और बच्चे को चेक किया।

चेक करने के बाद उसने बताया कि बच्चे की धड़कन बहुत धीरे चल रही है। उसकी जांच करानी होगी। इसके बाद मैं और वह महिला बच्चे को लेकर नीचे आए। नीचे आकर उसने कहा कि तुम बच्चे को मुझे दे दो और जल्दी से पर्ची बनवाकर ले आओ। मैंने बच्चे को उसे दे दिया और पर्ची बनवाने चली गई। पर्ची लेकर वापस लौटी तो वह महिला और बच्चा दोनों ही गायब थे। इसके बाद मैंने उसे काफी जगह पर खोजा, लेकिन कहीं पता नहीं चला। इसके बाद समझ में आया कि वह मेरे एक दिन के नाती को चुराकर ले गई। इसी दौरान मेरे दामाद भी अस्पताल पहुंचे गए। उन्हें पूरी बात बताई और फिर पुलिस के पास पहुंची।

सीसीटीवी में नजर आई संदिग्ध महिला।

सीसीटीवी में नजर आई संदिग्ध महिला।

भाई मयूर ने बताया कि रानी ने सुबह 5 बजकर 5 मिनट में एक बच्चे को जन्म दिया। अच्छे से डिलीवरी होने पर हम सब घर चले गए। शाम को साढ़े 7 बजे भाई ने फोन पर बताया कि बच्चा कहीं नहीं दिख रहा है। उसने बताया कि वह आधे घंटे से बच्चे को तलाश रहा है, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल रहा है। इस पर मैंने उसे कहा कि मैं आ रहा हूं एक बार तुम और जाकर देख लो। पौने 8 बजे फिर से उसका कॉल आया कि बच्चा नहीं मिल रहा है। इस पर मैं तत्काल मौके पर पहुंचा।

मयूर ने बताया कि जब वे अस्पताल पहुंचे तो वहां पीछे वाले गेट पर कुछ लोग बात कर रहे थे कि एक महिला बच्चे के साथ गिर गई थी। पूछने पर उन्होंने बताया कि महिला बच्चे को दुपट्टे में बांधकर एक्टिवा से जा रही थी। वह बच्चे सहित गिर गई थी। जिसके बाद उसे लोगों ने उठाया और वह बच्चा लेकर चली गई। उसके पास सिल्वर कलर की एक्टिवा थी। संयोगितागंज पुलिस के अनुसार बच्चा चोरी होने की शिकायत मिलने पर केस दर्ज कर लिया गया है। CCTV में संदिग्ध महिलाएं भी नजर आ रही हैं।

CCTV में बच्चे की नानी के साथ नजर आई महिला
CCTV खंगालने पर दिख रहा है कि संदिग्ध महिला बच्चे के नानी के साथ जाते नजर आ रही है। संदिग्ध महिला ने सलवार सूट पहन रखा है। बच्चा उसी की गोद में है, उसके कंधे पर एक बैग भी टंगा हुआ है। वह बच्चे के नानी से कुछ कहते नजर भी आ रही है।

Next Post

भोपाल पुलिस की दूसरी कार्रवाई:विधायक मसूद के 3 और करीबी गिरफ्तार; आरोपियों में एक पूर्व पार्षद शावर मंसूरी भी

Mon Nov 16 , 2020
आरिफ भूमिगत भोपाल। इकबाल मैदान पर प्रदर्शन कर शांति भंग करने और धार्मिक भावनाएं भड़काने के आरोपी कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद के तीन और साथियों को तलैया पुलिस ने सोमवार दोपहर गिरफ्तार कर लिया। इसमें एक पूर्व पार्षद शावर मंसूरी भी शामिल हैं। मामले में पुलिस की यह दूसरी कार्रवाई […]