गणतंत्र दिवस समारोह के आयोजकों ने विधायक दिनेश जैन के साथ किया अशोभनीय व्यवहार

असहाय नजर आए जिम्मेदार प्रशासनिक अधिकारी

महिदपुर, अग्निपथ। गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह शुक्रवार को स्थानीय कृषि उपज मंडी प्रांगण में आयोजित किया गया। जिसमें जनपद अध्यक्ष कृष्णाबाई सूर्यवंशी द्वारा राष्ट्रध्वज फहराकर सलामी दी गई। समारोह का आयोजन अनुविभागीय अधिकारी के निर्देशन में जनपद पंचायत महिदपुर द्वारा किया गया। गणतंत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व को भी भाजपाइयों व समारोह के आयोजकों ने हल्की राजनीति का अखाड़ा बना दिया। जिससे राष्ट्रीय पर्व की गरिमा तार तार हो गई। आयोजकों ने मंच पर मौजूद कांग्रेस विधायक दिनेश जैन बोस से न केवल अशोभनीय व्यवहार किया, बल्कि उनके प्रति सार्वजनिक रूप से अपशब्दों का भी खुलकर प्रयोग किया गया।

मामले की शुरुआत तब हुई जब स्कूली बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम के बाद पुरस्कार वितरण व सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। झंडावंदन के बाद राष्ट्रगान व मध्य प्रदेश गान के बाद जनपद अध्यक्ष द्वारा मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया गया। समारोह स्थल पर स्कूली बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रंगारंग प्रस्तुति के बाद उत्कृष्ट कार्यो के लिए शासकीय कर्मचारियो, मंडी कमेटी के व्यापारियों व सांस्कृतिक कार्यक्रमों के विजेताओं को पुरस्कार वितरण का कार्यक्रम निर्धारित था।

कार्यक्रम के संचालक द्वारा पुरस्कार वितरण के लिए मंच पर अतिथियों व अधिकारियों को आमंत्रित किया गया। जिस पर विधायक दिनेश जैन बोस, पूर्व विधायक बहादुरसिंह चौहान, जनपद अध्यक्ष कृष्णा सूर्यवंशी, नपा अध्यक्ष नानीबाई माली, नपा उपाध्यक्ष राजाराम कहार, जनपद प्रतिनिधि रीता बडग़ूजर, एसडीओपी सुनील वरकड़े, तहसीलदार आर एल मुनिया, नवागत प्रभारी तहसीलदार मोहम्मद इरशाद खान, जनपद सीईओ मीना झा, मुख्य नगर पालिका अधिकारी सी एस सोनीस मंच पर पहुंचे।

जब पुरस्कार वितरण की बारी आई तो पूर्व विधायक व उनके समर्थक ही हर पुरस्कार देते रहे। इस दौरान विधायक दिनेश जैन को मंच पर अलग-थलग कर दिया गया। यह सब मीडिया कर्मी, आमंत्रितजनं, गणमान्य नागरिकों के साथ-साथ स्कूली बच्चे भी देख रहे थे। जब पानी सिर से ऊपर निकलने लगा तो असहज दिखाई दे रहे विधायक जैन ने इसे अपना अपमान मानते हुए मंच पर मौजूद जनपद सीईओ, प्रभारी तहसीलदार व अन्य प्रशासनिक अधिकारियों से इस बारे में चर्चा करनी चाही।

इतने में मंच पर पूर्व विधायक समर्थक विवाद करने पर उतर आए। बढ़ते विवाद के बीच विधायक जैन ने अधिकारियों से प्रोटोकॉल का पालन करने की बात कही तो पूर्व विधायक के समर्थकों ने विधायक जैन के साथ अशोभनीय व्यवहार किया। जब उपस्थित अधिकारियों ने मामले को शांत करने का प्रयास किया तो पूर्व विधायक चौहान के समर्थकों ने तैश में आकर उन्हें नसीहत दे डाली।

गणतंत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व पर अचानक घटित इस घटनाक्रम से समारोह स्थल पर अफरा तफरी का माहौल बन गया। पूरे घटनाक्रम के दौरान सारे प्रशासनिक अधिकारी असहाय नजर आए व पूरे परिसर में सन्नाटा छा गया। स्कूली बच्चों का उल्लास व उमंग समाप्त हो गया।

Next Post

कांग्रेस पदाधिकारियों ने आमंत्रित तो कर दिया लेकिन ध्वजारोहण नहीं किया

Sat Jan 27 , 2024
सुसनेर, अग्निपथ। राष्ट्रीय पर्व को कांग्रेस नेताओं के लिए कितना मायने रखता है यह बात शुक्रवार को गणतंत्र दिवस के अवसर पर देखने को मिली। कांग्रेस नेताओं ने ब्लॉक शहर कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में गणतंत्र दिवस पर सुसनेर के मोड़ी चौराहा स्थित कांग्रेस के विधानसभा क्षेत्र स्तरीय कार्यालय पर […]