कांग्रेस प्रत्याशी ने कलेक्टर को कार्रवाई करने के लिए फोन किया, कार्यकर्ताओं ने पीआईएल लगाने की तैयारी की

फाजलपुरा में महिला के द्वारा फर्जी मतदान का मामला; भाजपा प्रत्याशी अनिल जैन कालूहेड़ा का बिजनेस पार्टनर बताया जा रहा है मनीष पिपाड़ा

उज्जैन, अग्निपथ। फाजलपुरा के सरकारी स्कूल में बूथ नंबर 165 में फर्जी मतदान करने पहुंची लीना जैन नामक महिला का मामला कांग्रेस के लिए गले की फांस बनता जा रहा है। कांग्रेस प्रत्याशी माया राजेश त्रिवेदी ने शुक्रवार रात में कलेक्टर को शिकायत करते तत्काल कार्रवाई करने की मांग की। वहीं महिला को फर्जी मतदान की कोशिश करते पकडऩे वाले कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रशासन द्वारा कार्रवाई नहीं किए जाने पर पीआईएल के माध्यम से केस दर्ज कराने की तैयारी कर ली है।

उत्तर विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी माया राजेश त्रिवेदी ने शुक्रवार रात में कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम को फर्जी मतदान की शिकायत करने वाली महिला के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। उनके प्रतिनिधि अजय शंकर जोशी ने बताया कि कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम ने प्रत्याशी त्रिवेदी को महिला के खिलाफ कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।

वहीं इस मामले में कांग्रेस नेता डॉ जितेंद्र परमार का कहना है कि महिला ने अपने वीडियो में भाजपा प्रत्याशी से जुड़े मनीष पिपाड़ा का नाम बताया था। पुलिस ने महिला को बिना कार्रवाई के छोड़ दिया और पिपाड़ा से भी कुछ पूछताछ नहीं की है। पुलिस और प्रशासन भाजपा नेताओं के दबाव में कार्रवाई नहीं कर रहा है। जबकि बताया जाता है कि मनीष पिपाड़ा भाजपा प्रत्याशी अनिल जैन कालूहेड़ा का बिजनेस पार्टनर है। इसीलिए पुलिस उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। सोमवार को प्राइवेट कंपलेन के माध्यम से शिकायत करके महिला और मनीष पिपाड़ा के खिलाफ केस दर्ज कराने की कार्रवाई की जाएगी।

दिनभर माया के साथ घूमे, रात में भाजपाईयों से मिले

बताया जाता है कि महिला के फर्जी मतदान मामले में दिन भर कांग्रेस प्रत्याशी माया त्रिवेदी के साथ कांग्रेस के पूर्व पार्षद और वर्तमान पार्षद घूमते रहे। लेकिन जैसे ही उनके इलाके में फर्जी मतदान का मामला पकड़ाया तो वे पलटी मार गए और महिला को बचाने में भाजपा नेताओं के साथ मिल गए। इससे कांग्रेस नेताओं में बेहद नाराजगी है। पूरे शहर में दोनों नेताओं को कार्य प्रणाली की चर्चा हो रही है।

भाजपा नेताओं ने चुप्पी साधी

फर्जी मतदान कराने के मामले में भाजपा के मीडिया प्रभारी सचिन सक्सेना, दिनेश जाटवा और अनिल जैन कालूहेड़ा से उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया था। परन्तु तीनों ने फोन बंद कर दिए। वहीं उत्तर विधानसभा के सहायक मीडिया प्रभारी अपूर्व देवड़ा का कहना है कि वे इस मामले में अनिल जैन कालूहेड़ा से संपर्क करके उनका पक्ष भिजवाने की कोशिश कर रहे हैं। देर रात तक अनिल जैन कालूहेड़ा का पक्ष अपूर्व देवड़ा ने नहीं भेजा था।

मैं अस्पताल में हूं। परिवार के किसी सदस्य की तबीयत खराब है। मैंने भी एक वीडियो के बारे में सुना है। परन्तु वीडियो देखा नहीं है। जो महिला मेरा नाम ले रही है उसे मैं जानता नहीं है। न ही कभी मिला हूं।

-मनीष पिपाड़ा, भाजपा नेता के दोस्त

Next Post

चुनाव में लापरवाही बरतने वाले तीन कर्मचारी निलंबित, 7 को नोटिस दिया

Sun Nov 19 , 2023
उज्जैन, अग्निपथ। जिला एवं पुलिस प्रशासन की सजगता समन्वय से विधानसभा चुनाव निर्विघ्न संपन्न हो गए। अब सभी को चुनाव परिणाम का इंतजार है। जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा चुनाव कार्य में लापरवाही करने पर तीन कर्मचारियों को निलंबित करने के आदेश देकर 7 कर्मचारियों को कारण बताओं नोटिस जारी किए […]