मजदूरों से भरा ओवरलोड ऑटो पलटा, दो की मौत

घाट उतरते समय हुआ हादसा, 30 मजदूर थे सवार

रतलाम, अग्निपथ। जिले के पिपलौदा में मजदूरों से भरा ओवरलोड ऑटो पलटी खा गया। हादसे में दौ की मौत हो गई। जबकि 10 लोग घायल हो गए। घटना सोमवार शाम पिपलौदा क्षेत्र के शेरपुर-अमरगढ़ रोड पर बड़ीनाल का घाट उतरते समय हुई है।

ग्राम मऊड़ीपाड़ा से 30 से ज्यादा मजदूर ऑटो से सोमवार सुबह 6 बजे प्याज काटने के लिए पिपलौदा गए थे। दिनभर प्याज काटने के बाद शाम को उसी ऑटो में सवार होकर वापस निकले। रास्ते में घाट से उतरते समय मजदूरों से भरा ऑटो पलटी खा गया। घटना में पायल (17) पिता भेरू डामर व सीता (30) पति सत्तू गणावा दोनों निवासी मऊड़ीपाड़ा की मौत हो गई। ऑटो खारी निवासी कैलाश चला रहा था।

एक किमी का घाट

घायल रुपा पति कांति डामर निवासी बाउड़ीखेड़ा ने बताया कि रोज की तरह प्याज काटने पिपलौदा गए थे। शाम को करीब 5 बजे वापस निकले। घाट उतरते समय ऑटो पलटी खा गया। ऑटो में करीब 30 मजदूर सवार थे। 1 किमी का घाट है। रोज घाट उतारते व चढ़ाते समय उतारता था। ऑटो चालक को उतारने को बोला था। लेकिन उसने उतारा नहीं।

यह हुए घायल

हादसे में रामी (50) पति फणिया मुनिया, मीरा (65) पति रावजी गणावा, विक्रम (13) पिता फणजी मुनिया, गीता (14) पिता सत्तू गणावा, मीरा (45) पिता भेरू डामर, रेशम (14) पिता बद्री गणावा, रूपा (45) पति कांति डामर, संगीता (32) पति कैलाश डामर, जमना (35) पति प्रकाश गणावा, सुका (17) पति भेरू डामर को रतलाम जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।

सैलाना क्षेत्र में पूर्व में इस तरह के हादसे हो चुके है

5 फरवरी 24 को सैलाना जनपद क्षेत्र की ग्राम पंचायत कोलपुरा निवासी सुनीता (16) पिता शंकर चरपोटा की ओवरलोड वाहन से गिरने से मौत हो गई थी। उस समय युवती पिपलौदा क्षेत्र के ग्रामीण अंचल में फसल कटाई के लिए जा रही थी। हादसा ग्राम बोदिना के समीप सैलाना-जावरा मार्ग पर हुआ था।

सैलाना, बाजना व पिपलौदा क्षेत्र में ऑटो से लेकर जीप में भी तय सीट से ओवरलोड मजदूरों को बैठाया जाता है। पुलिस थानों के सामने से भी ओवरलोड वाहन निकलते है। लेकिन कोई रोट-टोक करने वाला नहीं होता है। तीन माह पहले सैलाना क्षेत्र में हुई घटना के बाद जिम्मेदारों ने कुछ दिन कार्रवाई की। लेकिन फिर ठंडे बस्ते में डाल दिया।

Next Post

आग की चपेट में आने से महिला की मौत

Tue May 7 , 2024
पिछले पांच दिनों से चल रहा था इलाज देवास, अग्निपथ। खाना बनाने के समय एक महिला आग की चपेट में आ गई थी। पिछले पांच दिनों से महिला का उपचार अमलतास अस्पताल में चल रहा था। बीती रात महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई। मंगलवार को जिला अस्पताल […]