संजय गुप्ता बने उज्जैन संभाग आयुक्त

मध्यप्रदेश में 14 घंटे के अंदर 93 आईएएस-आईपीएस इधर-से-उधर

चुनावी आचार संहिता से पहले थोकबंद ट्रांसफर, 4 जिलों में कलेक्टर, 12 एसपी बदले

भोपाल। लोकसभा चुनाव की आचार संहिता लगने से पहले मध्यप्रदेश थोकबंद तबादले हुए हैं। राज्य सरकार ने शुक्रवार को 14 घंटे के अंदर तीन आदेश में 93 आईएएस-आईपीएस के ट्रांसफर किए हैं। उज्जैन संभाग आयुक्त संजय गुप्ता को बनाया गया है। उन्होंने शुक्रवार शाम को उज्जैन पहुंचकर कार्यभार भी संभाल लिया।

तडक़े करीब 3 बजे पहली लिस्ट में एक साथ 37 आईएएस अफसरों के तबादले किए गए। इसके बाद दोपहर करीब 2 बजे जारी आदेश में एक साथ 47 आईपीएस अधिकारियों को इधर से उधर किया। वहीं शाम करीब 4.30 बजे एक और आदेश में 9 आईएएस अफसरों के ट्रांसफर कर दिए गए। संजय गोयल की जगह संजय गुप्ता को उज्जैन का कमिश्नर बनाया। संजय गुप्ता श्रम आयुक्त थे। वहीं संजय गोयल को सचिव तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार के रूप में पदस्थ किया गया है।

तडक़े करीब 3 बजे जारी आदेश में 37 आईएएस इधर से उधर

इससे पहले शुक्रवार तडक़े करीब 3 बजे जारी आदेश में 37 आईएएस के तबादला आदेश जारी किए गए। इसमें शहडोल, सिंगरौली, पन्ना और गुना के कलेक्टर बदले गए हैं। इसके साथ ही शहडोल में नए कमिश्नर के रूप में बाबू सिंह जामोद की पदस्थापना की गई है। गुना कलेक्टर अमनबीर सिंह बैंस की जगह सतेंद्र सिंह को नया कलेक्टर बनाया गया है। इसके अलावा सुरेश कुमार को पन्ना, तरुण भटनागर को शहडोल, चंद्रशेखर शुक्ला को सिंगरौली कलेक्टर के रूप में पदस्थ किया गया है।

गुना बस हादसे के बाद कलेक्टर बनाए गए थे बैंस

अमनबीर सिंह बैंस को दो माह पहले हुए बस हादसे के बाद गुना कलेक्टर पदस्थ किया गया था। पन्ना और सिंगरौली के कलेक्टर की पदस्थापना विधानसभा चुनाव के पहले की गई थी। सरकार ने इन दोनों जिलों के कलेक्टरों को भी बदल दिया है। शहडोल कलेक्टर वंदना वैद्य का 3 साल का कार्यकाल सितंबर में पूरा होने वाला था, उन्हें भी सरकार ने हटा दिया है।

सिंधिया की नाराजगी के बाद हटाए गए गुना कलेक्टर

अमनबीर सिंह बैंस को केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की नाराजगी के बाद हटाया गया है। पिछले दिनों गुना में जन आभार यात्रा के दौरान सिंधिया मंच से ही कलेक्टर और एसपी पर भडक़ गए थे। जब सिंधिया संबोधित कर रहे थे तब कलेक्टर और एसपी मंच पर नहीं थे। सिंधिया ने कहा था- इधर मंच पर रहो, नीचे नहीं जाने का.. एसपी कहां हैं? बुलाओ एसपी को.. मंच पर खड़े रहो दोनों..।

पूर्व गृह मंत्री के दामाद को लूप लाइन में भेजा

पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के दामाद और कृषि विपणन बोर्ड के प्रबंध संचालक श्रीमन शुक्ल को लूप लाइन में भेजा गया है। उनको योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग का सचिव बनाया गया है। डॉ. मोहन यादव के मुख्यमंत्री बनने के बाद लूप लाइन में डाले गए आईएएस विवेक पोरवाल की मेन स्ट्रीम में वापसी हुई है। उनको लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग का प्रमुख सचिव बनाया गया है। इसी के साथ खाद्य सुरक्षा आयुक्त भी नियुक्त किया गया है।

सतना, इंदौर और भोपाल के निगम आयुक्त भी बदले

राज्य शासन ने सतना नगर निगम आयुक्त के पद पर शेर सिंह मीना, इंदौर नगर निगम आयुक्त पद पर शिवम वर्मा और भोपाल नगर निगम आयुक्त के पद पर हरेंद्र नारायण की पदस्थापना की है। इसके अलावा लोक शिक्षण आयुक्त के पद पर शिल्पा गुप्ता को पदस्थ किया गया है। अनुभा श्रीवास्तव प्रमुख राजस्व आयुक्त बनाई गई हैं।

Next Post

मध्यप्रदेश: कर्मचारियों को 4% DA वृद्धि, पेंशनर्स को इंतजार

Fri Mar 15 , 2024
केंद्र से अब भी 4 प्रतिशत कम, मार्च की सैलरी में मिलेगा लाभ भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार ने शुक्रवार को प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों के महंगाई भत्ता में 4 प्रतिशत की बढ़ोतरी के आदेश जारी कर दिए है। महंगाई भत्ता 42 प्रतिशत से बढक़र 46 प्रतिशत हो गया है। आदेश में […]