अहमदाबाद में आज रात से 57 घंटे का कर्फ्यू

अहमदाबाद। देश में कोरोना के बढ़ते मामलों को लेकर हर तरफ चिंता बढ़ती जा रही है। अहमदाबाद में आज रात नौ बजे से 57 घंटे का कर्फ्यू लगाया जा रहा है। यह 23 नवंबर की सुबह छह बजे तक रहेगा। इस दौरान केवल दूध और दवा की दुकानें खुली रहेंगी। जब सोमवार, यानी 23 नवंबर की सुबह छह बजे यह कर्फ्यू खत्म होगा, तब उसी दिन रात नौ बजे से नाइट कर्फ्यू शुरू हो जाएगा। रोजाना यह नाइट कर्फ्यू कितने दिनों के लिए रहेगा अभी यह साफ नहीं है।

उधर, मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने कहा है कि अभी लॉकडाउन लगाने का कोई इरादा नहीं है। राज्य सरकार ने 23 नवंबर से स्कूल-कॉलेज खोलने के अपने पुराने आदेश को भी रद्द कर दिया है।

देश में कोरोना की रफ्तार तेज होती जा रही है। गुरुवार को 46 हजार 185 लोग संक्रमित मिले। इसके मुकाबले 45 हजार 246 मरीज ठीक हुए। 583 मरीजों ने महामारी से दम तोड़ दिया। इस तरह एक्टिव केस में 343 की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इलाज करा रहे इन मरीजों की संख्या में 3 अक्टूबर के बाद से लगातार कमी आ रही थी।

देश में अब तक 90 लाख 1 हजार 263 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए जा चुके हैं। राहत की बात है कि इनमें 84 लाख 23 हजार 162 लोग ठीक भी हो चुके हैं। 4 लाख 41 हजार 727 मरीजों का इलाज चल रहा है। संक्रमण के चलते जान गंवाने वालों की संख्या अब 1 लाख 32 हजार 133 हो गई है।

दिल्ली में 3 दिन में 150 ICU और 800 कोविड बेड तैयार

दिल्ली में कोविड-19 के बढ़ते मामलों से निपटने के लिए सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गृह मंत्री अमित शाह से मीटिंग के 3 दिन के अंदर ही दिल्ली में 150 ICU और ट्रेन कोच में 800 कोविड-19 बेड्स तैयार हो गए। ये 800 बेड शाकुर बस्ती रेलवे स्टेशन पर हैं। यहां CAPF के डॉक्टर तैनात किए गए हैं। गृह मंत्रालय के मुताबिक, अभी 3652 ICU बेड हैं। इनकी संख्या और बढ़ाने पर काम चल रहा है।

दिल्ली में ये सुविधाएं भी बढ़ाई गईं

  • मंत्रालय के मुताबिक, टेस्टिंग बढ़ाने पर भी काम शुरू हो गया है। 18 नवंबर को 28 हजार 708 RT-PCR टेस्ट हुए। नवंबर के आखिरी हफ्ते तक हर दिन 60 हजार टेस्ट होने लगेंगे।
  • केंद्र ने 10 मल्टी डिसिप्लिनरी टीम भी गठित की हैं। ये 100 से ज्यादा प्राइवेट अस्पतालों पर नजर रखेंगी, साथ ही ICU और कोविड-19 बेड्स की जरूरतों पर केंद्र को रिपोर्ट सौंपेगी।
  • छतरपुर इलाके के कोविड केयर सेंटर में मौजूद 500 आइसोलेशन बेड को ऑक्सीजन सुविधाओं के साथ लैस कर दिया गया है।

90 अस्पतालों के 60% बेड्स कोविड मरीजों के लिए रिजर्व

दिल्ली सरकार ने 90 प्राइवेट अस्पतालों के 60% बेड्स को कोविड-19 मरीजों के लिए रिजर्व कर दिया है। 42 अन्य अस्पतालों के 80% ICU/HDU बेड्स को भी कोविड मरीजों के लिए रिजर्व रखने का आदेश जारी कर दिया है। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि सभी अस्पतालों में इसका पालन करना होगा।

कोरोना अपडेट्स

  • हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने शुक्रवार को कोवैक्सिन का टीका लगवा लिया। वे कोविड वैक्सीन लगवाने वाले पहले मंत्री हैं।
  • हरियाणा सरकार ने राज्य की जेलों में बंद 4 हजार 585 कैदियों की पैरोल 31 दिसंबर तक बढ़ा दी है। इन्हें महामारी फैलने के डर से पैरोल पर छोड़ा गया था।
  • केंद्रीय मंत्री सदानंद गौड़ा, पूर्व रक्षामंत्री एके एंटनी, उनकी पत्नी एलिजाबेथ और महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री एकनाथ खडसे कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।

Next Post

फिर बढ़ रहा कोरोना संक्रमण, हरियाणा में 30 नवंबर तक स्कूल बंद

Fri Nov 20 , 2020
चंडीगढ़। हरियाणा में स्कूल खुलने के बाद कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ गए हैं। टीचर्स और विद्यार्थी लगातार कोरोना पॉजिटिव पाए जा रहे हैं। इसलिए प्रदेश सरकार ने एक बार फिर स्कूलों को बंद रखने के आदेश जारी कर दिए हैं। अब सभी प्राइवेट और सरकारी स्कूल 30 नवंबर तक […]