6 लाख के प्लॉट पर अब ज्यादा चुकाना होंगे 19 हजार

उज्जैन शहर में 29 लोकेशन के बाजार मूल्य में वृद्धी का प्रस्ताव

उज्जैन, अग्निपथ। उज्जैन शहर में यदि आप 6 लाख रूपए कीमत का कोई प्लॉट खरीदना चाहते है तो आने वाले दिनों में आपको प्लॉट की कीमत पर करीब 19 हजार रूपए ज्यादा चुकानें होंगे। इसी तरह यदि आप कहीं 15 लाख रूपए कीमत का तैयार मकान खरीदना चाहते है तो इस पर भी आपको लगभग 48 हजार रूपए ज्यादा देना होंगे।

जिला स्तरीय मूल्याकंन समिति ने उज्जैन शहर में अलग-अलग 29 लोकेशन की अचल संपत्ति के बाजार मूल्य में वृद्धी का प्रस्ताव तैयार किया है। पूरे शहर में औसत रूप से 3.18 प्रतिशत की वृद्धी की गई है।

शुक्रवार को कलेक्टर आशीष सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई जिलास्तरीय मूल्याकंन समिति की बैठक में अचल संपत्ति के बाजार मूल्य का नए सिरे से निर्धारण किया गया है। बढ़े हुए बाजार मूल्य पर अब दावे और आपत्तियों को आमंत्रित किया जाएगा और इस प्रक्रिया के बाद शासन के जरिए बढ़ा हुआ मूल्य लागू कर दिया जाएगा।

शुक्रवार को हुई बैठक में विधायक पारस जैन भी मौजूद थे। इस बैठक में उज्जैन शहर के अलावा समूचे जिले की अलग-अलग लोकेशन की दरों में वृद्धी पर चर्चा की गई।

गौरतलब है कि कोरोना काल से भी 3 साल पहले से जिले में संपत्ति के बाजार मूल्य में किसी तरह का इजाफा नहीं किया गया था। कोविड से ठीक पहले राज्यशासन ने उल्टे संपत्तियों के बाजार मूल्य में 20 प्रतिशत तक की कमी कर दी थी। पिछले दो साल में भी कोरोना की वजह से शहर या जिले में कहीं भी संपत्ति के मूल्यों में बदलाव नहीं किया गया था।

बाजार दर में बदलाव की खास बाते

  • उज्जैन शहर की 29 लोकेशन दर और उज्जैन ग्रामीण में 45 लोकेशन की दरों में वृद्धी प्रस्तावित की गई है।
  • जिले की 11 लोकेशन दरों का युक्तियुक्तकरण करने का फैसला किया गया है।
  • संपूर्ण जिले में 145 शहरी और 464 ग्रामीण सहित कुल 609 लोकेशन में अचल संपत्ति के बाजार मूल्य में वृद्धि प्रस्तावित की गई है।
  • जिले में 193 नवीन लोकेशन को जोड़े जाना प्रस्तावित किया गया है।
  • जियो मेपिंग के जरिए जिले की 231 लोकेशन को डिलिट, 145 को मर्ज, 270 लोकेशन शिफ्ट और 214 लोकेशन के नामों में संशोधन भी प्रस्तावित किया गया है।

नौ कॉलोनियों के नए रेट

  • गिरिराज रतन- 4 हजार से 4 हजार 500
  • लोटस ग्रीन- 3 हजार 400 से 4 हजार 500
  • पद्मावति एवेन्यू- 5 हजार 200 से 5 हजार 500
  • राज रॉयल एंक्लेव- 6 हजार 400 से 7 हजार
  • तिरूपति डायमंड- 3 हजार 600 से 8 हजार
  • तिरूपति ड्रीम्स- 3 हजार 600 से 8 हजार
  • तिरूपति प्लेटिनम- 3 हजार 600 से 8 हजार
  • शिव गंगा- 3 हजार 600 से 8 हजार
  • हाटकेश्वर विहार- 3 हजार 600 से 8 हजार
    (मूल्य-प्रति वर्ग मीटर)

इनका कहना है

उज्जैन में अचल संपत्ति मूल्य में औसत रूप से 3.18 प्रतिशत की वृद्धी प्रस्तावित की गई है। यह न्यूनतम वृद्धी है। पिछले लगभग 5 साल से संपत्ति के बाजार मूल्य में किसी तरह की वृद्धी नहीं की गई थी। -ऋतुंभर द्विवेदी, जिला पंजीयक

Next Post

गैस टंकियों का अवैध व्यापार करने वाला गिरफ्तार, 3 लाख से ज्यादा की सामग्री जब्त

Fri Feb 18 , 2022
देवास, अग्निपथ। शहर में कोतवाली थाना क्षेत्र अन्तर्गत सुभाष चौक में गैस टंकी (सिलेंडरों) का अवैध रूप से धंधा करने वाले आरोपी पर कोतवाली थाना पुलिस ने कार्रवाई कर आरोपी से बड़ी मात्रा में अलग-अलग कंपनी की लाखों रुपए कीमत की गैस टंकिया एक ऑटो सहित कुल 3 लाख 52 […]