बंगाल-असम में दूसरे चरण का मतदान: 69 सीटों पर वोटिंग शुरू

नंदीग्राम में मुख्य मंत्री ममता बनर्जी और शुभेंदु के भाग्य का आज फैसला

नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल और असम की 69 सीटों पर दूसरे फेज के चुनाव के लिए वोटिंग शुरू हो गई है। बंगाल चुनाव की सबसे चर्चित नंदीग्राम सीट पर भी मतदान हो रहा है। इस सीट पर लड़ाई CM ममता बनर्जी और पूर्व मंत्री शुभेंदु अधिकारी के बीच है। चुनाव प्रचार शुरू होने से लेकर अब तक ये सीट सबसे ज्यादा फोकस में रही है।

ममता के लिए ये सीट उनके आत्मसम्मान का मुद्दा है तो शुभेंदु अधिकारी ने ममता को 50 हजार वोटों से हराने का दावा किया है। शुभेंदु कह चुके हैं कि यदि ममता को नहीं हरा पाए तो राजनीति छोड़ देंगे। उन्होंने पिछले साल दिसंबर में TMC छोड़कर BJP का हाथ थामा था। हाईप्रोफाइल सीट होने के कारण नंदीग्राम में हिंसा होने की संभावना भी ज्यादा है, इसलिए यहां धारा 144 लगा दी गई है।

बंगाल चुनाव में नंदीग्राम की अहमियत क्या है?
बंगाल में राजनीति का सबसे बड़ा अखाड़ा बन चुका नंदीग्राम एक छोटा सा उनींदा कस्बा है। यहां पहुंचते ही डामर की सड़क के दोनों तरफ कच्ची-पक्की दुकानें नजर आती हैं, लेकिन चुनावी माहौल का रंग यहां बाकी बंगाल से गहरा नजर आता है। थोड़ी ही देर में यह एहसास होने लगता है कि यहां से राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी चुनाव लड़ रही हैं।

दरअसल, नंदीग्राम बंगाल की राजनीति में बदलाव का प्रतीक है। इसका इतिहास क्रांतिकारियों से जुड़ा है। आधुनिक भारत का यही एकमात्र इलाका है, जिसे दो बार आजादी मिली है। 1947 से पहले, यहां के लोगों ने इस इलाके को अंग्रेजों से कुछ दिनों के लिए मुक्त करा लिया था। बदलाव का प्रतीक इसलिए क्योंकि एक दशक पहले ममता बनर्जी नंदीग्राम के बल पर ही सत्ता हासिल करने में कामयाब रही थीं।

ममता और शुभेंदु के लिए नंदीग्राम में क्या दांव पर है?

  • वरिष्ठ पत्रकार शुभाशीष मोइत्रा कहते हैं, ‘बंगाल की राजनीति में पहले मोदी वर्सेज ममता टाॅप पर था, लेकिन ममता के नंदीग्राम से लड़ने के ऐलान के बाद सियासी लड़ाई ममता वर्सेज शुभेंदु की तरफ शिफ्ट हो गई। ममता खुद भी चाहती थीं कि ऐसा हो ताकि वे अपने मां, माटी और मानुष के नारे को खाद-पानी दे सकें।’दूसरी तरफ शुभेंदु अधिकारी नंदीग्राम से विधायक हैं। पूर्व मेदिनीपुर उनका अपना गढ़ रहा है। वे ममता को यहां से हराने का ऐलान कर चुके मोइत्रा कहते हैं, ‘अगर शुभेंदु यहां से जीत दर्ज करते हैं तो भाजपा को पर्याप्त सीटें मिलने की स्थिति में वे बंगाल के मुख्यमंत्री भी हो सकते हैं।’
  • सीनियर जर्नलिस्ट शिखा मुखर्जी कहती हैं, ‘निश्चित रूप से ममता बनर्जी का ये मास्टरस्ट्रोक है। BJP के पास बंगाल में अपना कोई मजबूत चेहरा नहीं है। वह शुभेंदु के सहारे ही इलेक्शन कैंपेन में ताकत झोंक रही है। वहीं TMC की कोशिश ये थी कि शुभेंदु को नंदीग्राम में ही रोक लिया जाए। इसमें वो बहुत हद तक कामयाब भी दिख रही है।’
  • वरिष्ठ पत्रकार प्रभाकर मणि तिवारी कहते हैं, ‘ममता CM हैं, इसलिए उन्हें थोड़ा फायदा तो मिलेगा, लेकिन नंदीग्राम में शुभेंदु की भी जमीनी पकड़ कम नहीं है। यदि ममता नंदीग्राम हारती हैं तो समझिए वे बंगाल हार रही हैं।’

नंदीग्राम में CCTV लगाए, वेबकास्टिंग भी


बंगाल में आज 30 सीटों पर वोटिंग हो रही है। इसमें दक्षिण 24 परगना की 4, बांकुरा की 8, पूर्वी मेदिनीपुर 9, पश्चिम मेदिनीपुर की 9 सीटें हैं। 30 सीटों के लिए 171 प्रत्याशी मैदान में हैं। इनमें 152 पुरुष और 19 महिलाएं हैं। 3,210 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं, जिनमें से 1,937 जिलों में हैं। चार विधानसभाओं में सुरक्षाकर्मियों की 800 कंपनियां तैनात की गई हैं। इसमें से 22 कंपनी अकेले नंदीग्राम में रहेंगी। संवेदनशील बूथ पर 2 सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे। चुनाव को पारदर्शी बनाने के लिए नंदीग्राम के पोलिंग बूथ पर CCTV लगाए गए हैं। यहां चुनावों की वीडियोग्राफी और वेबकास्टिंग भी होगी।


डेबरा सीट पर दो IPS आमने-सामने
नंदीग्राम के बाद पश्चिम बंगाल की डेबरा सीट भी हाईप्रोफाइल है। इस सीट पर दो IPS अधिकारी आमने-सामने हैं। BJP ने यहां से पूर्व IPS भारती घोष को टिकट दिया है। TMC ने भी पूर्व IPS हुमायूं कबीर को मैदान में उतारा है। बंगाल में 294 सीट हैं, जिसमें से 30 सीटों पर पहले फेज में चुनाव हो चुके हैं। आज दूसरे फेज में 30 सीटों पर चुनाव हैं।

असम में BJP से टिकट न मिलने पर निर्दलीय लड़ रहे पूर्व डिप्टी स्पीकर
असम की 39 सीटों पर गुरुवार को वोटिंग हो रही है। इन सीटों पर 345 प्रत्याशी मैदान में हैं। दूसरे फेज में 4 मंत्री और डिप्टी स्पीकर भी चुनाव लड़ रहे हैं। धोलाई सीट से मंत्री परिमल सुकलाबैद्य BJP के टिकट पर सातवीं बार चुनाव लड़ रहे हैं। रंगिया से भाबेश कलिता, जगीरोड से पीजूष हजारिका और सोनाई सीट से डिप्टी स्पीकर अमीनुल हक लश्कर चुनाव लड़ रहे हैं। BJP से टिकट न मिलने पर पूर्व डिप्टी स्पीकर दिलीप कुमार पॉल सिलचर से निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं।



असम में आज वोट डालेंगे 73,44,631 मतदाता
पूर्व मंत्री गौतम राय कांग्रेस के टिकट से कटीगोरा से चुनाव लड़ रहे हैं। राज्यसभा सांसद बिस्वजीत दैमारी पानेरी से और असम साहित्य सभा के अध्यक्ष परमानंद राजबोंगशी सिपाझर से चुनाव लड़ रहे हैं। चुनाव आयोग के मुताबिक असम की 39 सीटों पर 73,44,631 वोटर्स मतदान करेंगे। इसमें 37,34,537 पुरुष, 36,09,959 महिलाएं और 135 वोटर ट्रांसजेंडर हैं। सबसे ज्यादा मतदाता होजाई सीट में हैं। यहां 2,65,886 मतदाता और 373 पोलिंग स्टेशन हैं।

बांग्लादेश की सरहद से लगीं सीटों पर भी चुनाव
दूसरे फेज की 39 में से 15 सीटें बराक वैली की हैं। 2016 चुनाव में BJP ने इनमें से 8 सीटें जीती थीं। इनमें से 6 चहर जिले और 2 करीमगंज की थीं। ये सीटें इसलिए भी खास हैं कि क्योंकि इनसे बांग्लादेश की सीमा लगती है। 2016 चुनाव में BJP गठबंधन ने 126 में से 86 सीट जीतकर असम में सरकार बनाई थी। उन्होंने 15 साल से शासन कर रही तरुण गोगोई सरकार को उखाड़ फेंका था। इससे पहले 47 सीटों पर पहले फेज में चुनाव हो चुके हैं।

Next Post

आज से पानी महंगा: लगभग दोगुनी हुई जलकर की दर

Thu Apr 1 , 2021
उज्जैन। नगर निगम ने एक अप्रैल से जलकर में लगभग दोगुना वृद्धि कर दी है । 8 एमएम के घरेलू नल कनेक्शन वाले उपभोक्ताओं को अब 120 की बजाए हर माह 230 रुपए जलकर का भुगतान करना होगा। कुल मिलाकर जनता की जेब पर सालाना 1320 रुपए ज्यादा खर्च का […]