कांग्रेस पार्षदों ने नगर पालिका के गेट पर जड़ा ताला, भाजपा पार्षदों ने तोड़ा

सीएमओ को हटाने की मांग को लेकर धरने पर बैठे कांग्रेसी पार्षद

धार, अग्निपथ। कांग्रेस पार्षदों के साथ कथित भेदभाव से आक्रोशित धार नगर पालिका परिषद कांग्रेस पार्षद दल ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) के खिलाफ मंगलवार को धरने पर बैठ गए। इस दौरान नपा कार्यालय के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया। इसकी जानकारी लगने पर भाजपा पार्षद भी मौके पर पहुंचे। जहां दोनों दलों के नेताओं के बीच तीखी नोक-झोंक के बाद भाजपा पार्षदों ने मुख्य गेट पर कांग्रेसियों द्वारा लगाए ताले को पत्थर से तोड़ दिया।

कांग्रेस पार्षद और नपा में नेता प्रतिपक्ष करीम कुरैशी अपने पार्षदो के साथ नारेबाजी करते हुए सीएमओ निशिकांत शुक्ला पर विकास कार्यों में भेदभाव और अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए नगर पालिका के मुख्य गेट पर ताला लगाकर धरने पर बैठ गए। कांग्रेस पार्षदों के धरने की सूचना पर कोतवाली टीआई मौके पर पहुंचे और कांग्रेस पार्षदों से चर्चा की।

थाना प्रभारी की समझाईश के बाद भी कांग्रेस पार्षद नही माने और सीएमओं को हटाने की मांग करते रहे। नगर पालिका में ताले लगाने की सूचना पर भाजपा पार्षद भी नगर पालिका पहुंचे जहां कांग्रेस और भाजपा पार्षदों में विवाद हो गया। दोनों ही दलों के पार्षदों में झूमा झटकी शुरु हो गई।

जिसके बाद भाजपा पार्षद विपुल चौैपडा और पार्षद रवि मेहता ने नगर पालिक के मुख्य गेट पर लगे ताले को तोड़ दिया। ताला टूटने के बाद दोनों ही दलों के नेता एक दूसरे के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। विवाद बढता देख एसडीएम वीरेंद्र कटारे और सीएसपी देवेंद्र सिंह धुर्वे और कोतवाली टीआई दीपक चौहान मौके पर पहुंचे और सीएमओ निशिकात शुक्ला और कांग्रेस पार्षदों को कॉन्फ्रेंस हॉल में बैठाकर चर्चा की। नगर पालिका में विवाद की सूचना पर कांग्रेस नेता मनोज सिंह गौतम, कुलदीप सिंह बुंदेला भी अपने समर्थको के साथ मौके पर पहुंचे। कांग्रेस पार्षद दल ने सीएमओं पर विकास में भेदभाव और अभद्रता के साथ कमीशन खोरी के भी आरोप लगाए।

सीएमओं को हटाने की मांग

नेता प्रतिपक्ष ने बताया कि सीएमओ के अभ्रद व्यवहार के कारण आज कांग्रेस के 9 पार्षदों ने धरना दिया था। सीएमओ कांग्रेस पार्षदों की सुनवाई नही करते, कांग्रेस पार्षद के वार्डों में सफाई नहीं हो रही है। वार्ड में पानी के साथ मुलभूत सुविधाओं से जनता वंचित है। सीएमओ के कारण नगर पालिका के कर्मचारी भी किसी की नहीं सुन रहे हैं। शहर में जगह -जगह पर कचरों का ढेर लगा है, कर्मचारियों को वेतन नही मिल रहा है, आवारा पशु सडकों पर घुम रहे है। विपक्ष के साथ पूर्णत: भेदभाव किया जा रहा है। सीएमओं के हटाने तक हमारा आंदोलन जारी रहेगा।

सीएमओ निशिकांत शुक्ला ने बताया कि स्टाफ की और सूचना मिली थी कि कुछ कतिपय लोगों नगर पालिका के मुख्य गेट पर ताला लगाकर प्रर्दशन के साथ कर्मचारियों से अभद्रता कर रहे है। प्रदर्शन कर रहे लोगो ने जनसेवा के लिए आए लोगो को बाहर रोक दिया था जो कानून का उल्लंघन है। पुलिस को मामले की सूचना दी गई है। नेता प्रतिपक्ष के आरोप निराधार है। सभी पार्षदों से समान रूप से मिलता हूंं। पार्षदों से अभ्रदता जैसी बात मेरे संज्ञान में नही है।

विकास के मामले में नहीं भेदभाव: नपा अध्यक्ष

मामले में नगर पालिका अध्यक्ष नेहा बोडाने ने बताया कि सीएमओं और कांग्रेस के पार्षदों के बीच का विवाद था जिसमें कांग्रेस पार्षदों ने नगर पालिका के मुख्य गेट पर ताला लगाया है जो शासकीय कार्य में बाधा है। भाजपा के जनप्रतिनिधि नगर पालिका में काम से आये थे जिन्होंने ताला तोड़ा है। काम करने के समय हमारी परिषद कांग्रेस और भाजपा के वार्ड नही देखती, हमें पूरे धार का विकास करना है।

Next Post

बदनावर की संस्कृति को यूपीएससी परीक्षा में 49वीं रैंक

Tue May 23 , 2023
बदनावर, अग्निपथ। संघ लोकसेवा आयोग (यूपीएससी) परीक्षा के मंगलवार को घोषित परिणाम में बदनावर की बेटी संस्कृति सोमानी ने देश में 49 वीं रैंक हासिल की है। आईआईटी बनारस से बीटेक करने वाली संस्कृति भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) में जाना चाहती है। भारतीय जनता पार्टी के धार जिला अध्यक्ष मनोज […]