जिला चिकित्सालय के निरीक्षण में क्षेत्रीय संचालक स्वास्थ्य सेवाएं डॉ.पिप्पल को स्पेशलिस्ट डॉक्टर्स अनुपस्थित मिले

निरीक्षण प्रतिवेदन बनाकर सिविल सर्जन से मांगा जायेगा स्पष्टीकरण

उज्जैन, अग्निपथ। जिला चिकित्सालय में प्रदान की जा रही स्वास्थ्य सेवाओं के पर्यवेक्षण एवं प्रदान की जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता की जांच के लिये क्षेत्रीय संचालक स्वास्थ्य सेवाएं डॉ.दीपक पिप्पल द्वारा जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उनको ओपीडी में क्लास-1 डॉक्टर्स ड्यूटी से अनुपस्थित मिले। सिविल सर्जन से इसका स्पष्टीकरण मांगा जायेगा।

संयुक्त संचालक स्वास्थ्य सेवाएं डॉ. पिप्पल ने मंगलवार की शाम को निरीक्षण के दौरान मरीजों को प्रदान की जा रही स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया एवं विभिन्न वार्डों का अवलोकन कर नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, पेयजल आपूर्ति व गर्मी से बचाव के लिये पंखे-कूलर आदि व्यवस्थाओं के दिशा-निर्देश सम्बन्धित अधिकारी को दिये। इसके साथ ही उन्होंने भीषण गर्मी में आने वाले मरीजों को गुणवत्तापूर्वक स्वास्थ्य सेवाएं तुरन्त उपलब्ध कराने के सख्त निर्देश दिये। उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि स्वास्थ्य विभाग गर्मी से बचाव सम्बन्धित दिशा-निर्देश सतत जारी करे, जिससे नागरिक लू से होने वाली स्वास्थ्य सम्बन्धी समस्याओं के प्रति जागरूक रहें। निरीक्षण के दौरान आरएमओ डॉ.नीतराज गौड़, डॉ.सव्यसाची तिवारी, दिलीप सिंह सिरोहिया उपस्थित थे।

स्पष्टीकरण के बाद कार्रवाई

जानकारी के अनुसार डॉ. पिप्पल जब सेठी बिल्डिंग में संचालित ओपीडी में पहुंचे तो शाम के समय यहां पर उनको एमबीबीएस डॉक्टर्स तो ड्यूटी पर मिले लेकिन स्पेशलिस्ट डॉक्टर्स नौकरी पर उपस्थित नहीं मिले। लिहाजा निरीक्षण प्रतिवेदन बनाकर सिविल सर्जन से इन डॉक्टर्स के बारे में स्पष्टीकरण मांगा जायेगा।

इनका कहना

दिन की तरह शाम को भी मरीजों को स्पेशलिस्ट डॉक्टर्स की सेवाएं मिलना चाहियें। निरीक्षण के दौरान वह नहीं पाये गये। निरीक्षण प्रतिवेदन भेजकर स्पष्टीकरण मांगा जायेगा।
-डॉ. दीपक पिप्पल, संयुक्त संचालक स्वास्थ्य सेवाएं उज्जैन

Next Post

क्रेडिट कार्ड का डाटा लेकर ठगी करने वाले 3 आरोपी हिरासत में

Wed May 29 , 2024
गाजियाबाद से उज्जैन लाई राज्य सायबर सेल की टीम उज्जैन, अग्निपथ। क्रेडिट कार्ड रिवार्ड पाइंट बढ़ाने का झांसा देकर सेवानिवृत्त अधिकारी के साथ हुई लाखों की ऑनलाइन धोखाधड़ी में शामिल गैंग के 3 आरोपियों को उत्तरप्रदेश के गाजियाबाद से राज्य सायबर सेल की टीम ने गिरफ्तार किया है। गैंग के […]