कानीपुरा मार्ग पर अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को कुचला

उज्जैन, अग्निपथ। बीती रात कानीपुरा मार्ग पर अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया। युवक बुरी तरह घायल हो गया था। उसे जिला अस्पताल लाया जाता, रास्ते में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बाइक नबंर से उसकी पहचान की गई। रात में ही परिजन जिला अस्पताल पहुंच गये थेे।

चिमनगंज थाना पुलिस ने बताया कि कनीपुरा मार्ग पर बाइक पर सवार युवक को अज्ञात वाहन कुचलने के बाद मौके से फरार हो गया था। लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। युवक गंभीर रूप से घायल था, उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। बाइक नबंर से उसकी पहचान के प्रयास करने पर सामने आया कि बडनग़र के ग्राम लिम्बोदा का रहने वाला हर्ष पिता भारतसिंह पटेल (23)है। परिजन जानकारी मिलने पर जिला अस्पताल पहुंच गए थे।

गुरूवार सुबह पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया। इस दौरान परिजनों ने बताया कि हर्ष खेती किसानी करता था और परिचित के यहां शादी होने पर तराना तहसील के ग्राम करंज जा रहा था। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार के लिए सौंपा।

पिछले एक सप्ताह में सडक़ दुर्घटना के दौरान 10 लोगों की जान जा चुकी है। दुर्घटना रात के समय अधिक हुई है। 2 दुर्घटना का समय सुबह का होना सामने आया है। जो इंदौररोड पर हुई थी। पुलिस ने दो दुर्घटना में शामिल वाहनों को जप्त किया है। सात दुर्घटना में शामिल वाहन अज्ञात है, जिनकी तलाश कर चालक को गिरफ्तार करने के प्रयास जारी है।

दुर्घटना में घायल युवक ने तोड़ा दम

बुधवार शाम देवासरोड डीआरपी लाइन के सामने एक्टिवा और बाइक भिड़ंत में बाइक सवार आर्यन पिता राजेश मिश्रा (17) निवासी महाशक्तिनगर गंभीर घायल हो गया था। उसके साथी महेश पिता अशोकराव (27) और एक्टिवा पर सवार प्रेमलता पति बलराम (47) उसका पुत्र आदित्य और पुत्री अंजली भी घायल हुए थे। आर्यन को उपचार के लिये निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां गुरूवार दोपहर को उसकी मौत हो गई। माधवनगर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम कक्ष में रखा है। शुक्रवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

क्षिप्रा नदी में डूबने से कल्याणपुरा के युवक की मौत

उज्जैन, अग्निपथ। शादी समारोह में बैंड बजाने आया युवक गुरूवार दोपहर गांव से गुजर रही क्षिप्रा नदी में नहाने चला गया। उसे तैराना नहीं आता था। नहाते समय गहराई में जाने से डूब गया। एक घंटे की तलाश के बाद उसका शव बाहर निकाला गया।

नरवर थाना पुलिस ने बताया कि कल्याणपुरा में रहने वाले परिवार में शादी थी। उन्होने धार से बैंड बुलवाया था। 8 लोग दोपहर में गांव पहुंचे थे। जिसमें शामिल विनोद पिता विक्रम (21) सादलपुर धार समीप क्षिप्रा नदी में नहाने चला गया। उसे तैराना नहीं आता था, वहीं उसे गहराई का अंदेशा भी नहीं था। गहराई में जाने पर वह डूब गया।

वापस नहीं लौटने पर उसके साथी नदी किनारे पहुंचे। जहां कपड़े और जूते किनारे पर देख डूबने की आशंका जताई गई। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू की गई। करीब एक घंटे की तलाश के बाद उसका शव बाहर निकाला गया। मामले में मर्ग कायम कर शव जिला अस्पताल लाया गया है। परिजनों के आने पर पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

Next Post

उज्जैन के 16 निजी स्कूलों को 2-2 लाख का जुर्माना

Thu Apr 18 , 2024
कापी-किताबों में सांठगांठ का मामला उज्जैन, अग्निपथ। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर कलेक्टर ने पिछले दिनों फ्लाइंग स्क्वाड बनाकर अधिकारियों की टीम स्कूलों में जांच करने भेजी तो 16 स्कूलों में अनियमितताएं मिली। यहां कॉपी-किताबें व यूनिफॉर्म खरीदी सहित कई मामलों में धांधली टीम को मिली। […]