564 पॉइंट की बढ़त के साथ सेंसेक्स पहली बार 52 हजार के पार, बैंकिंग शेयरों में सबसे ज्यादा खरीदारी

मुंबई। शेयर बाजार में अच्छे घरेलू संकेतों के चलते रिकॉर्ड बढ़त है। BSE सेंसेक्स सोमवार को पहली बार 52,100 के स्तर पार कर गया है। इसी तरह निफ्टी इंडेक्स ने भी 15,300 के पार कारोबार कर रहा है। बाजार की बढ़त में बैंकिंग शेयर सबसे आगे हैं। निफ्टी बैंक इंडेक्स 719 अंक चढ़कर 36,828.30 पर कारोबार कर रहा है।

दोपहर 12:30 बजे सेंसेक्स 564 अंकों की बढ़त के साथ 52,108.63 पर कारोबार कर रहा है। कारोबार के दौरान इंडेक्स ने हाइएस्ट लेवल 52,141.67 को भी छुआ। इंडेक्स में सबसे ज्यादा बजाज फाइनेंस का शेयर 3.41% की बढ़त के साथ कारोबार कर रहा है। इसी तरह ICICI बैंक और एक्सिस बैंक के शेयरों में भी 2-2% से ज्यादा की बढ़त है।

एक्सचेंज पर 2,815 शेयरों में कारोबार हो रहा है। इसमें 1,512 शेयरों में बढ़त और 1,166 शेयरों में गिरावट है। लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप भी 205.45 लाख करोड़ रुपए हो गया है। यह 12 फरवरी को 203.92 लाख करोड़ रुपए रहा था।

मजबूत घरेलू संकेत: जनवरी में रिटेल महंगाई दर मापने वाला कंज्युमर प्राइस इंडेक्स (CPI) 4.06% रहा, जो दिसंबर में 4.59% रहा था। इसकी मुख्य प्रमुख वजह सब्जी सहित खाने-पीने की कीमत में कमी रही। सालाना आधार पर जनवरी में सब्जियों के दाम 15.84% कम हुए। नेशनल स्टैटेस्टिकल ऑफिस (NSO) के मुताबिक दिसंबर में इंडस्ट्रियल प्रोडक्शन इंडेक्स (IIP) भी 1% बढ़कर 135.9 रही। इसके अलावा जनवरी में GST कलेक्शन भी रिकॉर्ड 1.20 लाख करोड़ रुपए रहा।

अच्छे तिमाही नतीजे: निफ्टी इंडेक्स में शामिल प्रमुख कंपनियों ने दिसंबर तिमाही के अच्छे नतीजे पेश किए हैं। इसमें रिलायंस इंडस्ट्रीज, HDFC बैंक और ICICI बैंक सहित प्रमुख कंपनियां शामिल हैं। कंपनियों को फेस्टिव सीजन का भी सपोर्ट मिला। इसके अलावा कोरोना संक्रमितों के मामले भी लगातार घट रहे हैं। देश में वैक्सीनेशन दूसरा चरण भी शुरु हो गया है।

एशियाई बाजार में मजबूत बढ़त

दुनियाभर में आर्थिक रिकवरी और कोरोना वैक्सीन की पहुंच से शेयर बाजार में अच्छी बढ़त है। जापान का निक्केई इंडेक्स 349 अंक यानी 1.18% ऊपर कारोबार कर रहा है। इसी तरह कोरिया का कोस्पी और ऑस्ट्रेलिया का ऑल ऑर्डिनरीज इंडेक्स में 1-1% की बढ़त है। वहीं, निवेशकों ने शुक्रवार को अमेरिकी बाजारों में एनर्जी, फाइनेंशियल और मैटेरियल शेयर खरीदे और बड़े टेक्नोलॉजी शेयर बेचे थे। इसके चलते S&P 500 और नैस्डैक इंडेक्स रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुए थे।

शुक्रवार को सपाट बंद हुआ था बाजार
शेयर बाजार 12 फरवरी को सपाट बंद हुआ था। BSE सेंसेक्स 12.78 अंक ऊपर 51,544.30 पर और निफ्टी 10 अंक नीचे 15,163.30 पर बंद हुए थे। NSE के प्रोविजनल डेटा के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने 37.33 करोड़ रुपए के शेयर बेचे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने 597.62 करोड़ रुपए के शेयर बेचे थे।

Next Post

खेत से रास्ते के विवाद में हत्या: उज्जैन के खरड़िया मानपुर गांव में युवक की दराते से हत्या; गांव वालों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले किया

Mon Feb 15 , 2021
उज्जैन। यहां से करीब 65 किमी दूर खेत से रास्ते के विवाद में सोमवार सुबह एक युवक की हत्या कर दी गई। गांव वालों ने हत्या के आरोपी को भागते समय पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त हथियार जब्त कर आरोपी से पूछताछ कर रही […]