महाकालेश्वर मंदिर: अच्छी बारिश के लिए सौमिक अनुष्ठान प्रारम्भ

अरणी मंथन से अग्नि प्रज्वलित कर सोम यज्ञ प्रारंभ छह दिनों तक औषधियुक्त आहूति दी जायेगी

उज्जैन, अग्निपथ। श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति द्वारा जन कल्याण के लिए सौमिक सुवृष्टि अग्निष्टोम सोमयाग का आयोजन 4 मई से प्रारंभ हो गया है। छह दिनों के अनुष्ठान के दौरान प्रतिदिन यज्ञ में औषधियुक्त आहूतियां डाली जाएगी। इसके पूर्व यह सोमयाग सोमनाथ ज्योर्तिलिंग व श्री ओमकारेश्वर-ममलेश्वर ज्योर्तिलिंग में किया गया है।

श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति द्वारा पूर्व में समय-समय पर उत्तम जलवृष्टि के लिए पर्जन्य अनुष्ठान के आयोजन किये गये हैं। इसी तारतम्य में जन कल्याण हेतु सौमिक सुवृष्टि अग्निष्टोम सोमयाग का आयोजन श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति द्वारा 4 से 9 मई तक (क्रोधीनाम संवत्सरे चैत्र कृष्ण एकादशी से वैशाख शुद्ध द्वितीया तक) श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रागंण में किया जा रहा है। पूर्व में यह सोमयाग श्री सोमनाथ व श्री ओमकारेश्वर-ममलेश्वर ज्योतिर्लिंग में किया जा चुका है। यह सोमयाग क्रमश: लगभग सभी ज्योतिर्लिंगों पर किये जाने की योजना हैं। वेदाहि यज्ञार्थं अभिप्रवृत्ता यानि आने वाले वर्षा ऋतु में सुवितरित सुवृष्टि हेतु अलौकिक वैदिक श्रौत यज्ञ का आयोजन होता है।

4 मई शनिवार को सौमिक सुवृष्टि अग्निष्टोम सोमयाग के प्रथम दिवस सुबह 6.15 बजे अग्निहोत्री दीक्षित दम्पति केतन शाहने, यज्ञाचार्य श्री चैतन्य नारायण काले व अग्निहोत्री विजय मनेरीकर ने श्री महाकालेश्वर भगवान का पूजन -अभिषेक किया।

9 बजे से याग विहार में गणपति पूजन, पुण्यावाचन के बाद अरणी मंथन के माध्यम से अग्नि प्रज्वलित कर, अग्निस्थापना करके अग्निहोत्र होम, संकल्प, प्रायश्चित, यज्ञवेदी प्रवेश करके प्रथम अग्निहोत्री यजमान जी को दिक्षणीय इष्टी से यज्ञ दीक्षा का प्रारंभ से हुवा।

शाम 5 बजे से यज्ञतनु बनाने की विधि प्रारंभ हुई। जिसमे मन्त्र दीक्षा, वाक् दीक्षा, दण्ड अजिन मेखला धारण आदि करवाकर इस याग में विधि पूर्वक दीक्षा ग्रहण के पश्यात याग के प्रथम दिवस का समापन हुआ। इस दौरान स्वामी नृसिंह विजयेन्द्र सरस्वती, श्री पंचायती महानिर्वाणी अखाड़े के महंत विनित गिरी , स्वांमी असंगानंद, स्वामी प्रणव पुरी, स्वामी श्री शाम दादा, अक्षय कृषि परिवार के गजानन डागे आदि सम्मिलित हुए।

सोमयाग महाराष्ट्र के जिला सोलापुर के कासारवाडी तालुका बर्शी के विद्वान पं. चैतन्य नारायण काले के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। पं. काले ने बताया कि, इस सोमयज्ञ के ऋत्विक ब्राह्यण वेदाध्ययन सहित विशिष्ट श्रौत यज्ञों में प्रशिक्षित प्राविण्य प्राप्त होना संकल्पपुर्ति कामनापूर्ति के लिए अत्यावश्यक है। अगर ऋत्विक भी नित्य अग्निहोत्री अग्नि उपासक हो तो यज्ञ का फल द्विगुणित प्राप्त होता है। सोमयाग में 16 ऋत्विक के साथ एक अग्निहोत्री दीक्षित दम्पत्ति यजमान के रूप में समाज के प्रतिनिधि स्वरूप सम्मिलित हुई है।

तीन दिन तक प्रवग्र्य विधि होगी

सोमयाग में दूसरे, तीसरे व चौथे दिन प्रवग्र्य नाम की विधि होती है। प्रवग्र्य विधि में महावीर पात्र नामक मिट्टी के पात्र में शुद्ध देसी गाय का घी उबाल कर उसमें गाय और बकरी का ताजा दूध निकाल कर आहुति दी जाती है। उसमें से एक अत्यंत तेजस्वी अग्नि ज्योत अग्निस्तंभ के रूप में प्रकट होती है। यह एक सनातन वैदिक सोमयज्ञों में धरा को आदित्य से दिव्यता को जोडऩे की वैज्ञानिक प्रक्रिया मानी जाती है। द्वितीय, तृतीय व चतुर्थ दिवस प्रतिदिन दो-दो प्रवग्र्य होगे। सम्पूर्ण याग के दौरान कुल 6 प्रवग्र्य किये जायेगे। सोमयाग के द्वितीय दिवस रविवार को 12 से 1 के बीच व शाम 5 से 6 के बीच प्रवग्र्य विधि संपन्न की जायगी।

नंदी मंडपम में होगा महा-रुद्राभिषेक अनुष्ठान, 10 तक चलेगा

जन कल्याण की भावना से 5 से 10 मई तक श्री महाकालेश्वर मंदिर के शासकीय पुजारी पं. श्री घनश्याम शर्मा के आचार्यत्व में महारूद्राभिषेक का आयोजन किया गया है। पुजारी प्रदीप गुरु ने बताया कि श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति द्वारा प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी छह दिवसात्मक महा-रुद्राभिषेक का अनुष्ठान किया जा रहा है। यह अनुष्ठान प्रात: 11 से दोपहर 2 बजे तक श्री महाकालेश्वर मंदिर के पुजारी एवं पुरोहितों के माध्यम से संपन्न किया जाएगा। जिसमे कुल 22 ब्राह्मण सम्मिलित होंगे।

Next Post

दौलतगंज होलसेल किराना मर्चेन्ट एसोसिएशन के चुनाव हुए, रोहरा तीसरी बार अध्यक्ष बने

Sat May 4 , 2024
उज्जैन, अग्निपथ। दौलतगंज होलसेल किराना मर्चेन्ट एसोसिएशन के चुनाव हुए। जिसमें अजय रोहरा लगातार तीसरी बार निर्विरोध अध्यक्ष बनें। कोषाध्यक्ष दीपक मेड़तवाल ने बताया कि अध्यक्ष पद के लिए चेतन गुरनानी ने पूर्व अध्यक्ष अजय रोहरा का नाम प्रस्तावित किया। जिसका समर्थन नवनीत गुप्ता ने किया। तय समय में अन्य […]