पंजाब में अब ‘मान’; ‘गए’ गुरु

navjaot siddhu and bhagwant maan

आप की झाड़ू ने किया पंजा साफ

अमृतसर। पंजाब विधानसभा के चुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) को भारी जीत मिली है। दिल्ली के बाहर भी आप की सरकार बनने जा रही। पंजाब की नई सरकार के मुखिया आम आदमी पार्टी के भगवंतसिंह मान होंगे। आम आदमी पार्टी के सीएम कैंडिडेट भगवंत मान में धुरी विधानसभा क्षेत्र से रिकॉर्ड 45 हजार मतों से जीत हासिल की है।

वहीं, भाजपा छोड़ कांग्रेस में शामिल होने के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बने पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू अपनी सीट भी नहीं बचा पाए। उनके और निवर्तमान मुख्यमंत्री चरणजीत चन्नी के बीच की तनातनी के चलते कांग्रेस के पंजे काे पंजाब में आप की झाड़ू ने साफ कर दिया है। सिद्धू अपनी अमृतसर पूर्व की सीट भी नहीं बचा पाए। आप की जीवनजोत कौर ने उन्हें शिकस्त दी है। वहीं मुख्यमंत्री चन्नी को भी अपनी दोनों सीटों चमकौर साहिब और भदौर पर हार का सामना करना पड़ा है।

पंजाब के 117 विधानसभा सीटों पर हुए मतगणना में दोपहर 3:15 बजे तक प्राप्त परिणामों के तहत 44 सीटों पर आम आदमी पार्टी ने जीत हासिल कर ली जबकि 48 सीटों पर बढ़त के साथ आप कुल 92 सीटों पर आगे हैं। वहीं सत्तारूढ़ कांग्रेस पार्टी इस वक्त तक मात्र 4 सीट पर जीत दर्ज कर सकी है और उसके प्रत्याशी 14 सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं।

पंजाब में शानदार जीत के बाद आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा है।पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने कहा पंजाब के लोगों ने कमाल कर दिया है। जनता ने बता दिया है कि केजरीवाल आतंकवादी नहीं, बल्कि जनता को लूटने वाले आतंकवादी है। बड़ी ताकतें देश को पीछे रखना चाहती है 75 साल देश को लूटने का काम हुआ है। आप ने ईमानदार राजनीति की शुरुआत की। अब यह इंकलाब पूरे देश में फैलेगा।

कल शहीद भगत सिंह के गांव में शपथ लेंगे मान

आम आदमी पार्टी की जीत के बाद पंजाब सरकार के मुखिया के तौर पर भगवंतसिंह मान कल ही मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। शपथ समारोह राजभवन में नहीं बल्कि शहीद ए आजम भगत सिंह के पैतृक गांव खटकड़ कला में होगा। शपथ के पहले मान शहीदी स्मारक पर माथा टेकने भी जाएंगे।

बादल और कैप्टन भी आउट

इस बार पंजाब चुनाव में 5 बार पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल भी आउट हो गए हैं। लांबी सीट से चुनाव हारने वाले 94 साल के बादल प्रदेश के सबसे बुजुर्ग प्रत्याशी थे। इधर, पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह 13 हजार तो सुखबीर सिंह बादल 12 हजार वोट से चुनाव हार गए हैं।

नेताओं के घरों पर हार-जीत का असर
चुनावी हार-जीत का अंदाजा नेताओं के घरों को देखकर भी लगाया जा सकता है। पंजाब जीतने वाले भगवंत मान के घर को फूलों से सजाया गया है। उनके घर सुबह से जलेबियां भी बन रही थीं। दूसरी तरफ मौजूदा CM चरणजीत चन्नी और अकाली लीडर सुखबीर सिंह बादल के घर सन्नाटा पसरा है।

 

Next Post

विधानसभा चुनावः चार राज्यों में भाजपा की वापसी, पंजाब फिर हाथ नहीं आया

Thu Mar 10 , 2022
नई दिल्ली। देश के 5 राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव के परिणाम गुरुवार को सामने आने लगे। सुबह से शुरू हुई मतगणना के दौर के बीच दोपहर 4 बजे तक जारी आंकड़ों के मुताबिक भारतीय जनता पार्टी ने चार राज्यों पर अपनी सरकार कायम रखिए जबकि पंजाब में आम आदमी […]