इंदौर में सबसे बड़ी संडे पोहा पार्टी

सिंगल यूज प्लास्टिक को दिया ‘फेयरवेल’, नेताओं ने भी खाए पोहे, पब्लिक के साथ नाचे भी

इंदौर, अग्निपथ। देश में स्वच्छता में सिरमौर इंदौर को सिंगल यूज प्लास्टिक से मुक्त करने के लिए रविवार सुबह दशहरा मैदान में सिंगल यूज प्लास्टिक की फेयरवेल दिया गया। इस अवसर पर नगर निगम और माय एफएम ने सबसे बड़ी पोहा पार्टी का आयोजन किया। आयोजन में आए लोगों ने पोहे के साथ जुंबा का भी मजा लिया।

इस मौके पर लोगों को अलग अलग संगठनों के द्वारा सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करने और इसके उपयोग के दुष्परिणाम के संबंध में बताया गया। सिंगल यूज प्लास्टिक से मुक्त करने के उद्देश्य से शहर में लगातार अमानक पॉलिथीन, कैरी बैग व अमानक स्तर के डिस्पोजल खरीदने व बेचने के साथ ही संग्रहण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी की जा रही है।

सिंगल यूज प्लास्टिक को विदाई देने के लिए पोहा पार्टी की जानकारी लगते ही इंदौरी बेसब्री से आज के दिन का इंतजार कर रहे थे। सुबह होते ही शहर के लोग पोहे का स्वाद चखने और सिंगल यूज प्लास्टिक को शहर से हमेशा के लिए विदाई देने के लिए इस कार्यक्रम में शामिल होने पहुंच गए।

पोहा बनाने वाले प्रकाश महाराज ने बताया कि इवेंट को लेकर शनिवार रात 10 बजे से पोहा बनाने का काम शुरू हो गया था। पोहा बनाने के लिए 54 मिस्त्री थे। 5 हजार लोगों के हिसाब से 4 क्विंटल पोहा बनाकर पहले ही तैयार कर लिया गया था। इसमें 35 किलो तेल और 45 किलो सेव के साथ अनार दाने थे। 1 क्विंटल पोहा एडवांस में रखा गया था ताकि पार्टी में शामिल होने वालों को पेटभर पोहा खिलाया जा सके। पार्टी में जिसको जितना मन हुआ वो उतने प्लेट पोहा खाया है।

इधर,इंदौर महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि स्वच्छता एक्सप्रेस का ये वाहन घर-घर जाकर लोगों को स्वच्छता के प्रति और जागरुक करेगा। हमें स्वच्छता में सातवीं बार भी नंबर वन आना है। ये वाहन बताएगा कि हमें इसके लिए क्या करना है।

पोहा पार्टी में मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद शंकर लालवानी

कार्यक्रम में पहुंचे मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि इंदौर से सिंगल यूज प्लास्टिक की स्थायी रूप से विदाई हो गई है। इंदौर लगातार सातवीं बार स्वच्छता में नंबर वन आने वाला है। सांसद शंकर लालवानी ने कहा हम लगातार स्वच्छता में जो नंबर वन आ रहे हैं उसके पीछे शहर की जनता है। मैं जहां भी जाता हूं मुझे इंदौरवासियों की तारीफ सुनने को मिलती है। बड़ा अच्छा लगता है।

कलेक्टर डॉ. इलैया राजा टी ने कहा कि इंदौर के लोग पॉजिटिव चीजों में हमेशा हिस्सा लेते हैं। वे हमेशा अच्छे कामों में आगे रहते हैं। इस वजह से ही इंदौर स्वच्छता में नंबर वन बना हुआ है। आयोजन में निगमायुक्त हर्षिका सिंह भी पहुंचीं।

डांस-मस्ती से हुई शुरुआत

दशहरा मैदान पर हो रहे इस इवेंट की शुरुआंत डांस-मस्ती से हुई। यहां लोगों को प्लास्टिक के नुकसान बताए। बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों के बीच प्लास्टिक को दानव के रूप में पेश किया गया। एक युवक को दानव की शक्ल देकर परिसर में घुमाया जा रहा है। वह प्लास्टिक से दूर रहने का संदेश दे रहा है। कार्यक्रम में पहुंचे मंत्री, सांसद व अन्य सभी जनप्रतिनिधियों ने भी वहां पहुंचे लोगों के साथ पोहे खाए।

Next Post

12 किमी की रफ्तार से चली आंधी, 28 तक एक और सिस्टम हो रहा सक्रिय

Sun May 21 , 2023
उज्जैन, अग्निपथ। प्री मानसून एक्टिविटी होने के चलते रविवार को एक बार फिर शाम के समय आंधी के साथ बारिश होने का योग था। लेकिन बारिश तो हुई नहीं तेज आंधी के कारण फ्रीगंज में दो जंगहों पर पेड़ गिर गये। जिसके चलते दो वाहन क्षतिग्रस्त भी हो गये। अब […]